Delhi Laxmi Yojana Latest News: दिल्ली सरकार की लक्ष्मी योजना (Delhi Laxmi Yojana) को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है. दरअसल, राज्य सरकार एक सितंबर 2026 से पात्र महिलाओं के खातों में 2,500 रुपये प्रतिमाह की वित्तीय सहायता राशि ट्रांसफर करना शुरू करेगी. इससे पहले यह चर्चा थी कि योजना की पहली किस्त रक्षाबंधन के मौके पर भेजी जा सकती है, लेकिन अब नई ऑफिसियल घोषणा के मुताबिक 26 अगस्त 2026 से योजना से संबंधित स्वीकृति पत्र (Acceptance Letters) बांटने की शुरुआत की जाएगी.
26 अगस्त को तालकटोरा स्टेडियम में मिलेंगे स्वीकृति पत्र
योजना को अमलीजामा पहनाने और पारदर्शी तरीके से सहायता राशि का वितरण सुनिश्चित करने के लिए राजधानी में बड़े स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं. इस सिलसिले में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने जिला स्तरीय समितियों को अब तक मिले सभी आवेदनों की जांच और भौतिक सत्यापन में तेजी लाने का निर्देश दिया है. प्रशासन का पूरा ध्यान यह सुनिश्चित करने पर है कि किसी भी पात्र महिला का आवेदन तकनीकी कारणों से न रुके. दरअसल, 26 अगस्त को दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में एक राज्य स्तरीय भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जहां लाभार्थियों को औपचारिक सहायता राशि मंजूरी के दस्तावेज यानी स्वीकृति पत्र प्रदान किए जाएंगे. इसके अलावा, आवेदनों के सत्यापन के बाद जिला स्तर पर भी पेंशन पत्रों बांटे जाएंगे. इसके बाद एक सितंबर से सीधे उनके बैंक खातों में पैसा भेजा जाएगा.
18 दिनों में 8 लाख रजिस्ट्रेशन
दिल्ली लक्ष्मी योजना के पोर्टल पर महिलाओं की ओर से जबरदस्त उत्साह देखने को मिला है. 1 अगस्त 2026 को रजिस्ट्रेशन की शुरुआत के बाद से अब लगभग 8 लाख से ज्यादा महिलाओं ने अपना रजिस्ट्रेशन कराया है. हालांकि इनमें से अभी तक 5 लाख से ज्यादा महिलाओं ने ही अपना आवेदन सफलतापूर्वक जमा किए हैं. ऐसे में जिन महिलाओं के फॉर्म में कोई गलती हुई है, उनके लिए पोर्टल पर जल्द ही करेक्शन विंडो ओपन किया जाएगा.
2500 रुपये का ऐसे होगा भुगतान
योजना के तहत मिलने वाली 2,500 रुपये की मासिक वित्तीय सहायता के लिए सरकार ने दो अलग-अलग पेमेंट ऑप्शन तय किए हैं. इस योजना के तहत 1,500 रुपये की राशि सीधे लाभार्थी महिला के बैंक खाते में आवर्ती जमा (RD) या फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) के रूप में जमा की जाएगी, जिसकी 31 जुलाई 2029 तक लॉकइन रहेगी. वहीं, 1,000 रुपये की राशि भारतीय रिजर्व बैंक के सेंट्रल बैंक डिजिटल करेंसी (CBDC) वॉलेट में डिजिटल रूप में तुरंत खर्च के लिए मिलेगी. अगर लाभार्थी महिला चाहे तो पूरी 2,500 रुपये की राशि को सीधे अपने बैंक के आरडी (RD) या एफडी (FD) खाते में सुरक्षित जमा करवा सकती है.
यह भी पढ़ें- लाडली बहनों के खाते में इस तारीख को आएंगे 1750 रुपये, लिस्ट में ऐसे चेक करें अपना नाम
दिल्ली लक्ष्मी योजना का मुख्य उद्देश्य राजधानी की गरीब और जरूरतमंद महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना, उनकी सामाजिक आर्थिक स्थिति में सुधार लाना और डिजिटल करेंसी (CBDC) जैसी आधुनिक वित्तीय सेवाओं से जोड़ना है. 5 लाख से अधिक महिलाओं के आवेदनों के सत्यापन के बाद अब सितंबर माह से इन परिवारों को नियमित वित्तीय सहायता मिलने लगेगी.
यह भी पढ़ें- दो लाख का बीमा व 3000 रुपये महीना पेंशन समेत मिलेंगे ये 4 धांसू फायदे, घर बैठे 5 मिनट में ऐसे बनाए ईश्रम कार्ड
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं