- ड्राइविंग लाइसेंस को देशभर में पहचान और पते के प्रमाण के तौर पर स्वीकार किया जाता है, न केवल वाहन चलाने के लिए
- परिवहन सारथी पोर्टल पर आधार आधारित ई-केवाईसी के जरिए बिना आरटीओ जाए ऑनलाइन एड्रेस चेंज की सुविधा उपलब्ध है.
- राज्य बदलने पर एनओसी लेना आवश्यक होता है, जिसे पुराने आरटीओ से ऑनलाइन प्राप्त कर नए आरटीओ में जमा करना होता है
DL Address Change Online : ड्राइविंग लाइसेंस सिर्फ वाहन चलाने का परमिट नहीं है, बल्कि यह देशभर में एक मान्य पहचान और पते के प्रमाण (Address Proof) के रूप में भी स्वीकार किया जाता है. हालांकि, गलत या पुराना पता होने से भविष्य में चालान, आरसी ट्रांसफर, लाइसेंस नवीनीकरण (Renewal) या किसी कानूनी प्रक्रिया के दौरान परेशानी हो सकती है.
ऐसे में अब सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय के परिवहन सारथी (Parivahan Sarathi) पोर्टल के जरिए आप मोबाइल या लैपटॉप से घर बैठे अपने डीएल का एड्रेस बदल सकते हैं. दरअसल, डिजिटल इंडिया पहल के तहत अब यह पूरा काम परिवहन सारथी पोर्टल पर आधार बेस्ड ई-केवाईसी के जरिए बिना आरटीओ गए पूरा हो जाता है.
जरूरी दस्तावेजों की सूची
ड्राइविंग लाइसेंस में ऑनलाइन एड्रेस चेंज करने के लिए आवेदन से पहले कुछ दस्तावेजों की स्कैन कॉपी की भी जरूरत पड़ती है. लिहाजा, ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया से पहले नीचे बताए गए दस्तावेज की स्कैन कॉपी का इंतजाम कर लें.
- मौजूदा ड्राइविंग लाइसेंस की ओरिजिनल स्कैन कॉपी.
- नए पते का प्रमाण यानी आधार कार्ड, पासपोर्ट, वोटर आईडी, राशन कार्ड, रेंट एग्रीमेंट या तीन महीने से कम पुराना बिजली, पानी या टेलीफोन बिल.
- पहचान पत्र के तौर पर पैन कार्ड, पासपोर्ट या आधार कार्ड.
- पासपोर्ट साइज फोटो, सफेद कागज पर डिजिटल हस्ताक्षर और सेल्फ-डिक्लेरेशन मेडिकल फॉर्म एक.
घर बैठे ऐसे बदलें डीएल में अपना एड्रेस
- परिवहन विभाग की ऑफिशियल वेबसाइट sarathi.parivahan.gov.in खोलें और अपना राज्य चुनें.
- होमपेज पर ऐप्लाई फॉर चेंज ऑफ ऐड्रेस या सर्विस ऑन ड्राइवर्स लाइसेंस विकल्प पर क्लिक करें.
- अपना डीएल नंबर और जन्म की तारीख डालकर गेट डीएल डिटेल पर क्लिक करें और अपनी प्रोफाइल कन्फर्म करें.
- अपना नया आरटीओ ऑफिस चुनें और आरटीओ जाने से बचने के लिए आधार आधारित ई-केवाईसी का विकल्प चुनें.
- सर्विस लिस्ट में से चेंज ऑफ ऐड्रेस इन डीएल चेक बॉक्स को टिक करें.
- फॉर्म में अपना नया और स्थायी पता सही-सही भरें.
- नया एड्रेस प्रूफ, फॉर्म एक, फोटो और सिग्नेचर अपलोड करें.
- निर्धारित सरकारी शुल्क का ऑनलाइन पेमेंट करें और एक्नॉलेजमेंट स्लिप डाउनलोड कर लें.
राज्य बदलने पर एनओसी और नए आरटीओ की पूरी प्रक्रिया
- परिवहन सारथी पोर्टल पर अपना पुराना राज्य चुनें.
- डीएल सेवा में जाकर अपना डीएल नंबर और जन्मतिथि डालें.
- सर्विस लिस्ट में से इश्यू ऑफ एनओसी विकल्प चुनें.
- नए राज्य का नाम, नया आरटीओ और ओनओसी का कारण चुनें.
- पुराने डीएल की कॉपी अपलोड करें और सरकारी शुल्क का भुगतान करें.
- वेरिफिकेशन के बाद पुराना आरटीओ ऑनलाइन एनओसी जारी कर देगा.
नए राज्य के RTO में NOC जमा करें
- पोर्टल पर अपना नया राज्य चुनें.
- अप्लाई फॉर चेंज ऑफ ऐड्रेस पर क्लिक कर डीएल नंबर और डेट ऑफ बर्थ दर्ज करें.
- पुराने आरटीओ से प्राप्त एनओसी नंबर और जारी होने की तारीख भरें.
- नया पता दर्ज करें, नया एड्रेस प्रूफ और ऑनलाइन प्राप्त एनओसी अपलोड करें.
- एड्रेस चेंज फीस भरें. अप्रूवल मिलने के बाद नया ड्राइविंग लाइसेंस स्पीड पोस्ट के जरिए आपके नए पते पर भेज दिया जाएगा.
यह भी पढ़ें- ESIC आधार सीडिंग का नया नियम हुआ लागू, जानिए कैसे 2 मिनट में घर बैठे ऑनलाइन करें लिंक
DL एड्रेस अपडेट की फीस
| सेवा | फीस | समय सीमा |
| डीएल एड्रेस चेंज | लगभग 200 रुपये और पोस्टल चार्ज | 15 से 30 वर्किंग डे |
| एनओसी इश्यू शुल्क | 100-200 रुपये राज्यों के अनुसार अलग-अलग | 7 से 15 वर्किंग डे |
| डिलीवरी का माध्यम | स्पीड पोस्ट से घर के पते पर | अप्रूवल के बाद 7 दिन |
यह भी पढ़ें- दिल्ली एसआईआर ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में आपका नाम भी तो नहीं कट गया, तुरंत ऐसे चेक करें अपना स्टेटस
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं