Fake Customer Care Number Scam: आजकल के डिजिटल दौर में साइबर अपराधी लोगों को ठगने का नया-नया तरीका निकाल रहे हैं. एक तरफ जहां इंटरनेट की दुनिया में कई सारी चीजें आसान हो गई हैं, वहीं दूसरी तरफ स्कैमर्स भी इसके जरिए लोगों को आसानी से अपने स्कैम में फंसा रहे हैं. हाल ही में एक मामला सामने आया है जहां इंटरनेट सर्च पर दिख रहे कस्टमर केयर नंबर पर कॉल करने के कारण 12 लाख रुपये की ठगी हो गई है. इसी कड़ी में आज हम आपको बताने जा रहे हैं कि ये स्कैम कैसे होता है और इससे कैसे बचा जा सकता है. इसकी जानकारी इंडियन साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर, (आई4सी), गृह मंत्रालय ने अपने आधिकारिक X हैंडल के जरिए दी है.
यह भी पढ़ें: Barrier-Free Toll को झांसा देने की न करना गलती, भरना पड़ेगा दोगुना जुर्माना, जान लें जरूरी नियम
क्या है पूरा मामला?
आई4सी के आधिकारिक X हैंडल के अनुसार चंडीगढ़ के एक रिटायर्ड आर्मी अधिकारी को एक पार्सल भेजना था. उन्होंने इंटरनेट पर 'Blue Dart customer care number' सर्च किया और वहां दिख रहे नंबर पर कॉल किया. पहले 'होम पिकअप' के नाम पर उनसे 10 रुपये देने को कहा गया. इसके तुरंत बाद उन्हें व्हाट्सऐप पर 'ट्रैकिंग अपडेट' के नाम पर एक APK फाइल भेजी गई. जैसे ही उन्होंने वह फाइल इंस्टॉल की, ठगों को उनके फोन का रिमोट एक्सेस मिल गया और थोड़ी ही देर में उनके बैंक खाते से 12 लाख रुपये निकाल लिए गए.
कैसे होता है स्कैम?
आई4सी के आधिकारिक X हैंडल के मुताबिक स्कैमर्स SEO के जरिए फेक वेबसाइट और फेक फोन नंबर्स को सर्च इंजन पर ऊपर रैंक करवा देते हैं. इसके बाद जब कोई यूजर कस्टमर केयर नंबर सर्च करते हैं तो फर्जी नंबर ऊपर दिखने लगते हैं. जानकारी के अभाव में यूजर्स इस स्कैम में फंस जाते हैं और अपनी मेहनत की कमाई गंवा बैठते हैं.
A retired Army officer from Chandigarh wanted to send a parcel. He searched for “Blue Dart customer care number” on Google and called the number appearing in the search results.
— CyberDost I4C (@Cyberdost) May 24, 2026
In the name of “home pickup”, he was asked to make a payment of ₹10.
Soon after, an APK file was…
सेफ रहने के लिए जरूरी टिप्स
- सर्च रिजल्ट में दिख रहे कस्टमर केयर नंबर पर आंख बंदकर भरोसा न करें.
- नकली वेबसाइट और नंबर यूजर्स को भ्रमित करने के लिए ऑनलाइन दिख सकते हैं.
- व्हाट्सऐप या किसी भी मैसेजिंग प्लेटफॉर्म से मिली APK फाइल या अनजान ऐप कभी इंस्टॉल न करें.
- कस्टमर केयर की जानकारी हमेशा कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट से ही चेक करें.
स्कैम हो जाए तो क्या करें?
अगर आप या आपका कोई परिचित किसी तरह के स्कैम का शिकार हो जाता है तो https://cybercrime.gov.in/ पर तुरंत रिपोर्ट करें या फिर या 1930 नंबर पर कॉल करें.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं