Heatwave: देश की राजधानी दिल्ली में गर्मी का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है. भीषण गर्मी और लू को देखते हुए दिल्ली सरकार ने पब्लिक को बचाव करने की सलाह दी है. हालांकि, गर्मी का सबसे ज्यादा असर उन लोगों पर पड़ता है, जिन्हें काम के लिए रोज घर से बाहर निकलना पड़ता है. ऐसे में गर्मी से बचने के लिए मजदूर या फिर अन्य लोग, जो मंडियों आदि में काम करते हैं, वह क्या करते हैं? आजादपुर मंडी, जो एशिया की सबसे बड़ी फल और सब्जी मंडियों में से एक है, वहां काम करने वाले हजारों मजदूर इस तेज गर्मी में बिना किसी आराम के काम कर रहे हैं.
एशिया की सबसे बड़ी फल और सब्जी मंडियों में एक आजादपुर में हर दिन हजारों लोग काम करने के लिए आते हैं. गर्मी से बचने के लिए किसी ने सिर पर गमछा रखा हुआ है, तो कोई सत्तू पी रहा है. यहां लोगों का कहना है कि गर्मी में काम नहीं करेंगे तो क्या खाएंगे क्या? चलिए आपको बताते हैं गर्मी से बचने के लिए क्या करना चाहिए.
गर्मी से बचने के लिए क्या करें?
हल्के सूती कपड़े- धूप से बचने के लिए शरीर को पूरी तरह से ढके रहने वाले हल्के सूती कपड़े और सिर पर टोपी या गमछा पहनना चाहिए.
हाइड्रेशन- शरीर को ठंडा रखने के लिए बार-बार पानी, ओआरएस, नींबू पानी और लस्सी का सेवन करें
काम के घंटे में बदलाव- तेज धूप में यानी दोपहर 1-4 बजे के दौरान काम से ब्रेक लेना चाहिए
यह भी पढ़ें:- UPPCL ने बताया AC चलाने का स्मार्ट मंत्र, ठंडक भी और बचत भी, बिजली बचाने का स्मार्ट तरीका
हालांकि, आयुष मंत्रालय ने भीषण गर्मी और लू से बचाव को लेकर एक पब्लिक हेल्थ एडवाइजरी जारी की है. मंत्रालय ने लोगों को ज्यादा से ज्यादा पानी पीने, दोपहर की तेज धूप से बचने, हल्के सूती कपड़े पहनने और शरीर में पानी की कमी ना होने देने की सलाह दी है. एडवाइजरी में कहा गया है कि अगर चक्कर आना, सिरदर्द, मतली, शरीर का तापमान बहुत बढ़ना, बेहोशी, दौरे पड़ना या मानसिक स्थिति में बदलाव जैसे लक्षण दिखें तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए, क्योंकि यह हीट स्ट्रोक के संकेत हो सकते हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं