विज्ञापन

Amarnath Yatra 2026 को लेकर प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी, बिना रजिस्ट्रेशन पहुंचने पर बढ़ सकती है मुश्किल

अमरनाथ यात्रा को लेकर जम्मू-कश्मीर के सूचना एवं जनसंपर्क विभाग ने एडवाइजरी जारी की है. प्रशासन ने सभी श्रद्धालुओं से आग्रह किया है कि वे एडवांस पंजीकरण कराने के बाद ही जम्मू-कश्मीर पहुंचें.

Amarnath Yatra 2026 को लेकर प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी, बिना रजिस्ट्रेशन पहुंचने पर बढ़ सकती है मुश्किल
अमरनाथ यात्रा 2026: एडवांस रजिस्ट्रेशन है जरूरी, नहीं तो जम्मू पहुंचकर भी करना पड़ सकता है इंतजार
(P.C- NDTV)

आज यानी 3 जुलाई से अमरनाथ यात्रा 2026 का शुभारंभ हो गया है. इसे लेकर जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने एक अहम एडवाइजरी जारी की है. जम्मू-कश्मीर के सूचना एवं जनसंपर्क विभाग ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे बिना एडवांस रजिस्ट्रेशन के यात्रा के लिए जम्मू-कश्मीर न पहुंचें. विभाग ने कहा है कि यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए तय नियमों का पालन करना सभी के लिए जरूरी है.

हर दिन तय संख्या में ही श्रद्धालुओं को मिलेगी अनुमति

प्रशासन ने बताया कि सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुसार, अमरनाथ यात्रा मार्ग पर हर दिन सीमित संख्या में ही श्रद्धालुओं को जाने की अनुमति दी जाती है. यह व्यवस्था यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा और यात्रा को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए बनाई गई है. इसलिए तय सीमा से ज्यादा लोगों को एक दिन में यात्रा की अनुमति नहीं दी जा सकती.

पहले से कराएं एडवांस रजिस्ट्रेशन

विभाग ने बताया कि यात्रा शुरू होने से काफी पहले ही देशभर की अलग-अलग बैंक शाखाओं और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए एडवांस रजिस्ट्रेशन की सुविधा सुविधा शुरू कर दी गई थी. बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहले ही अपना पंजीकरण करा चुके हैं. ऐसे में अब तत्काल (ऑन स्पॉट) रजिस्ट्रेशन के लिए बहुत कम स्लॉट उपलब्ध हैं और बिना रजिस्ट्रेशन पहुंचने वाले सभी श्रद्धालुओं को तुरंत यात्रा की अनुमति देना संभव नहीं है.

प्रशासन ने साफ कहा है कि जो श्रद्धालु बिना एडवांस रजिस्ट्रेशन के जम्मू-कश्मीर पहुंच रहे हैं, उन्हें अपने नंबर का इंतजार करना होगा. तत्काल रजिस्ट्रेशन की सुविधा सीमित है, इसलिए सभी लोगों को तुरंत समायोजित नहीं किया जा सकता. ऐसे श्रद्धालुओं से धैर्य बनाए रखने और प्रशासन की ओर से तय प्रोसेस का पालन करने की अपील की गई है.

तय तारीख से पहले नहीं कर सकेंगे यात्रा

एडवाइजरी में यह भी कहा गया है कि कई श्रद्धालु अपने रजिस्ट्रेशन में दी गई तारीख से पहले ही जम्मू-कश्मीर पहुंच रहे हैं. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी यात्री को उसकी निर्धारित यात्रा तिथि से पहले आगे जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी. इसलिए श्रद्धालु केवल उसी तारीख पर यात्रा के लिए पहुंचें, जो उनके रजिस्ट्रेशन में दर्ज है.

सहयोग की अपील 

सूचना एवं जनसंपर्क विभाग ने श्रद्धालुओं से यात्रा के दौरान सभी दिशा-निर्देशों का पालन करने और प्रशासन का पूरा सहयोग करने की अपील की है. विभाग ने भरोसा दिलाया है कि सभी श्रद्धालुओं को बाबा बर्फानी के दर्शन का अवसर मिलेगा, लेकिन यह यात्रा की तय प्रोसेस और रोज उपलब्ध क्षमता के अनुसार ही संभव होगा. इसलिए यात्रा पर निकलने से पहले एडवांस रजिस्ट्रेशन कराना और तय तारीख के अनुसार ही पहुंचना सबसे जरूरी है.

यह भी पढ़ें- Kedarnath Helicopter Booking के नाम पर बड़ा साइबर फ्रॉड, पहले ही जान लें ये जरूरी बातें, नहीं तो हो सकती है हजारों रुपये की ठगी
 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Amarnath Yatra, Utility News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com