- ग्रामीण इलाकों में कैसे मिलता है सस्ता बैंक लोन.
- खेती करने वाले लोग बैंक से ले सकते हैं सस्ता लोन.
- सरकारी और गैर सरकार बैंक लोन लिया जा सकता है.
ग्रामीण क्षेत्रों और छोटे कस्बों में अक्सर लोगों को किसी आपात स्थिति, व्यवसाय या कृषि कार्यों के लिए अचानक पैसों की आवश्यकता पड़ती है. हालांकि, सिबिल स्कोर (CIBIL Score), क्रेडिट हिस्ट्री या क्रेडिट कार्ड न होने के कारण कई लोग बैंक से लोन लेने में हिचकिचाते हैं, और मजबूरन साहूकारों के पास जाकर भारी ब्याज दरों के जाल में फंस जाते हैं. लेकिन छोटे गांव में रहने वाले लोग भी सस्ता लोन ले सकते हैं.
अगर आपके पास कोई क्रेडिट हिस्ट्री नहीं है, तब भी आप बैंकिंग सिस्टम का लाभ उठाकर कम ब्याज दर पर सुरक्षित लोन प्राप्त कर सकते हैं. गांव-कस्बों में सस्ता लोन पाने के कई आसान विकल्प हो सकते हैं.
कृषि क्षेत्र से जुड़े हैं तो लें 'किसान क्रेडिट कार्ड'
अगर आपका संबंध खेती-किसानी या पशुपालन से है, तो किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) सबसे सस्ता और आसान साधन है. KCC पर आमतौर पर 7% की ब्याज दर लगती है, लेकिन समय पर भुगतान करने पर सरकार 3% की सब्सिडी देती है, जिससे प्रभावी ब्याज दर मात्र 4% रह जाती है. अगर आप फसल उगाने के साथ-साथ डेयरी, बकरी पालन और मछली पालन करते हैं तो इसके लिए भी KCC के तहत रियायती लोन उपलब्ध है.
गोल्ड लोन के जरिए कम दरों पर तुरंत फंड
ग्रामीण इलाकों में सोना केवल एक संपत्ति नहीं, बल्कि सबसे संकटमोचक वित्तीय साधन है. गोल्ड लोन एक सुरक्षित लोन होता है, इसलिए बैंक आपका सिबिल स्कोर नहीं देखते. अनसिक्योर्ड पर्सनल लोन के मुकाबले गोल्ड लोन की ब्याज दरें काफी कम होती हैं. बैंक या NBFC में अपने सोने के गहने गिरवी रखकर आप कुछ ही घंटों में लोन प्राप्त कर सकते हैं.
FD या RD के बदले लोन
अगर आपने पोस्ट ऑफिस या बैंक में फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) या रिकरिंग डिपॉजिट (RD) करा रखी है, तो आपको उसे समय से पहले तोड़ने की जरूरत नहीं है. FD या RD में जमा राशि का 80% से 90% लोन ले सकते हैं. इस लोन पर ब्याज दर आपकी FD पर मिलने वाले ब्याज से केवल 1% से 2% अधिक होती है, जो किसी भी सामान्य लोन से काफी सस्ती पड़ती है.
गारंटर के जरिये लोन
अगर आपका अपना कोई क्रेडिट स्कोर नहीं है, तो आप अपने परिवार के किसी ऐसे सदस्य जैसे पिता, भाई या पत्नी को सह-आवेदक बना सकते हैं, जिनकी नियमित आय हो.किसी ऐसे व्यक्ति को गारंटर बनाकर भी आवेदन किया जा सकता है, जिसका क्रेडिट स्कोर अच्छा हो. इससे बैंक का जोखिम कम हो जाता है और लोन आसानी से स्वीकृत हो जाता है.
यह भी पढ़ें | लोन का पेपर साइन करने से पहले KFS में जरूर देखें ये 4 बातें, तो नहीं चलेगी बैंक की चालाकी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं