UP News: उत्तर प्रदेश के हर शहर में स्पेशल कैंप लगाकर आयुष्मान कार्ड बनाए जा रहे हैं, जिसकी मदद से आप 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज पा सकते हैं. इस कैंप की शुरुआत 15 मई को हुई जो अगले 46 दिन और चलने वाले हैं. ऐसे में अगर आपने अभी तक अपना कार्ड नहीं बनवाया है तो और देर न करें. 14 अगस्त से पहले अपने नजदीकी सरकारी अस्पताल या गांव-मोहल्ले में लगाए गए विशेष कैंप में जाकर आयुष्मान कार्ड बनवा लें. अगर आपके मन में पात्रता, दस्तावेज या खर्चे को लेकर कोई सवाल है, तो परेशान न हों. इस खबर में हमने आपके हर सवाल का जवाब दिया है.
आयुष्मान कार्ड कौन बनवा सकता है?
आयुष्मान भारत योजना (PM-JAY) के सरकारी नियमों के अनुसार, आयुष्मान कार्ड मुख्य रूप से देश के गरीब, बेसहारा और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए बनाया जाता है, जिसमें गांव के कच्चे मकानों में रहने वाले परिवार, भूमिहीन मजदूर, अनुसूचित जाति/जनजाति (SC/ST) के लोग, और शहरों में रहने वाले मजदूर जैसे कचरा बीनने वाले, रेहड़ी-पटरी वाले, रिक्शा चालक या घरेलू कामगार शामिल हैं. सरकारी और वेतनभोगी कर्मचारी, टैक्स देने वाले लोग या पक्के बड़े मकानों वाले संपन्न परिवार इस योजना में शामिल नहीं हो सकते.
आयुष्मान कार्ड पात्रता कैसे चेक करें?
राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण (NHA) के आधिकारिक बेनिफिशियरी पोर्टल पर जाकर आप घर बैठे ऑनलाइन अपने आयुष्मान कार्ड की पात्रता बहुत आसानी से चेक कर सकते हैं. इसके लिए आपको नीचे दिए गए आसान स्टेप्स को फॉलो करना होगा.
- सबसे पहले NHA Beneficiary Portal पर जाएं.
- पोर्टल के मेन पेज पर 'Beneficiary' ऑप्शन पर क्लिक करें.
- फिर अपना मोबाइल नंबर डालें और 'Verify' पर क्लिक करें.
- आपके मोबाइल पर आए OTP को भरकर लॉगिन करें.
- लॉगिन होने के बाद अपने State का नाम चुनें और योजना में PMJAY को सिलेक्ट करें.
- अपने जिले का नाम चुनें. इसके बाद Search By में जाएं, जहां आप अपने राशन कार्ड नंबर, आधार कार्ड नंबर या नाम में से कोई एक विकल्प चुन सकते हैं.
- अपना आधार नंबर या राशन कार्ड नंबर दर्ज करें और सामने बने Search आइकॉन पर क्लिक करें.
- यदि आपका परिवार इस योजना के लिए पात्र है, तो स्क्रीन पर आपके परिवार के सभी सदस्यों के नाम की सूची आ जाएगी.
- जिन सदस्यों का कार्ड बन सकता है या बन चुका है, उनके नाम के आगे इसका स्टेटस, जैसे Approved या Identified दिख जाएगा.
आयुष्मान कार्ड घर बैठे कैसे बनाएं?
- गूगल प्ले स्टोर से आधिकारिक Ayushman App इंस्टॉल करें.
- ऐप खोलकर Beneficiary ऑप्शन पर क्लिक करें.
- अब अपना मोबाइल नंबर डालकर OTP के जरिए लॉगिन करें.
- योजना में PMJAY चुनें, अपना राज्य, जिला सिलेक्ट करें और आधार नंबर या राशन कार्ड नंबर डालकर सर्च करें.
- आपके परिवार की लिस्ट खुलेगी. जिस सदस्य का कार्ड बनाना है, उसके नाम के आगे Do e-KYC पर क्लिक करें.
- वेरिफकेशन के लिए Aadhaar OTP का ऑप्शन चुनें. अगर आधार से मोबाइल नंबर लिंक नहीं है, तो आप Face Authentication चुनकर चेहरे को स्कैन भी कर सकते हैं.
- ऐप में अपने मोबाइल कैमरे से एक साफ लाइव फोटो खींचें.
- इसके बाद अपना मोबाइल नंबर, पिन कोड और ग्रामीण/शहरी क्षेत्र की जानकारी भरें.
- सभी जानकारी भरने के बाद Submit पर क्लिक करें.
- यदि आपका डेटा आधार से मैच हो जाता है, तो कार्ड तुरंत Approved हो जाता है और कुछ देर बाद वहीं से डाउनलोड करने का विकल्प मिल जाता है.
आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए क्या-क्या डॉक्यूमेंट चाहिए?
आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए मुख्य रूप से केवल दो ही जरूरी दस्तावेज चाहिए. पहला आपका 'आधार कार्ड' और दूसरा आपके परिवार का 'राशन कार्ड'. आधार कार्ड का इस्तेमाल आपकी खुद की पहचान और बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन के लिए होता है, जबकि राशन कार्ड से यह देखा जाता है कि आपका नाम सरकारी पात्रता सूची में शामिल है या नहीं. इसके अलावा आपके पास एक चालू मोबाइल नंबर होना चाहिए, जिस पर OTP आ सके. आपको किसी भी तरह का इनकम या जाति प्रमाण पत्र देने की बिल्कुल जरूरत नहीं होती है.
आयुष्मान कार्ड बनवाने में कितना पैसा लगता है?
अगर आपको खुद ऑनलाइन कार्ड बनाने में कोई दिक्कत आ रही है, तो आप अपने दस्तावेज लेकर नजदीकी सूचीबद्ध अस्पताल या जन सेवा केंद्र पर जा सकते हैं. वहां मौजूद ऑपरेटर सिस्टम में आपका नाम खोजेगा, आपके पहचान पत्र और राशन कार्ड को स्कैन करके अपलोड करेगा, और फिर मंजूरी के लिए आगे भेज देगा. मंजूरी मिलने के बाद आपके नाम से एक आयुष्मान आईडी बन जाएगी. इस पूरी प्रक्रिया में आपके खर्च को लेकर सरकार ने बहुत साफ और सख्त नियम बनाए हैं. किसी भी अधिकृत केंद्र से कार्ड बनवाने, उसका कलर प्रिंट निकालने, लैमिनेशन कराने और उसे आपके हाथ में सौंपने का कुल खर्च अधिकतम 30 रुपये तय किया गया है, जिसमें सभी टैक्स भी शामिल हैं. आपको यह ध्यान रखना है कि यह 30 रुपये आपको तभी देने हैं जब कार्ड पूरी तरह से बनकर आपको मिल जाए. ऑपरेटर कार्ड बनवाने से पहले या एडवांस में आपसे कोई पैसा नहीं ले सकता. सबसे जरूरी बात, अगर किसी कारण से आपका कार्ड बनने से रिजेक्ट हो जाता है या आप योजना के पात्र नहीं पाए जाते हैं, तो आपसे एक भी रुपया नहीं लिया जाएगा.
अगर इलाज का खर्च 5 लाख से ज्यादा हो, तो क्या होगा?मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी गंभीर बीमारी में इलाज का खर्च 5 लाख रुपये की सीमा से ऊपर निकल जाता है, तो मरीज के परिवार को परेशान होने की जरूरत नहीं है. ऐसे मामलों में सरकार मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष (CM Discretionary Fund) से पूरी आर्थिक मदद प्रदान करेगी.
आयुष्मान कार्ड में संशोधन कैसे करें?यदि आपको आयुष्मान कार्ड पहले ही बना हुआ है, और आपके कार्ड में नाम, पता या अन्य जानकारी गलत है, तो अब परेशान न हों. सरकार ने 'बेनिफिशियरी डेटा मैनेजमेंट पोर्टल' बनाया है, जहां ब्लॉक स्तर के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी आपके रिकॉर्ड में सुधार कर सकते हैं. इसके बाद सीएमओ से वेरिफकेशन किया जाएगा और NHA से अंतिम अनुमोदन मिलने के बाद आपका कार्ड अपडेट हो जाएगा.
ये भी पढ़ें:- LPG सिलेंडर के बढ़ते दाम से हैं परेशान? Induction पर शिफ्ट होकर सालाना बचाएं ₹3000; ये हैं बेस्ट ऑप्शंस
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं