LPG ATM in Gurugram: मिडिल ईस्ट में चल रहे तनाव के कारण देशभर में गैस की किल्लत देखने को मिल रही है. कहीं लोगों को बुकिंग करने में दिक्कत आ रही है, तो कहीं-कहीं सिलेंडर बुक करने के बाद डिलिवरी नहीं हो रही है. इसी बीच गुरुग्राम में आम जनता के लिए LPG ATM की एक नई सुविधा शुरू की गई है. इसकी खास बात यह है, कि इससे सिलेंडर मात्र 2 से 3 मिनट में आसानी से भर जाएगा. द टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक यह ATM मशीन गुरुग्राम में सोहना के सेक्टर-33 स्थित सेंट्रल पार्क फ्लावर वैली में लगाई गई है और इसे भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BPCL) द्वारा पायलट प्रोजेक्ट के रूप में शुरू किया गया है. आइए जानते हैं, यह मशीन कैसे काम करती है और रिफिलिंग का प्रोसेस क्या है.
यह भी पढ़ें: इंदौर में इलेक्ट्रिक कार को चार्ज करते हुए हादसा, EV चार्जिंग करते समय यह गलती तो नहीं कर रहे हैं आप?

LPG ATM में होता है ऐसे सिलेंडर का इस्तेमाल
द टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक यह मशीन कंपोजिट एलपीजी सिलेंडर देती है, जो वजन में हल्के, ज्यादा साफ और इस्तेमाल में आसान होते हैं. सामान्य लोहे के सिलेंडर जहां गैस समेत करीब 31 किलो वजन के होते हैं, वहीं फाइबर से बने ये कंपोजिट सिलेंडर 14 किलो गैस के साथ सिर्फ करीब 15 किलो के होते हैं. इतना ही नहीं, इन सिलेंडरों की बॉडी ट्रांसपेरेंट होती है, जिससे उपभोक्ता आसानी से अंदर मौजूद गैस का लेवल भी देख सकते हैं.
कैसे काम करती है मशीन?
यह मशीन एक बार में 10 गैस सिलेंडर तक स्टोर कर सकती है. जब मशीन में मौजूद सिलेंडरों की संख्या सिर्फ 2 रह जाती है, तो यह अपने आप नजदीकी गैस एजेंसी को अलर्ट भेज देती है, ताकि समय पर नए सिलेंडर की सप्लाई की जा सके. इसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह 24 घंटे उपलब्ध रहती है, जिससे उपभोक्ता किसी भी समय गैस सिलेंडर ले सकते हैं और उन्हें डिलीवरी का इंतजार नहीं करना पड़ता है.

लोग कैसे कर सकते हैं LPG ATM का इस्तेमाल?
टीओआई के मुताबिक, इस स्मार्ट मशीन के जरिए एलपीजी रिफिल का पूरा प्रोसेस डिजिटल और ऑटोमैटिक है. जिन उपभोक्ताओं के पास भारतगैस का कंपोजिट सिलेंडर कनेक्शन है, वे आसानी से गैस सिलेंडर ले सकते हैं. इसके लिए पहले मशीन पर अपना रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर डालें. फिर, मोबाइल पर आए OTP से नंबर वेरिफाई करें. खाली सिलेंडर पर लगे बारकोड या QR कोड को स्कैन करें और इसके बाद UPI या डेबिट कार्ड के जरिए पेमेंट कर दें. फिर मशीन खाली सिलेंडर को अपने स्टोर कर लेती है और बदले में भरा हुआ सिलेंडर बाहर निकाल देती है. पूरी प्रक्रिया में आमतौर पर 2 से 3 मिनट का ही समय लगता है, जिससे गैस रिफिल कराना बहुत आसान और सुविधाजनक हो जाता है.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं