Delhi News: दिल्ली में आम लोगों को साफ और सस्ता पीने का पानी उपलब्ध कराने के लिए एक नई पहल शुरू की गई है. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने डॉक्टर भीमराव अंबेडकर जयंती के मौके पर शालीमार बाग क्षेत्र में वॉटर एटीएम का उद्घाटन किया. यह पहल खासतौर पर उन लोगों के लिए राहत लेकर आई है, जो अब तक साफ पानी के लिए परेशानी झेलते रहे हैं. ऐसे में आइए जानते हैं कि आखिर वॉटर एटीएम होते क्या हैं, ये कैसे काम करेंगे और किन लोगों को इनका सीधा फायदा मिलने वाला है-
क्या है वॉटर एटीएम और कैसे करता है काम?
वॉटर एटीएम एक आधुनिक मशीन है, जहां से लोग आसानी से शुद्ध पीने का पानी ले सकते हैं. यह किसी साधारण टंकी की तरह नहीं है, बल्कि इसमें 5-स्टेज RO तकनीक का इस्तेमाल किया गया है. यह तकनीक गंदे, खारे या अशुद्ध पानी को पूरी तरह साफ और पीने योग्य बना देती है. यह सिस्टम 3000 TDS तक के पानी को भी फिल्टर कर सकता है, जिससे पानी सुरक्षित और मीठा हो जाता है.
किन इलाकों को मिलेगा सबसे ज्यादा फायदा?यह सुविधा शालीमार बाग के वार्ड नंबर 55, 56 और 57 में शुरू की गई है. कुल 7 स्थानों पर वॉटर एटीएम लगाए गए हैं, जिनमें जीपी ब्लॉक और बेरीवाला बाग ब्लॉक शामिल हैं. इस योजना का सबसे ज्यादा लाभ पीतमपुरा और शालीमार बाग की सेवा बस्तियों में रहने वाले परिवारों को मिलेगा. अब उन्हें साफ पानी के लिए दूर जाने या महंगा पानी खरीदने की जरूरत नहीं पड़ेगी.
यह भी पढ़ें- सावधान! स्कैमर्स अपना रहे Digital Arrest Scam का नया तरीका, सेफ रहने के लिए रखें इन बातों का ध्यान
24 घंटे उपलब्धता और सख्त निगरानीइन वॉटर एटीएम की एक बड़ी खासियत यह है कि ये 24 घंटे चालू रहेंगे. साथ ही, मशीनों की कार्यक्षमता और पानी की गुणवत्ता पर लगातार डिजिटल निगरानी रखी जाएगी, ताकि लोगों को हमेशा साफ पानी मिल सके. हर मशीन प्रति घंटे लगभग 2000 लीटर पानी देने में सक्षम है.
हर व्यक्ति को तय मात्रा में मिलेगा पानीइस योजना के तहत हर व्यक्ति को रोजाना लगभग 20 लीटर तक पीने का पानी मिल सकेगा. इसके लिए वॉटर एटीएम कार्ड जारी किए जाएंगे, जिनकी मदद से लोग आसानी से पानी ले सकेंगे.
अंबेडकर के विजन को आगे बढ़ाने की पहलमुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल डॉक्टर भीमराव अंबेडकर के उस विजन को आगे बढ़ाने की कोशिश है, जिसमें हर नागरिक को मूलभूत सुविधाएं मिलनी चाहिए. सरकार का लक्ष्य है कि समाज के हर वर्ग तक जरूरी सुविधाएं पहुंचे और सभी लोग सम्मान के साथ जीवन जी सकें.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं