- ड्राइविंग लाइसेंस के नियमों में बड़ा बदलाव होने वाला है.
- केंद्रीय मोटर यान नियमावली में संशोधन का मसौदा तैयार है.
- लर्निंग लाइसेंस से लेकर फ्री सेवा तक के लिए मसौदा तैयार.
Driving License Rules Change: केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने ड्राइविंग लाइसेंस से जुड़े नियमों में बदलाव की तैयारी कर ली है. ड्राइविंग लाइसेंस की प्रक्रियाओं को अधिक सख्त, पारदर्शी बनाने के लिए केंद्रीय मोटर यान नियमावली में बड़े संशोधन का मसौदा तैयार किया है. प्रस्तावित नियमों के तहत लर्निंग लाइसेंस की परीक्षा को पहले से अधिक शख्त बनाया जा रहा है. इसके अलावा एड्रेस, मोबाइल नंबर और अन्य विवरण अपडेट करने जैसी कई ऑनलाइन सेवाओं को करने की तैयारी की जा रही है.
लर्निंग लाइसेंस की परीक्षा होगी शख्त
प्रस्तावित मसौदे के अनुसार, लर्निंग लाइसेंस के लिए होने वाली परीक्षा में पास होने के लिए अब न्यूनतम 60 प्रतिशत के बजाय कम से कम 75 प्रतिशत अंक लाना अनिवार्य होगा. इसका उद्देश्य है कि लाइसेंस लेने से पहले आवेदकों को सड़क संकेतों, यातायात नियमों और सुरक्षित ड्राइविंग की पूरी समझ हो. सुरक्षित ड्राइविंग से जुड़ा ऑनलाइन ट्यूटोरियल कम से कम 30 मिनट का होना प्रस्तावित है. इसे पूरा करने के लिए आवेदकों को पहले मिलने वाले 7 दिन के बजाय 15 दिन का समय मिल सकता है. इसके साथ ही ट्यूटोरियल पूरा होने के बाद आवेदक को निर्धारित अवधि के भीतर लर्निंग टेस्ट देना होगा.
एड्रेस समेत अन्य अपडेट करने पर फीस होगी माफ
ड्राइविंग लाइसेंस निमय में बदलाव को लेकर सबसे बड़ी राहत बदलाव की प्रक्रिया और शुल्क में छूट से जुड़ी है. आधार ऑथेंटिकेशन के जरिए ऑनलाइन आवेदन करने पर लाइसेंस में एड्रेस बदलवाने, मोबाइल नंबर जोड़ने या बदलने, ईमेल आईडी अपडेट करने और अन्य निर्धारित सेवाओं पर कोई शुल्क नहीं लगेगा. जबकि पहले कई मामलों में स्मार्ट कार्ड या विवरण बदलने पर 200 रुपये तक का शुल्क लगता था.
निजी जानकारी या विवरण में बदलाव के आवेदनों पर 15 दिनों के भीतर निर्णय लेने का प्रावधान प्रस्तावित है. अगर आवेदन अस्वीकार किया जाता है, तो उसका कारण दर्ज करना होगा. वहीं, पते में बदलाव के आवेदन पर 30 दिन तक कोई फैसला न होने की स्थिति में उसे स्वतः स्वीकृत माने जाने का प्रस्ताव रखा गया है.
दस्तावेज, फॉर्म और लाइसेंस कार्ड
प्रस्तावित मसौदे में पहचान, जन्मतिथि और पते के प्रमाण के लिए विभिन्न मान्य दस्तावेजों की सूची भी शामिल की गई है, जिसमें आधार, पासपोर्ट, मतदाता पहचान पत्र, जन्म प्रमाणपत्र, मान्यता प्राप्त शैक्षणिक प्रमाणपत्र और हाल के बिजली या गैस बिल जैसे विकल्प शामिल हैं. इसके अलावा लाइसेंस से जुड़ी सेवाओं के लिए एकीकृत आवेदन फॉर्म, ब्लड ग्रुप व आपातकालीन संपर्क विवरण जैसी जानकारियां जोड़ने तथा कार्ड के प्रारूप और लाइसेंस सरेंडर और निलंबन से जुड़े नियमों को स्पष्ट करने की दिशा में कदम उठाए जा रहे हैं.
मंत्रालय ने इन प्रस्तावित संशोधनों पर सुझाव और आपत्तियां आमंत्रित की हैं, जिसके बाद अंतिम अधिसूचना जारी होने पर ये नियम लागू होंगे.
यह भी पढ़ें | दवा कारोबारियों के लिए बड़ा बदलाव, बल्क ड्रग्स की होलसेल बिक्री पर अलग लाइसेंस का नियम
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं