सोमवार, 15 जून से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से कमर्शियल फ्लाइट्स शुरू हो चुकी हैं. लेकिन अभी भी कई लोगों को एयरपोर्ट तक पहुंचने में परेशानी हो रही है. खासकर दिल्ली, एनसीआर, आगरा और मथुरा की तरफ से आने वाले यात्रियों को गूगल मैप कई बार गलत रास्ता दिखा रहा है. ऐसे में सही रूट की जानकारी पहले से होना बहुत जरूरी है. आइए जानते हैं एयरपोर्ट तक पहुंचने का सही रास्ता कौन सा है-
एयरपोर्ट पहुंचने का सबसे आसान रास्ता
फिलहाल नोएडा एयरपोर्ट के यात्री टर्मिनल तक पहुंचने के लिए दिल्ली-मुंबई लिंक ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे सबसे सही रास्ता है. अगर आप यमुना एक्सप्रेसवे से आ रहे हैं, तो आपको दयानतपुर इंटरचेंज से निकलना होगा. यहां से दिल्ली-मुंबई लिंक ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे पर चढ़कर आप सीधे एयरपोर्ट पहुंच सकते हैं. इस रास्ते से एयरपोर्ट का एंट्री गेट सिर्फ 700 मीटर दूर पड़ता है.
एयरपोर्ट तक पहुंचने के लिए बनने वाली 60 मीटर वीआईपी रोड और दूसरी कनेक्टिविटी परियोजनाएं अभी पूरी तरह शुरू नहीं हुई हैं. इसी वजह से अभी दयानतपुर इंटरचेंज वाला रास्ता ही सबसे आसान और सुविधाजनक माना जा रहा है.
गूगल मैप कहां कर रहा है गलती?कई लोगों को गूगल मैप अभी भी पुराने जेवर-बुलंदशहर रोड की तरफ भेज रहा है. लेकिन यह रास्ता यात्री टर्मिनल के लिए नहीं है. यह सड़क फिलहाल कार्गो टर्मिनल तक जाती है. ऐसे में यात्री एयरपोर्ट की बजाय कार्गो एरिया के गेट पर पहुंच जाते हैं और फिर उन्हें वापस लौटकर सही रास्ता पकड़ना पड़ता है. इससे समय भी खराब होता है और ईंधन की भी बर्बादी होती है.
कार्गो टर्मिनल पर आम लोगों की एंट्री नहींकार्गो टर्मिनल पर सुरक्षा व्यवस्था काफी सख्त है. वहां सिर्फ निर्माण कार्य में लगे वाहन, कार्गो से जुड़े लोग और अनुमति प्राप्त वाहनों को ही एंट्री मिलती है. आम यात्रियों को अंदर जाने की इजाजत नहीं होती.
रास्ते में इन संकेतों पर ध्यान दें- अगर आप ग्रेटर नोएडा की तरफ से यमुना एक्सप्रेसवे पर आ रहे हैं, तो दयानतपुर इंटरचेंज से लगभग 100 मीटर पहले एयरपोर्ट का साइन बोर्ड लगा हुआ है.
- ग्रेटर नोएडा के जीरो प्वाइंट से यह इंटरचेंज करीब 32 किलोमीटर दूर है. साइन बोर्ड दिखते ही बाईं तरफ मुड़ें और सीधे एयरपोर्ट की ओर बढ़ जाएं.
यानी अगर आपकी फ्लाइट नोएडा एयरपोर्ट से है, तो घर से निकलने से पहले सिर्फ गूगल मैप पर भरोसा न करें. इससे आप बिना भटके समय पर एयरपोर्ट पहुंच जाएंगे और आपकी यात्रा भी आरामदायक रहेगी.
यह भी पढ़ें- नोएडा-ग्रेटर नोएडा की ई-बसों के नए रूट जारी, कुछ स्टॉपेज हटे और कई नए जुड़े, देखें पूरी लिस्ट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं