Kolkata News: पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के सोनारपुर में चुनाव बाद हुई हिंसा के पीड़ितों से मिलने पहुंचे TMC के राष्ट्रीय महासचिव और सांसद अभिषेक बनर्जी (Abhishek Banerjee) पर कथित जानलेवा हमले के बाद सूबे की राजनीति गरमा गई है. शनिवार शाम हुई इस घटना को लेकर तृणमूल कांग्रेस (TMC) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है. TMC ने जहां इसे बीजेपी की सोची-समझी साजिश करार दिया है, वहीं बीजेपी ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे अभिषेक बनर्जी के अहंकार के खिलाफ जनता का आक्रोश बताया है.
'ये जनता का गुस्सा है, हमारा कोई हाथ नहीं'
TMC द्वारा बीजेपी पर उंगली उठाए जाने के बाद, पश्चिम बंगाल की बीजेपी नेता और मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने तीखी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा, 'अभिषेक बनर्जी के साथ जो हुआ, उसके जिम्मेदार वह खुद हैं. एक तरफ 15 साल का पुलिसिया अत्याचार है और दूसरी तरफ शाहजहां शेख जैसे लोग. यह अभिषेक बनर्जी का अहंकार है. आपने राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और गृह मंत्री को गालियां दीं. आज जो हो रहा है, वह जनता का गुस्सा है. पिछले 15 सालों से आप खुद को भगवान समझ रहे थे. आज आप पर अंडे फेंके जा रहे हैं, जूते फेंके जा रहे हैं. लोग आपके घर के सामने थूक रहे हैं और गालियां दे रहे हैं. राजनीति में हार-जीत होती है, लेकिन हम ऐसी राजनीति नहीं करते जहां लोग हमें जूतों की माला पहनाएं. इस स्थिति के लिए आप खुद जिम्मेदार हैं क्योंकि आपको लगता था कि आपको कोई हटा नहीं सकता. आपने कहा कि इसमें बीजेपी शामिल है, लेकिन हमारा इसमें कोई हाथ नहीं है, क्योंकि उस इलाके के 36 में से 35 वार्डों पर TMC का ही दबदबा है.'
#WATCH | Kolkata: Regarding the attack on TMC MP Abhishek Banerjee, West Bengal Minister Agnimitra Paul says, "What happened to him is wrong. We have repeatedly told people not to take the law into their own hands. But Abhishek Banerjee is responsible for what happened today. On… pic.twitter.com/sFNA3cFZtT
— ANI (@ANI) May 30, 2026
'मुझे जान से मारना चाहते थे'- अभिषेक बनर्जी
कथित हमले के बाद अभिषेक बनर्जी को कोलकाता के बेले व्यू अस्पताल (Belle Vue Hospital) ले जाया गया. अस्पताल से अभिषेक बनर्जी ने इसे बीजेपी-प्रायोजित हमला बताते हुए कहा कि उनकी हत्या की कोशिश की गई है. अभिषेक ने कहा, 'वे मुझे मारना चाहते थे. पूरी घटना कैमरे में कैद हो गई है. हम निश्चित रूप से इस मामले को कलकत्ता हाईकोर्ट और राज्यपाल के संज्ञान में लाएंगे. मैं इसके खिलाफ कोर्ट जाऊंगा. यह पूरी तरह से बीजेपी द्वारा प्रायोजित है. लोकतंत्र का यह कैसा उदाहरण है? अभी एक महीना भी नहीं हुआ है और पुलिस कहीं नजर नहीं आ रही है.'

अभिषेक बनर्जी से मुलाकात करने के बाद मीडिया से बात करतीं पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी.
Photo Credit: PTI
'अस्पतालों को दी जा रही धमकी'-ममता बनर्जी
घटना के बाद अस्पताल में अभिषेक बनर्जी से मिलने पहुंचीं पूर्व मुख्यमंत्री और TMC सुप्रीमो ममता बनर्जी ने भी सत्ताधारी दल और पुलिस पर बेहद गंभीर आरोप लगाए. ममता बनर्जी ने दावा किया, 'जो लोग सत्ता में बैठे हैं, वे अस्पतालों और प्रशासन को धमका रहे हैं कि अभिषेक बनर्जी को भर्ती न किया जाए, क्योंकि वे नहीं चाहते कि उनका इलाज हो. जब मैं अस्पताल प्रशासक के साथ बैठी थी, तो उन्होंने मुझे बताया कि उन्हें पुलिस से धमकी भरे फोन आ रहे हैं. डॉक्टर दुखी हैं, लेकिन उन पर भारी दबाव डाला जा रहा है.'
ये भी पढ़ें:- 'बाकियों का भी ऐसे ही हो एनकाउंटर', पुलिस मुठभेड़ में असद की मौत के बाद क्या बोलीं सूर्या की मां
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं