उत्तर प्रदेश के नोएडा में कुछ दिन पहले असम की युवती महक अहमद की हत्या कर दी गई थी. अब इस मामले का आरोपी रमन राज को बिहार में पांच लीटर शराब के साथ गिरफ्तार किया गया है. घटना के बारे में जानकारी देते हुए कटिहार डीएसपी ने बताया कि असम की युवती महक अहमद का शव 8 अगस्त को उनके ही नोएडा स्थित बरौला नेस्ट रेंटल पैनोरमा के बिल्डिंग में मिला था.
अब इस मामले के आरोपी का कटिहार कनेक्शन सामने आया है और इसी वजह से नोएडा पुलिस उसे ढूंढते हुए कटिहार पहुंची है. इस हत्याकांड कई ऐसे खुलासे हो रहे हैं जिस वजह से सभी हैरान हैं. दरअसल महक की हत्या के आरोपी रमन राज मूल रूप से कटिहार नगर थाना क्षेत्र के नया टोला इलाके का रहने वाला है.
प्रोफेशनल रूप से बीटेक की डिग्री हासिल करने वाला रमन इस बिल्डिंग के अलग फ्लोर पर रेंट पर रहता था. रमन की महक के साथ दोस्ती थी, दोनों मिला करते थे. फिर 8 अगस्त के रात रमन के रूम में ही महक का शव बरामद हुआ है जिसके बाद से वो फरार हो गया था.
अब हैरानी की बात यह है कि नोएडा में हत्या के बाद रमन को कटिहार पुलिस ने बिहार में पांच लीटर शराब के साथ गिरफ्तार किया है. जैसे ही नोएडा पुलिस को यह जानकारी मिली, मौके पर एक टीम को भेजा गया जो अभी रमन की रिमांड बिहार पुलिस से हासिल करने की कोशिश कर रही है. इस मामले में सबसे दिलचस्प पहलू यह है कि नोएडा की वारदात का कनेक्शन पहले बिहार से जुड़ा और फिर शराबबंदी की वजह से आरोपी गिरफ्तार हो गया.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं