Rajasthan Jungle Safari: मानसून के विदा होते ही पर्यटकों के लिए राजस्थान में जंगल सफारी का रोमांचक सीजन शुरू हो गया है. रणथंभौर और सरिस्का से लेकर नए धौलपुर करौली टाइगर रिजर्व तक राज्य में कुल 5 प्रमुख टाइगर रिजर्व पर्यटकों के स्वागत के लिए तैयार हैं. अक्टूबर से जून तक चलने वाले इस मुख्य पर्यटन सीजन में बाघ, तेंदुए और अन्य वन्यजीवों का दीदार करने के लिए पर्यटक ऑनलाइन बुकिंग करा सकते हैं.
दरअसल, बरसात का मौसम खत्म होने के बाद देवभूमि राजस्थान में वन्यजीव प्रेमियों के लिए एडवेंचर का दौर शुरू हो चुका है. राज्य के प्रमुख राष्ट्रीय उद्यानों और संरक्षित वनों में जंगल सफारी का मुख्य सीजन एक अक्टूबर से 30 जून तक माना जाता है, क्योंकि इस दौरान मानसून की पाबंदियां हट जाती हैं और कोर जोन में आवाजाही आसान हो जाती है. फिलहाल, राजस्थान में कुल 5 प्रमुख टाइगर रिजर्व हैं, जहां देशी विदेशी पर्यटक बाघों की एक झलक पाने के लिए बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं. आइए जानते हैं इन सभी रिजर्व और अन्य प्रमुख वन्यजीव स्थलों की खासियत.
रणथंभौर राष्ट्रीय उद्यान
यहां बंगाल टाइगर के अलावा तेंदुए, सांभर, चीतल, मगरमच्छ और पक्षियों की तमाम प्रजातियां पाई जाती हैं. ऐतिहासिक रणथंभौर किला और पदम तलाव इस पार्क की खूबसूरती में चार चांद लगाते हैं. पार्क को अलग अलग जोनों में बांटा गया है, जहां ओपन जीप और कैंटर के जरिए सफारी कराई जाती है. पीक सीजन में भीड़ ज्यादा होने की वजह से एडवांस ऑनलाइन बुकिंग कराना सबसे बेहतर रहता है.
सरिस्का टाइगर रिजर्व
अरावली की प्राचीन पहाड़ियों के बीच फैला सरिस्का वन्यजीव संरक्षण के इतिहास में एक अनूठा स्थान रखता है. यहां बाघों के सफल पुनर्वास के बाद इनकी संख्या में लगातार इजाफा हुआ है. यहां के शुष्क पर्णपाती जंगलों और चट्टानी इलाकों में तेंदुए, नीलगाय, जंगली सुअर और सांभर आसानी से दिख जाते हैं. इसके भीतर प्राचीन कांकवाडी किला और पांडुपोल हनुमान मंदिर भी स्थित हैं.
रामगढ़ विषधारी और मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व
राजस्थान के महत्वपूर्ण वन्यजीव क्षेत्रों में शुमार यह रिजर्व बाघों के प्राकृतिक आवास और गलियारे के रूप में बहुत अहम है. यहां यात्रा करने से पहले वन विभाग के संबंधित गेटों और नियमित सफारी संचालन की स्थिति की जानकारी जरूर ले लेनी चाहिए. विंध्यन रेंज की दो समानांतर पहाड़ियों और चंबल नदी के किनारे स्थित यह रिजर्व अपनी खूबसूरत प्राकृतिक बनावट के लिए जाना जाता है. यहां तेंदुए, भालू, चिंकारा और नीलगाय पाए जाते हैं.
नया टाइगर रिजर्व
राजस्थान के पांचवें टाइगर रिजर्व के रूप में स्थापित धौलपुर करौली वन्य जीव संरक्षण और प्राकृतिक वन संपदा के लिहाज से एक उभरता हुआ महत्वपूर्ण केंद्र है. यहां पर्यटन सुविधाओं और वन विभाग के दिशानिर्देशों के अनुसार सफारी का आनंद लिया जा सकता है.
टाइगर रिजर्व के अलावा अन्य प्रमुख वन्य जीव स्थल
अगर आप राजस्थान में टाइगर रिजर्व के अलावा दूसरे अनूठे इकोसिस्टम का अनुभव करना चाहते हैं, तो इन जगहों की योजना भी बना सकते हैं.
- केवलादेव राष्ट्रीय उद्यान : प्रवासी पक्षियों और बर्ड वॉचिंग के लिए दुनियाभर में प्रसिद्ध.
- डेजर्ट नेशनल पार्क: थार मरुस्थल की जीवनशैली और दुर्लभ गोडावण पक्षी का प्राकृतिक घर.
- कुंभलगढ़ और माउंट आबू वन्यजीव अभयारण्य: अरावली की हरी भरी पहाड़ियों और जैव विविधता के बीच ट्रैकिंग व सफारी का रोमांच.
- ताल छापर अभयारण्य: काले हिरणों और विशाल घास के मैदानों के लिए खास पहचान.
- नाहरगढ़ जैविक उद्यान: राजधानी के नजदीक वन्यजीवों को करीब से देखने का बेहतरीन ठिकाना.
ऐसे बुक करें टिकट
अगर भी अरावली व विंध्याचल के घने जंगलों में बाघ और तेंदुए देखने का प्लान बना रहे हैं, तो अब दलालों के चक्कर काटने के बजाय घर बैठे ऑफिसियल पोर्टल से अपनी सफारी बुक कर सकते हैं. जिप्सी और कैंटर सफारी की टिकट दरें, एडवांस बुकिंग विंडो और रिफंड से जुड़े सभी नियमों की पूरी जानकारी नीचे स्टेप बाय स्टेप पढ़ें.
ऑफिशियल पोर्टल से ऐसे करें टिकट बुकिंग
रणथंभौर टाइगर रिजर्व के लिए राजस्थान फॉरेस्ट डिपार्टमेंट के ऑफिशियल सफारी बुकिंग पोर्टल booking.forestrajasthan.com या fmdss.forest.rajasthan.gov.in पर विजिट कर ऑनलाइन टिकट हासिल कर सकते हैं. वहीं, सरिस्का, केवलादेव या झालाना के लिए fmdss.forest.rajasthan.gov.in पर विजिट कर टिकट खरीद सकते हैं.
यह भी पढ़ें- नवरात्रि पर दिल्ली-यूपी से जाना है दर्शन के लिए वैष्णो देवी, जानिए कौन-कौन सी ट्रेन सीधे पहुंचाएंगी माता के धाम
SSO पोर्टल से टिकट बुक करने की स्टेप बाय स्टेप प्रक्रिया
- सबसे पहले sso.rajasthan.gov.in पर जाएं. अगर पहले से अकाउंट नहीं है, तो अपने गूगल अकाउंट या जन आधार से प्री रजिस्ट्रेशन करें.
- लॉगिन करने के बाद सिटीजन ऐप्स में से Forest and Wildlife एप्लीकेशन आइकन पर क्लिक करें.
- डैशबोर्ड खुलने पर Citizen Services-Wildlife Tourism Permission या Advance Wildlife Permit Booking विकल्प को चुनें.
- अपने पसंदीदा टाइगर रिजर्व जैसे Ranthambore या Sariska, सफारी की तारीख, शिफ्ट यानी सुबह या शाम और वाहन का प्रकार यानी Gypsy या Center चुनें.
- यात्रा करने वाले सभी सदस्यों का पूरा नाम, उम्र, लिंग और सरकारी फोटो आईडी जैसे आधार कार्ड, पासपोर्ट या ड्राइविंग लाइसेंस का सही जानकारी दर्ज करें.
- आखिर में नेट बैंकिंग, यूपीआई या क्रेडिट या डेबिट कार्ड के जरिए निर्धारित फीस का पेमेंट कर अपना पक्का परमिट डाउनलोड करें.
यह भी पढ़ें- गाजियाबाद के मधुबन बापूधाम में 10 एकड़ में बन रहा सबसे बड़ा पार्क, मेरठ रोड का ये पार्क 37 करोड़ में बनेगा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं