Delhi-Meerut Namo Bharat and Meerut Metro Train Fare: राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में सफर अब और आसान हो गया है. प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) ने मेरठ में नमो भारत ट्रेन और मेरठ मेट्रो को हरी झंडी दिखाकर बड़ी सौगात दी है. इस मौके पर यूपी के CM योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहे. 82 किलोमीटर लंबे दिल्ली-मेरठ कॉरिडोर के शुरू होने से दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बीच यात्रा तेज और सुविधाजनक हो गई है. इसके साथ ही एनसीआरटीसी ने दोनों सेवाओं की किराया सूची भी जारी कर दी है. आइए एक नजर डालते हैं इसपर-
Holi पर बड़ी राहत: दिल्ली और यूपी में मिलेगा मुफ्त गैस सिलेंडर, जानें कौन उठा सकेगा लाभ
सराय काले खां से मोदीपुरम तक नमो भारत का किराया
अगर आप दिल्ली के सराय काले खां स्टेशन से मोदीपुरम तक सफर करते हैं, तो सामान्य कोच में 210 रुपये किराया देना होगा. रास्ते में अलग-अलग स्टेशनों के लिए किराया अलग तय किया गया है. जैसे- न्यू अशोक नगर तक 30 रुपये, आनंद विहार तक 50 रुपये, साहिबाबाद तक 70 रुपये और गाजियाबाद तक 80 रुपये लगेंगे.
आगे बढ़ते हुए गुलधर के लिए 100 रुपये, दुहाई के लिए 110 रुपये और मुरादनगर के लिए 120 रुपये किराया है. मोदीनगर साउथ के लिए 140 रुपये, मोदीनगर नॉर्थ के लिए 150 रुपये, मेरठ साउथ के लिए 170 रुपये और शताब्दीनगर के लिए 180 रुपये तय किए गए हैं. बेगमपुल तक 200 रुपये और आखिर में मोदीपुरम तक 210 रुपये किराया देना होगा.
प्रीमियम कोच में यात्रा करने वालों को सामान्य किराये से 20 प्रतिशत ज्यादा भुगतान करना पड़ेगा.
मोदीपुरम से दिल्ली की ओर कितना खर्च?अगर यात्रा मोदीपुरम से शुरू होती है तो दिल्ली की तरफ सराय काले खां तक 210 रुपये किराया रहेगा. रास्ते में बेगमपुल के लिए 30 रुपये, शताब्दीनगर के लिए 50 रुपये, मेरठ साउथ के लिए 60 रुपये और मोदीनगर नॉर्थ के लिए 80 रुपये देने होंगे. गाजियाबाद के लिए 150 रुपये, आनंद विहार के लिए 180 रुपये और न्यू अशोक नगर के लिए 200 रुपये तय किए गए हैं.
मेरठ मेट्रो का किरायामेरठ शहर के अंदर चलने वाली मेरठ मेट्रो का न्यूनतम किराया 20 रुपये और अधिकतम 60 रुपये रखा गया है. मोदीपुरम से मेरठ साउथ तक जाने पर 60 रुपये खर्च होंगे.
मोदीपुरम से मेरठ नॉर्थ और डोरली के लिए 20 रुपये, एमईएस कॉलोनी और बेगमपुल के लिए 30 रुपये, भैंसाली के लिए 40 रुपये और मेरठ सेंट्रल, ब्रह्मपुरी, शताब्दीनगर व रिठानी के लिए 50 रुपये किराया है. परतापुर और मेरठ साउथ के लिए 60 रुपये तय किए गए हैं.
वहीं, मेरठ साउथ से वापस मोदीपुरम की तरफ यात्रा करने पर परतापुर और रिठानी के लिए 20 रुपये, शताब्दीनगर और ब्रह्मपुरी के लिए 30 रुपये, भैंसाली और बेगमपुल के लिए 40 रुपये, एमईएस कॉलोनी और डोरली के लिए 50 रुपये तथा मेरठ नॉर्थ और मोदीपुरम तक 60 रुपये देने होंगे.
इस नई सेवा से दिल्ली और मेरठ के बीच यात्रा न सिर्फ तेज होगी, बल्कि लोगों को किफायती और आरामदायक ऑप्शन भी मिलेगा.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं