Safety Measures To Adopt During a Gas Leak : आजकल घरों में रसोई गैस का इस्तेमाल आम बात है, इसलिए इसके साथ जुड़ी सुरक्षा को तवज्जो देना जरूरी हो गया है. दरअसल, गैस लीक जैसी घटनाएं अचानक होती हैं और अगर समय रहते सही कदम न उठाए जाएं, तो यह बड़े हादसे का रूप ले सकती हैं. अक्सर देखा जाता है कि लोग घबराहट में गलत फैसले ले लेते हैं, जिससे स्थिति और खतरनाक हो जाती है. इसलिए जरूरी है कि हर व्यक्ति को गैस लीक के समय अपनाए जाने वाले सुरक्षा उपायों की सही जानकारी हो.
इलेक्ट्रिक एप्लायंसेज से रखें दूरी
गैस लीक होने पर सबसे अहम बात यह है कि किसी भी इलेक्ट्रिक आइटम को न छुएं. जब हवा में गैस फैल जाती है, तब बिजली के स्विच ऑन या ऑफ करने से हल्की चिंगारी निकल सकती है, जो विस्फोट का कारण बन सकती है. इस दौरान पंखा, लाइट, फ्रिज या मोबाइल जैसे आइटम्स का इस्तेमाल करने से बचें. यह छोटी सी सावधानी बड़ी दुर्घटना को टाल सकती है.
दिल्ली में मॉर्निंग वॉक हुई 'फ्री', इन पार्कों में सुबह 10 बजे तक बिना पैसे दिए करें सैर
सुरक्षित रहने के चार आसान उपाय
गैस लीक की स्थिति में सबसे पहले खुद को शांत रखें. घबराने से स्थिति और बिगड़ सकती है. कोशिश करें कि गहरी सांस न लें, ताकि गैस शरीर में कम प्रवेश करे.
दूसरा कदम है गैस सिलेंडर के रेगुलेटर को तुरंत बंद करना. इससे गैस का रिसाव रुक जाएगा और खतरा कम हो जाएगा.
तीसरा घर के सभी दरवाजे और खिड़कियां खोल दें ताकि ताजी हवा अंदर आ सके और गैस बाहर निकल जाए. ध्यान रखें कि इस दौरान पंखा या एग्जॉस्ट फैन का इस्तेमाल बिल्कुल न करें.
चौथा और सबसे जरूरी कदम है घर से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थान पर जाना. बाहर जाकर पड़ोसी के फोन से फायर ब्रिगेड (101) या गैस एजेंसी को तुरंत सूचना दें.
लीक की जांच का सुरक्षित तरीका
अगर आपको गैस लीक का संदेह है, तो पाइप और रेगुलेटर पर साबुन का घोल लगाकर जांच करें. यदि बुलबुले बनते हैं, तो समझ लें कि कहीं न कहीं गैस रिसाव हो रहा है. कभी भी माचिस या लाइटर से जांच करने की गलती न करें, यह बेहद खतरनाक हो सकता है.
हमेशा याद रखें ये तीन बातें
- गैस की गंध (Smell) आते ही सतर्क हो जाएं.
- इलेक्ट्रिक आइटम्स को हाथ न लगाएं.
- रेगुलेटर बंद करें और घर में हवा का फ्लो बनाए रखें.
यह छोटी-छोटी सावधानियां आपकी और आपके परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित कर सकती हैं. इस जानकारी को अपने परिवार और आसपास के लोगों के साथ जरूर शेयर करें, क्योंकि समय पर जागरूकता ही सबसे बड़ी सुरक्षा है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं