विज्ञापन

Post Office का बड़ा कदम, 24 घंटे में गारंटी के साथ डिलीवरी, देरी होने पर मिलेगा पैसा

Post Office Fast Service: डाक विभाग ने एक नई प्रीमियम डिलीवरी सेवा शुरू की है. इस नई सेवा के जरिए पार्सल और जरूरी दस्तावेज कम समय में ग्राहकों तक पहुंचाए जाएंगे. आइए जानते हैं इस बारे में विस्तार से-

Post Office का बड़ा कदम, 24 घंटे में गारंटी के साथ डिलीवरी, देरी होने पर मिलेगा पैसा
पोस्ट ऑफिस का बड़ा कदम

Post Office Fast Service: पोस्ट ऑफिस अपनी सेवाओं को पहले से बेहतर और तेज बनाने के लिए लगातार नए कदम उठा रहा है. आज के समय में कई लोग जल्दी डिलीवरी के लिए प्राइवेट कूरियर कंपनियों का इस्तेमाल करते हैं. इसी को देखते हुए डाक विभाग ने एक नई प्रीमियम डिलीवरी सेवा शुरू की है. इस नई सेवा के जरिए पार्सल और जरूरी दस्तावेज कम समय में ग्राहकों तक पहुंचाए जाएंगे. आइए जानते हैं इस बारे में विस्तार से- 

यह भी पढ़ें- आम खरीदने के बजाय, किराए पर लें पेड़, 10 हजार रुपये में खेत से सीधे घर तक पहुंचेंगे 90 किलो आम

पोस्ट ऑफिस का बड़ा कदम

दरअसल, डाक विभाग ने तीन नई सेवाएं शुरू की हैं- 

  • 24-स्पीड पोस्ट
  • 24-स्पीड पार्सल पोस्ट और 
  • 48-स्पीड पोस्ट.

केंद्रीय संचार और ग्रामीण विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने 17 मार्च 2026 को इन नई सेवा को लॉन्च किया. इन सेवाओं का मुख्य उद्देश्य ग्राहकों को तय समय के भीतर डिलीवरी की गारंटी देना है.

24-स्पीड पोस्ट सेवा के तहत पार्सल और डॉक्यूमेंट्स को 24 घंटे के अंदर डिलीवर करने का लक्ष्य रखा गया है. वहीं, 48-स्पीड पोस्ट के जरिए पार्सल को 48 घंटे के अंदर पहुंचाया जाएगा. पोस्ट ऑफिस का कहना है कि इन सेवाओं में तय समय के अंदर डिलीवरी करने की कोशिश की जाएगी. सबसे खास बात यह है कि अगर पार्सल समय पर नहीं पहुंचता है, तो ग्राहक को मुआवजा भी दिया जा सकता है. इससे लोगों का भरोसा पोस्ट ऑफिस की सेवाओं पर और ज्यादा बढ़ने की उम्मीद है.

6 शहरों से शुरू हुई सुविधा

फिलहाल यह नई सुविधा देश के छह बड़े शहरों में शुरू की गई है. इनमें दिल्ली, मुंबई, चेन्नई, कोलकाता, बेंगलुरु और हैदराबाद शामिल हैं. डाक विभाग का कहना है कि आने वाले समय में इस सेवा को देश के अन्य शहरों और बाद में छोटे कस्बों और गांवों तक भी पहुंचाने की योजना है.

नई सेवा को सुरक्षित और आसान बनाने के लिए इसमें कुछ खास सुविधाएं भी दी गई हैं. डिलीवरी के समय OTP के जरिए पार्सल दिया जाएगा, ताकि पार्सल सही व्यक्ति तक पहुंचे. इसके अलावा ग्राहकों को SMS अलर्ट, ऑनलाइन ट्रैकिंग और रियल टाइम अपडेट की सुविधा भी मिलेगी. इससे लोग अपने पार्सल की जानकारी आसानी से देख सकेंगे.

डाक विभाग का मानना है कि यह सेवा सिर्फ आम लोगों के लिए ही नहीं, बल्कि व्यापारियों और ई-कॉमर्स कंपनियों के लिए भी काफी फायदेमंद साबित होगी. फास्ट डिलीवरी से छोटे व्यवसायियों और ऑनलाइन विक्रेताओं को अपने ग्राहकों तक जल्दी सामान पहुंचाने में मदद मिलेगी.

सरकार का उद्देश्य डाक विभाग को एक आधुनिक और मजबूत लॉजिस्टिक्स नेटवर्क के रूप में विकसित करना है. नई प्रीमियम सेवाओं के जरिए पोस्ट ऑफिस न केवल अपनी सेवाओं को बेहतर बनाना चाहता है, बल्कि ज्यादा से ज्यादा लोगों को अपनी ओर आकर्षित करना भी चाहता है.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com