विज्ञापन

क्या है वयो आनंद योजना? दिल्ली सरकार वरिष्ठ नागरिकों को क्या देने वाली है तोहफा

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली के वरिष्ठ नागरिक हमारे समाज की अमूल्य धरोहर हैं और उनके सम्मान, स्वास्थ्य, सक्रिय जीवन तथा सामाजिक जुड़ाव को सुनिश्चित करना हमारी सरकार की प्राथमिकता है.

क्या है वयो आनंद योजना? दिल्ली सरकार वरिष्ठ नागरिकों को क्या देने वाली है तोहफा
क्या है वयो आनंद योजना?
NDTV इंडिया ग्राफिक्‍स

दिल्ली सरकार ने सीनियर सिटीजन नागरिकों के लिए अहम योजना शुरू करने जा रही है. इस योजना का नाम है 'वयो आनंद योजना'. इस योजना के तहत ऐसे सेंटर विकसित किए जाएंगे जहां वरिष्ठ नागरिकों को खाली समय में आराम करने, एक दूसरे से मिलने, आराम करने और सामाजित गतिविधियों में शामिल होने के लिए बेहतर माहौल उपलब्ध हो सके. इन सेंटरों पर वरिष्ठ नागरिकों के लिए योग और ध्यान लगाने के लिए कक्षाएं भी आयोजित किए जाएंगे. इसके अलावा सेंटर पर ही मासिक चिकित्सा शिवर और प्राथमिक उपचार किट की भी व्यवस्था होगी.

सरकार ऐसे मनोरंजन केंद्रों को चलाने वाले संगठनों को वित्तीय सहायता उपलब्ध कराएगी. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली के वरिष्ठ नागरिक हमारे समाज की अमूल्य धरोहर हैं और उनके सम्मान, स्वास्थ्य, सक्रिय जीवन तथा सामाजिक जुड़ाव को सुनिश्चित करना हमारी सरकार की प्राथमिकता है.

वयो आनंद योजना में क्या-क्या होंगी सुविधाएं

इन मनोरंजन केंद्रों में सिनीयर सिटीजन के लिए कैरम, लूडो आदि इनडोर खेल, बैठने की व्यवस्था, पंखा, कूलर, टेलीविजन, कंप्यूटर जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी. केंद्रों में समाचार पत्र, पत्रिकाएं और किताबें भी रखी जाएंगी ताकि वरिष्ठ नागरिक खाली समय का पूरा उपयोग कर सकें. वरिष्ठ नागरिकों के लिए केंद्रों में योग और ध्यान की कक्षाएं भी आयोजित की जाएंगी. इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस, वरिष्ठ नागरिक दिवस और राष्ट्रीय पर्व आदि मनाए जाएंगे. इन केंद्रों में वर्ष में कम से कम 5-6 ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. योजना में मासिक चिकित्सा शिविर और प्राथमिक उपचार किट की व्यवस्था का भी प्रावधान है. साथ ही स्वास्थ्य व फिटनेस कक्षाएं, आउटडोर टूर, कहानी सुनाने के सत्र, पेंटिंग, क्राफ्ट, पॉटरी, पोषण संबंधी परामर्श तथा इनडोर और आउटडोर खेल जैसी गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी.

वरिष्ठ नागरिकों को ध्यान में रखकर बनाया जाएगा केंद्र

मनोरंजन केंद्र सप्ताह में कम से कम पांच दिन और प्रतिदिन न्यूनतम सात घंटे खुले रहेंगे. ये केंद्र सुबह 7 बजे से रात 8 बजे के बीच संचालित होंगे. केंद्र में पर्याप्त वेंटिलेशन और शौचालय की सुविधा होगी. वरिष्ठ नागरिकों की सुविधा को देखते हुए केंद्र का भूतल पर होना या भवन में लिफ्ट की व्यवस्था होना भी प्राथमिकता में रखा गया है. केंद्रों में महिला, दिव्यांग और ट्रांसजेंडर वरिष्ठ नागरिकों के लिए भी कार्यक्रम आयोजित करने की प्राथमिकता दी जाएगी. साथ ही आपात स्थिति में त्वरित सहायता के लिए नजदीकी पुलिस थाने और अस्पतालों से संपर्क रहेगा. योजना के तहत मनोरंजन केंद्रों में कम से कम 200 ऐसे सदस्य होना जरूरी है, जिनकी उम्र 60 वर्ष या उससे अधिक हो.

वयो आनंद योजना को मिलेगी सहायता राशि

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने जानकारी दी कि ‘वयो आनंद' योजना के तहत पात्र मनोरंजन केंद्र को एक वित्तीय वर्ष में 2.40 लाख रुपए, यानी 20 हजार रुपए प्रतिमाह, की सहायता दी जाएगी. यह राशि दो बराबर छमाही किस्तों में जारी की जाएगी. योजना के अंतर्गत 60 वर्ष और उससे अधिक उम्र के वरिष्ठ नागरिकों के लिए संचालित केंद्रों को यह सहायता दी जाएगी. संचालकों को अपने केंद्रों में उपरोक्त सारी व्यवस्थाएं व सुविधाएं उपलब्ध कराने में प्राथमिकता रखनी होगी. ऐसे केंद्र दिल्ली में होने चाहिए और सामुदायिक स्थान में संचालित होने चाहिए. योजना में आरडब्ल्यूए, सीजीएचएस और सामुदायिक स्थान जैसे चौपाल में चलने वाले केंद्र भी शामिल हो सकते हैं.

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का कहना है कि ‘वयो आनंद' योजना का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को उनके आसपास ही ऐसा सुरक्षित और सुविधाजनक स्थान उपलब्ध कराना है जहां वे अपने हम उम्र लोगों के साथ समय बिता सकें, मनोरंजन और स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियों में शामिल हो सकें तथा अकेलेपन से दूर सक्रिय सामाजिक जीवन जी सकें. सरकार वरिष्ठ नागरिकों के हित में ऐसी व्यवस्थाओं को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है, जिससे उन्हें सम्मानजनक और स्वस्थ जीवन के लिए बेहतर वातावरण मिल सके.

यह भी पढ़ेंः क्या है PMFMF योजना? बिजनेस के लिए मिलेंगे 10 लाख और 35 फीसदी की सब्सिडी भी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Delhi Government Scheme, Scheme For Girls, Senior Citizen Scheme, Delhi Scheme, Senior Citizen
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com