आयुष्मान कार्ड (Ayushman Card) बनाने के लिए आम लोगों को काफी मशक्कत करनी पड़ती है. सरकारी सुविधा के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने पड़ते हैं. लेकिन सरकार की नई पहल ने अब आयुष्मान कार्ड बनाना और भी आसान कर दिया है वह भी सरकारी दफ्तर जाए बिना और न ही हेल्पलाइन पर कॉल किए बिना. इसके लिए सरकार ने स्पेशल 'आयुष्मान सारथी' नाम का एक WhatsApp चैटबॉट लॉन्च किया. जिससे 24 घंटे 'आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना' (AB PM-JAY) की मुख्य सेवाओं का लाभ उठा सकेंगे.
नेशनल हेल्थ अथॉरिटी (NHA) द्वारा विकसित यह चैटबॉट, योजना के डिजिटल सिस्टम के साथ API-बेस्ड इंटीग्रेशन का इस्तेमाल करके WhatsApp के ज़रिए PM-JAY सेवाओं तक सुरक्षित और रियल-टाइम एक्सेस के लिए बनाया गया है.
WhatsApp पर कैसे और क्या-क्या होगा काम
स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, लाभार्थी 'आयुष्मान सारथी' का इस्तेमाल करके PM-JAY के तहत अपनी पात्रता की जांच कर सकते हैं, आयुष्मान कार्ड के लिए आवेदन कर सकते हैं और उसे डाउनलोड कर सकते हैं, eKYC पूरी कर सकते हैं, आधार लिंक कर सकते हैं, अपना PM-JAY कार्ड लॉक या अनलॉक कर सकते हैं, और 70 साल और उससे ज़्यादा उम्र के वरिष्ठ नागरिकों के लिए 'आयुष्मान वयो वंदना कार्ड' से जुड़ी सेवाओं का लाभ उठा सकते हैं.
यूज़र अपना वॉलेट बैलेंस और इलाज का इतिहास भी देख सकते हैं, आस-पास के पैनल में शामिल अस्पतालों का पता लगा सकते हैं, शिकायत दर्ज कर सकते हैं, उसे ट्रैक कर सकते हैं या वापस ले सकते हैं, कॉल बैक का अनुरोध कर सकते हैं और अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद फ़ीडबैक दे सकते हैं.
मंत्रालय ने कहा कि इस चैटबॉट बनाने का मकसद WhatsApp के ज़रिए PM-JAY सेवाओं तक तुरंत पहुंच, पारदर्शिता और नागरिकों की भागीदारी को बेहतर बनाना है. साथ ही फिजिकल विज़िट और कॉल सेंटर पर निर्भरता को कम करना है. मंत्रालय ने यह भी कहा कि यह प्लेटफ़ॉर्म लाभार्थियों के फ़ीडबैक और हेल्थकेयर सर्विस डिलीवरी की लगातार निगरानी के ज़रिए शिकायतों के समाधान को मज़बूत करेगा और डेटा-आधारित गवर्नेंस में मदद करेगा.
कैसे बनाएं WhatsApp पर आयुष्मान कार्ड
- सबसे पहले आपको अपने मोबाइल में WhatsApp नंबर +91 72908 23838 सेव करें.
- नंबर सेव करने के बाद उसी नंबर पर व्हॉट्सऐप पर Hi लिखें.
- इसके बाद चैटबॉट पर विकल्प भेजें जाएंगे जिसमें आप Creat Ayushman Card का ऑप्शन चुनें.
- इसके बाद मोबाइल नंबर और आधार जैसी जानकारी दर्ज करना होगा.
- OTP के जरिए वेरिफाइ करने के बाद eKYC का प्रोसेस पूरा करें.
- इसके साथ ही आपको आयुष्मान कार्ड तैयार हो जाएगा और यहीं से कार्ड को डाउनलोड कर सकते हैं.
यह भी पढ़ेंः आयुष्मान भारत योजना: अब घर बैठे एक कॉल में बुक करें OPD अपॉइंटमेंट, अस्पताल में नहीं लगानी पड़ेगी लंबी लाइन
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं