जम्मू से दक्षिण भारत के प्रमुख धर्मिक स्थलों की यात्रा के लिए स्पेशल ट्रेन चलाया जाएगा. जिससे जम्मू के लोगों को दक्षिण भारत की धार्मिक यात्रा का अवसर मिलेगा. IRCTC ने जम्मू से 'भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन' के जरिए 'दक्षिण भारत यात्रा' पैकेज शुरू किया है. यह ट्रेन 14 नवंबर को शुरू होने वाली है जो जम्मू से रवाना होगी. 14 नवंबर को शुरू हो रही ट्रेन की यात्रा 13 दिन और 12 रात की होगी और यात्रा पूरी करने के बाद 26 नवंबर को वापस जम्मू पहुंचेगी. इस दौरान कई प्रमुख धार्मिक स्थलों पर यात्रियों को घुमाया जाएगा.
IRCTC के मुताबिक, यह स्पेशल ट्रेन एक टूरिस्ट ट्रेन होगी. जो 13 दिनों तक यात्रियों के साथ रहेगी. यानी एक ही ट्रेन पर सवार होना है और यही ट्रेन सभी जगह घुमाते हुए वापस जम्मू स्टेशन पहुंचेगी.
कौन से प्रमुख स्थान पर पहुंचेगी ट्रेन
दक्षिण भारत यात्रा ट्रेन धार्मिक यात्रा के तहत दक्षिण भारत के पांच प्रमुख स्थलों को शामिल किया गया है. इनमें तिरुपति, रामेश्वरम, मदुरै, कन्याकुमारी और मल्लिकार्जुन (मरकापुर) प्रमुख हैं. यात्रा का मुख्य उद्देश्य जम्मू क्षेत्र के उन लोगों को सुविधाजनक तरीके से धार्मिक यात्रा का अवसर उपलब्ध कराना है, जिनके लिए दक्षिण भारत जैसे दूरस्थ क्षेत्रों की तीर्थयात्रा करना आसान नहीं होता. आईआरसीटीसी के प्रति लोगों के भरोसे को देखते हुए यह पैकेज तैयार किया गया है, ताकि यात्री एक संगठित यात्रा के जरिए अपने धार्मिक स्थलों का दर्शन कर सकें.
कितना लगेगा पैसा
यात्रियों की सुविधा और बजट को ध्यान में रखते हुए यात्रा के लिए तीन श्रेणियां रखी गई है. कंफर्ट कैटेगरी में यात्री सेकेंड एसी से सफर करेंगे. इस श्रेणी में एसी होटल और साइटसीइंग के लिए एसी वाहनों की सुविधा मिलेगी. इसकी अनुमानित कीमत करीब 56 हजार रुपए प्रति व्यक्ति है.
इसी तरह, स्टैंडर्ड कैटेगरी में यात्रियों को थर्ड एसी में यात्रा कराई जाएगी. ठहरने के लिए एसी होटल उपलब्ध होंगे, जबकि साइटसीइंग के लिए नॉन-एसी परिवहन की व्यवस्था होगी. जहां केवल वॉश एंड चेंज की सुविधा होगी, वहां नॉन-एसी होटल उपलब्ध कराया जाएगा. वहीं, इकोनॉमी कैटेगरी में स्लीपर क्लास से यात्रा की सुविधा दी जाएगी. इस तरह यात्री अपनी सुविधा और बजट के अनुसार तीनों विकल्पों में से किसी एक का चयन कर सकते हैं.
पहले आओ पहले पाओ आधार पर बुकिंग
IRCTC के संयुक्त महाप्रबंधन (पर्यटन) हर्षदीप ने बताया कि जम्मू से दक्षिण भारत के लिए पहली बार इस तरह की विशेष ट्रेन शुरू की जा रही है. उन्होंने उम्मीद जताई कि यात्रियों को इसका लाभ मिलेगा और लंबे समय से धार्मिक यात्रा की इच्छा रखने वाले लोग इस पैकेज के माध्यम से अपनी यात्रा पूरी कर सकेंगे. उन्होंने बताया कि जम्मू क्षेत्र से अब तक करीब 150 सीटें बुक हो चुकी हैं और उम्मीद है कि जल्द ही ट्रेन की सभी सीटें भर जाएंगी. उन्होंने यात्रियों से जल्द बुकिंग कराने की अपील करते हुए कहा कि सीटें 'पहले आओ, पहले पाओ' के आधार पर उपलब्ध हैं.
यह भी पढ़ेंः गणेश चतुर्थी से पहले 262 Special Train का तोहफा, आम लोगों को मिलेगा किराए में भी फायदा, जानें रूट्स
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं