गाजियाबाद में घर खरीदने की प्लानिंग कर रहे लोगों के लिए अच्छी खबर है. गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (GDA) ने मधुबन बापूधाम स्थित अधूरी ग्रुप हाउसिंग प्रोजेक्ट के 198 फ्लैट्स को पूरा करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है. इसके लिए प्राधिकरण ने डिमांड सर्वे शुरू किया है और अपनी ऑफिशियल वेबसाइट पर सर्वे लिंक भी लाइव कर दिया है. इच्छुक व्यक्ति अपनी राय दर्ज कर इस प्रोजेक्ट के विकास में भागीदारी कर सकते हैं. GDA का कहना है कि इस सर्वे का मकसद नागरिकों की रियल रेजिडेंशियल जरूरतों और रुचि का आकलन करना है, ताकि उसी के अनुसार प्रोजेक्ट को पूरा किया जा सके.
सर्वे के बाद होगा फैसला
प्राधिकरण के अनुसार, डिमांड सर्वे से मिले फीडबैक के आधार पर यह तय किया जाएगा कि इस अधूरे प्रोजेक्टको पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल के जरिए पूरा किया जाए या फिर GDA खुद इसका निर्माण पूरा करेगा. इससे लोगों की जरूरतों और बाजार की मांग के अनुसार प्रोजेक्ट को अंतिम रूप देने में मदद मिलेगी.
सर्वे में क्या-क्या जानकारी देनी होगी?
डिमांड सर्वे में भाग लेने के लिए आवेदकों को अपना नाम और मोबाइल नंबर दर्ज करना होगा. इसके बाद उन्हें अपनी पसंद के फ्लैट का आकार और संभावित कीमत से जुड़ी जानकारी चुननी होगी. अंत में यह भी बताना होगा कि वे इस योजना में रुचि रखते हैं या नहीं. सर्वे पूरा करने के लिए मोबाइल पर प्राप्त OTP दर्ज करना होगा. OTP वेरिफिकेशन के बाद आपकी राय सफलतापूर्वक दर्ज हो जाएगी.
फ्लैट का आकार और कीमत
- GDA ने सर्वे में दो प्रकार के फ्लैट ऑप्शंस उपलब्ध कराए हैं. इनमें शामिल हैं -
- 126 वर्गमीटर (2BHK) फ्लैट की संभावित कीमत 85 लाख से 90 लाख रुपए के बीच रखी गई है.
- 131 वर्गमीटर (2BHK) फ्लैट की संभावित कीमत 90 लाख रुपये से 1 करोड़ रुपए तक हो सकती है.
- हालांकि, फाइनल कीमत और दूसरी शर्तें प्रोजेक्ट को मंजूरी मिलने के बाद तय की जाएंगी.
बेहतरीन कनेक्टिविटी होगी बड़ी खासियत
मधुबन बापूधाम का यह प्रोजेक्ट बेहतर लोकेशन और कनेक्टिविटी के चलते एक शानदार ऑप्शन माना जा रहा है. यह दिल्ली-मेरठ रोड (NH-58), शहीद स्थल मेट्रो स्टेशन, दुहाई RRTS स्टेशन और गुलधर RRTS स्टेशन के नजदीक है. इससे दिल्ली, गाजियाबाद और मेरठ के बीच आना-जाना आसान होगा. GDA ने नागरिकों से ज्यादा से ज्यादा संख्या में डिमांड सर्वे में भाग लेने की अपील की है.
यह भी पढ़ें: साइबर क्राइम रिपोर्ट करने की फर्जी वेबसाइट बनाकर ठगी कर रहे स्कैमर्स, जानिए सेफ रहने के जरूरी टिप्स
यह भी पढ़ें: आज और कल गुरुग्राम में लगने जा रहा है वॉटर बिलिंग कैंप, पानी के बिल से जुड़ी समस्याएं होंगी दूर, जानें पूरी डिटेल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं