दिल्ली सरकार ने आगामी छठ महापर्व के दौरान यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए दिल्ली से बिहार के लिए 50 से अधिक अंतरराज्यीय (Interstate) बसें चलाने की योजना तैयार की है. यह उन लोगों के लिए राहत भरी खबर है, जो छठ महापर्व पर दिल्ली से बिहार यात्रा करते हैं. बताया जा रहा है कि इस योजना के तहत दिल्ली को बिहार के 11 प्रमुख शहरों से जोड़ा जाएगा. अधिकारियों के अनुसार, छठ पूजा से पहले इस सेवा के शुरू होने की संभावना है.
ड्राफ्ट एग्रीमेंट जारी
दिल्ली परिवहन विभाग ने दिल्ली और बिहार के बीच होने वाले पारस्परिक परिवहन समझौते (Reciprocal Transport Agreement) के लिए ड्राफ्ट एग्रीमेंट जारी कर 5 सितंबर तक जनता से सुझाव मांगे हैं.
11 शहरों से कनेक्टिविटी
अधिकारियों के अनुसार, ये बसें दिल्ली को बिहार के पटना, गया, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, बक्सर, पूर्णिया, किशनगंज, मधुबनी, चंपारण, बिहारशरीफ और भागलपुर से सीधे जोड़ेंगी. ऐसे में यात्रियों के लिए दिल्सी से इन रुट पर यात्रा करना काफी आसान हो जाएगा.
क्या है बस की रूट और सुविधाएं?
ये बसें करीब 1,000 किलोमीटर का सफर तय करेंगी, जिसका रूट नोएडा, लखनऊ, मथुरा और आजमगढ़ होते हुए तय होगा.
अगर बस की सुविधाओं की बात की जाए, तो इन रूट पर चलने वाली बसें 12 मीटर लंबी और बीएस-VI मानक वाली होंगी. साथ ही ये बसें नॉन-एसी, एसी सेमी-स्लीपर (डीलक्स) होंगी.
प्राइवेट बसों से कम होगा किराया
इन सरकारी बसों की सबसे खास बात यह है कि इन बसों का किराया प्राइवेट बसों से कम रखने की योजना है, ताकि आम यात्रियों की जेब पर अधिक बोझ न पड़े. यानी कम खर्च में आपको आरामदायक सफर का विकल्प मिल सकता है. यह भी ध्यान में रखें कि यह बस सुविधा सिर्फ छठ तक ही नहीं, बल्कि पूरे साल उपलब्ध रहेगी. इससे न सिर्फ यात्रियों को फायदा होगा, बल्कि दिल्ली ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (DTC) की कमाई भी बढ़ेगी.
ये भी पढ़ें - हाईटेक हुईं राजस्थान रोडवेज की बसें, सफर के साथ मनोरंजन भी... नई ब्लू लाइन बसों की जानें खासियत
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं