- रेलवे ने कानपुर सेंट्रल आनंद विहार टर्मिनल मेल को दादरी और खुर्जा मार्ग से चलाने का फैसला लिया है.
- खुर्जा-मेरठ सिटी मेमू ट्रेन के संचालन को मंजूरी दी गई है, जिससे रोजाना यात्रियों को सफर में आसानी होगा.
- नए रेल मार्गों से गौतमबुद्ध नगर के यात्रियों को कानपुर, दिल्ली और मेरठ तक बेहतर संपर्क मिलेगा.
Gautam Budh Nagar Railway Update: गौतमबुद्ध नगर लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले यात्रियों के लिए भारतीय रेलवे ने एक बड़ी सौगात दी है. दरअसल, रेलवे ने कानपुर सेंट्रल आनंद विहार टर्मिनल मेल का संचालन अब दादरी और खुर्जा के रास्ते चलाने का फैसला लिया है. इसके साथ ही, क्षेत्रवासियों की मांग पर खुर्जा-मेरठ सिटी मेमू ट्रेन के संचालन को भी हरी झंडी दे दी है. क्षेत्र में बेहतर और आसान रेल संपर्क स्थापित करने की लंबे समय से चली आ रही मांग पर मुहर लगाते हुए रेलवे बोर्ड ने दो महत्वपूर्ण ट्रेनों के संचालन और मार्ग विस्तार के प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया है. रेलवे के इस फैसले पर सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. महेश शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार व्यक्त किया है.
इलाके नागरिकों और दैनिक यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिन दो प्रमुख रेल प्रोजेक्ट्स को मंजूरी दी गई है. इसके तहत गाड़ी नंबर 14153 और 14154 कानपुर सेंट्रल आनंद विहार टर्मिनल मेल का परिचालन अब दादरी और खुर्जा जंक्शन के रास्ते किया जाएगा, जिससे गौतमबुद्धनगर के यात्रियों को सीधे कानपुर और दिल्ली तक की यात्रा करने में सहूलियत होगी. इसके अलावा, ट्रेन नंबर 64573 और 64574 खुर्जा-मेरठ सिटी मेमू सेवा के शुरू होने से एनसीआर क्षेत्र के औद्योगिक और शैक्षणिक केंद्रों के अलावा खुर्जा, दादरी और मेरठ के बीच रोजाना आने-जाने वाले यात्रियों का सफर भी आसान हो जाएगा.
मेरे लोकसभा क्षेत्र गौतमबुद्धनगर में रेल सुविधाओं के विस्तार एवं क्षेत्रीय संपर्क को बेहतर बनाने की दिशा में लंबे समय से लंबित मांग को स्वीकृति प्रदान करने के लिए माननीय केंद्रीय रेल मंत्री श्री @AshwiniVaishnaw जी का हृदय से धन्यवाद एवं आभार। कानपुर सेंट्रल–आनंद विहार टर्मिनल मेल (14153/14154) का दादरी एवं खुर्जा के रास्ते परिचालन तथा खुर्जा–मेरठ सिटी मेमू (64573/64574) को स्वीकृति मिलने से क्षेत्र के यात्रियों को बेहतर रेल सुविधा उपलब्ध होगी। आदरणीय प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी के नेतृत्व में देश में रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करने और जनसुविधाओं के विस्तार का कार्य निरंतर आगे बढ़ रहा है। गौतमबुद्धनगर के विकास और क्षेत्रवासियों की सुविधाओं को बेहतर बनाने वाले इस महत्वपूर्ण निर्णय के लिए माननीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव जी का समस्त गौतमबुद्ध नगर की जनता की तरफ से धन्यवाद एवं आभार।
— Dr. Mahesh Sharma (@dr_maheshsharma) October 9, 2026
दैनिक यात्रियों को मिलेंगे कई बड़े फायदे
दादरी और खुर्जा जैसे व्यस्त औद्योगिक और शैक्षणिक हब के लोगों को राजधानी दिल्ली, कानपुर और मेरठ आने जाने के लिए ज्यादा ट्रेनों के विकल्प मिलेंगे. ट्रेनों के इस नए रूट और विस्तार से सड़क मार्ग पर निजी वाहनों और बसों का दबाव कम होगा, जिससे प्रदूषण और ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी. साथ ही रेल अवसंरचना के मजबूत होने से गौतमबुद्ध नगर क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों और रोजगार के नए अवसरों को भी बढ़ावा मिलेगा.
सांसद डॉ. महेश शर्मा ने जताया रेल मंत्री का आभार
गौतमबुद्ध नगर को मिले इस सौगात पर खुशी जाहिर करते हुए सांसद डॉ. महेश शर्मा ने अपने सोशल मीडिया संदेश में कहा है कि मेरे लोकसभा क्षेत्र गौतमबुद्ध नगर में रेल सुविधाओं के विस्तार और क्षेत्रीय संपर्क को बेहतर बनाने की दिशा में लंबे समय से लंबित मांग को स्वीकृति प्रदान करने के लिए माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का हृदय से धन्यवाद एवं आभार.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं