Delhi Metro Survey: अगर आप दिल्ली मेट्रो से सफर करते हैं तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है. DMRC अपने यात्रियों की राय जानने और सुविधा-सेवा को बेहतर बनाने के लिए एक नई पहल शुरू करने जा रही है. 13 अप्रैल 2026 से 10 मई 2026 तक Customer Satisfaction Survey (ग्राहक संतुष्टि सर्वेक्षण) का 13वां संस्करण आयोजित किया जा रहा है. इस सर्वेक्षण का आयोजन लंदन स्थित परिवहन रणनीतिक केंद्र द्वारा किया जा रहा है, जो COMET बैंचमार्किंग ग्रुप का संचालन करता है. आइए इसके बारे में विस्तार से जानते हैं...
यह भी पढ़ें: दिल्ली में प्रवासी मजदूरों के लिए लगेंगे स्पेशल कैंप, मिलेंगे गैस सिलेंडर, जानिए क्या होगी प्रक्रिया
दिल्ली मेट्रो के बारे में क्या सोचते हैं यात्री?
ग्राहक संतुष्टि सर्वेक्षण (Customer Satisfaction Survey) का मुख्य उद्देश्य यह जानना है कि मेट्रो यात्री सेवाओं के विभिन्न पहलुओं के बारे में क्या सोचते हैं. इसके माध्यम से यात्रियों से सुझाव और प्रतिक्रिया भी ली जाएगी, ताकि सर्विस की क्वालिटी में सुधार किया जा सके. अधिकारियों का मानना है कि यात्रियों की राय से मेट्रो सेवाओं को और अधिक प्रभावी और सुविधाजनक बनाया जा सकता है.
CUSTOMER SATISFACTION SURVEY FROM 13TH APRIL, 2026 (MONDAY) TO 10TH MAY, 2026 (SUNDAY)
— Delhi Metro Rail Corporation (@OfficialDMRC) April 10, 2026
The Transport Strategic Centre (TSC), London, which manages the COMET benchmarking group, is conducting the “13th edition of the Online Customer Satisfaction Survey" from 13th April, 2026…
यात्री यहां दर्ज कराएं अपना जवाब
सर्वे में भाग लेने के इच्छुक यात्री दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन की आधिकारिक वेबसाइट https://delhimetrorail.com/ पर जाकर दिए गए लिंक के माध्यम से अपना जवाब दर्ज कर सकते हैं. यह सर्वे हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में उपलब्ध है, जिससे अधिक से अधिक लोग इसमें आसानी से भाग ले सकें.
इन विषयों पर दे सकते हैं अपनी राय
इस सर्वेक्षण में यात्री मेट्रो सेवा से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर अपनी राय दे सकते हैं. इनमें मेट्रो की उपलब्धता, स्टेशनों तक पहुंच, उपयोग में सरलता, यात्रा से पहले और यात्रा के दौरान मिलने वाली जानकारी, समय की पाबंदी, ग्राहक सेवा, यात्रा के दौरान आराम, भीड़भाड़ की स्थिति, सुरक्षा व्यवस्था और ओवरऑल सटिस्फैक्शन जैसे पहलू शामिल हैं.

यात्रियों से अधिक से अधिक भाग लेने की अपील
बताया गया है कि इस सर्वेक्षण में दुनिया भर के कई मेट्रो संगठन भी भाग ले रहे हैं. इसका उद्देश्य यह समझना है कि अलग-अलग देशों के यात्री अपनी मेट्रो सेवाओं के बारे में क्या सोचते हैं. सर्वे के रिजल्ट के आधार पर बेहतर कार्यप्रणालियों को अपनाने में मदद मिलेगी, जिससे यात्रियों को और बेहतर सुविधाएं दी जा सकें. अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस सर्वे में भाग लें और अपनी ईमानदार राय दें. उनका कहना है कि इससे भविष्य में मेट्रो सेवाओं को यात्रियों की जरूरतों के अनुसार और बेहतर बनाया जा सकेगा.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं