एयर इंडिया एक्सप्रेस नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (NMIA) से अबू धाबी के लिए सीधी अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की शुरुआत कर दी है. यह महाराष्ट्र के सबसे नए एयरपोर्ट से अंतरराष्ट्रीय सेवाएं शुरू करने वाली पहली एयरलाइन बन गई है. एयर इंडिया एक्सप्रेस ने नवी मुंबई और अबू धाबी के बीच डायरेक्ट फ्लाइट्स शुरू करने की घोषणा की है. एयरलाइन के मुताबिक, शुरुआत में हफ्ते में दो दिन फ्लाइट का संचालन किया जाएगा. इसके बाद 1 दिन और जोड़ा जाएगा, जिससे हफ्ते में तीन दिन सीधी फ्लाइट की सुविधा मिलेगी.
नवी मुंबई-अबू धाबी सीधी उड़ान का शेड्यूल
एयरलाइन के अनुसार, नई सेवाएं 15 जुलाई से शुरू होने वाली है. नई सेवाओं का संचालन शुरू में हफ्ते में दो बार बुधवार और शुक्रवार को किया जाएगा. इसके बाद 29 जुलाई से रविवार को एक सर्विस जोड़कर इसे हफ्ते में तीन फ्लाइट तक बढ़ाया जाएगा. शुरुआती शेड्यूल के तहत, फ्लाइट अबू धाबी से सुबह 5:45 बजे निकलेगी और नवी मुंबई सुबह 10:20 बजे (स्थानीय समयानुसार) पहुंचेगी.
इसके अलावा, वापसी की फ्लाइट नवी मुंबई से सुबह 2:55 बजे निकलेगी और अबू धाबी सुबह 4:35 बजे (स्थानीय समयानुसार) पहुंचेगी.अबू धाबी सर्विस के जुड़ने के साथ, एयर इंडिया एक्सप्रेस नवी मुंबई से हफ्ते में 30 विमानों का संचालन करेगी, जो एयरपोर्ट को सीधे अबू धाबी, बेंगलुरु और दिल्ली से जोड़ेगी.
एयरलाइन ने कहा कि महाराष्ट्र में उसकी मौजूदगी लगातार बढ़ रही है, हर हफ्ते मुंबई से 95 से ज्यादा विमान, पुणे से 100 से ज्यादा और नागपुर से 14 विमान हैं. इस लॉन्च से मुंबई मेट्रोपॉलिटन क्षेत्र के यात्रियों को संयुक्त अरब अमीरात का एक और गेटवे मिलेगा, जिससे कनेक्टिविटी बढ़ेगी और यात्रा में ज्यादा सुविधा और विकल्प मिलेंगे.
नवी मुंबई-अबू धाबी सीधी उड़ान के टिकट बुकिंग शुरू
इसके अलावा, इस रूट के लिए बुकिंग अब एयरलाइन की वेबसाइट, मोबाइल एप्लिकेशन और दूसरे बुकिंग चैनल से शुरू हो गई है. एयर इंडिया एक्सप्रेस भारत और पश्चिम एशिया के बीच सबसे बड़े नेटवर्क में से एक चलाता है, जो कई भारतीय शहरों को बहरीन, कुवैत, ओमान, कतर, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात के गंतव्य स्थान से जोड़ता है.
यह भी पढ़ें:- नमो भारत ट्रेन के आनंद विहार स्टेशन पर मिलेगी स्काईवॉक की सुविधा, एक साथ मेट्रो, रेल और बस तक पहुंचना होगा आसान
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं