BRICS Summit 2026 Traffic Advisory: राजधानी दिल्ली के भारत मंडपम् में 18 वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की वजह से 12 सितंबर 2026 को राजधानी में यातायात प्रबंधन के कड़े इंतजाम किए गए हैं. दिल्ली पुलिस के मुताबिक, इस दौरान सुबह 9:30 बजे से लेकर रात 9:30 बजे तक नई दिल्ली क्षेत्र और लुटियंस दिल्ली को उत्तरी, दक्षिणी, पूर्वी और पश्चिमी दिल्ली से जोड़ने वाले कई प्रमुख कॉरिडोर पर गाड़ियों की आवाजाही को नियंत्रित व डायवर्ट किया जाएगा.
विदेशी मेहमानों और वीवीआईपी काफिलों के सुगम आवागमन को सुनिश्चित करने के लिए यातायात पुलिस ने नियंत्रित मार्गों, प्रतिबंधित क्षेत्रों और वैकल्पिक रास्तों का विस्तृत नक्शा जारी किया है.
इन प्रमुख सड़कों पर रहेगा ट्रैफिक का असर
- प्रमुख वीवीआईपी कॉरिडोर: सरदार पटेल मार्ग, मदर टेरेसा क्रीसेंट, तीन मूर्ति मार्ग, अकबर रोड, तीस जनवरी मार्ग, राजेश पायलट मार्ग, सुब्रमण्यम भारती मार्ग, मथुरा रोड, मोतीलाल नेहरू मार्ग, डॉ. जाकिर हुसैन मार्ग.
- कनेक्टिंग व आवासीय मार्ग: ब्रिगेडियर होशियार सिंह मार्ग, अफ्रीका एवेन्यू रोड, सत्य मार्ग, शांति पथ, जनपथ, अशोका रोड, बाराखंबा रोड, टॉलस्टॉय मार्ग, रंजीत सिंह फ्लाईओवर.
- डिप्लोमैटिक व आसपास के क्षेत्र: नीति मार्ग, पंचशील मार्ग, कमाल अतातुर्क मार्ग, एपीजे अब्दुल कलाम रोड, प्रेस एन्क्लेव रोड, लाल बहादुर शास्त्री मार्ग, जोसेफ ब्रोज टीटो मार्ग और लाला लाजपत राय मार्ग.
- हाइवे व मुख्य सड़कें: रिंग रोड, भैरों मार्ग, तिलक मार्ग, इंडिया गेट , पटेल रोड, एनएच 48 और परेड रोड पर भी आवाजाही नियंत्रित रहेगी.
22 प्रमुख चौराहों पर डायवर्जन
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने यात्रियों की सुविधा और आसानी से आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए 22 प्रमुख चौराहों पर विशेष डायवर्जन प्लान लागू किया है. इस व्यवस्था के तहत कई मुख्य चौराहों पर वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित किया गया है और वाहन चालकों को वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है.
डायवर्जन प्लान के तहत डॉ. दिनेश नंदिनी डालमिया चौक पर मथुरा रोड और तिलक मार्ग की ओर जाने वाले यातायात को प्रतिबंधित किया गया है. यहां से पूर्वी या दक्षिणी दिल्ली की ओर जाने वाले यात्री बहादुर शाह ज़फ़र मार्ग और आईपी मार्ग का प्रयोग कर सकते हैं. मध्य, उत्तरी और पश्चिमी दिल्ली के लिए वाहन BSZ मार्ग से दिल्ली गेट होकर निकल सकते हैं, जबकि नई दिल्ली या कनॉट प्लेस जाने वाले यात्री के लिए सिकंदरा रोड का विकल्प दिया गया है.
राम चरण अग्रवाल चौक से कमर्शियल वाहनों को W-Point की तरफ जाने की अनुमति नहीं होगी. यहां पूर्वी और दक्षिणी दिल्ली के लिए आईपी मार्ग, नई दिल्ली और कनॉट प्लेस के लिए दीन दयाल उपाध्याय मार्ग और मध्य, उत्तरी व पश्चिमी दिल्ली की तरफ जाने के लिए BSZ मार्ग होकर दिल्ली गेट वाले रास्ते का चयन करने के लिए कहा गया है.
मीर दर्द चौक पर महाराजा रणजीत सिंह मार्ग बंद रहेगा. इस क्षेत्र से नई दिल्ली, मध्य, उत्तरी और पश्चिमी दिल्ली जाने के लिए वाहन मीर दर्द मार्ग, अब्दुल गफ्फार मार्ग और DDU मार्ग का उपयोग कर सकते हैं. दूसरे क्षेत्रों के यात्री कोटला मार्ग से होकर BSZ मार्ग या DDU मार्ग की तरफ जा सकते हैं.
कनॉट प्लेस के आउटर सर्किल और सी-हेक्सागन से जुड़ने वाले रास्तों पर भी बदलाव किए गए हैं. कस्तूरबा गांधी मार्ग या आउटर सर्किल CP पर सी-हेक्सागन और आउटर सर्किल की तरफ जाने वाले रास्ते प्रभावित रहेंगे, जहां जनपथ को छोड़कर आउटर सर्किल की अन्य सड़कों से आवाजाही की जा सकती है. इसी तरह जनपथ व कनॉट प्लेस के पास आउटर सर्किल से सी-हेक्सागन की ओर जाना प्रतिबंधित है; इसकी जगह पर काली बाड़ी, शहीद भगत सिंह मार्ग, पंचकुइयां रोड, मिंटो रोड और बाराखम्बा रोड का इस्तेमाल करने के लिए कहा गया है.
पटेल चौक के पास विंडसर प्लेस और संसद मार्ग पर आरबीआई की तरफ जाने वाली आवाजाही नियंत्रित की गई है. यहां के यात्री अशोका रोड से जीपीओ मार्ग या संसद मार्ग का सहारा लेकर कनॉट प्लेस की ओर बढ़ सकते हैं. वहीं, आरएमएल अस्पताल गोल चक्कर पर मदर टेरेसा क्रीसेंट और तालकटोरा रोड को डायवर्ट किया गया है, जिसके लिए शेख मुजीबुर रहमान मार्ग या बाबा खड़क सिंह मार्ग को वैकल्पिक रास्ते के रूप में इस्तेमाल किया जा सकता है.
यह भी पढ़ें- दिल्ली में 3 दिन रहेगा पहियों पर ब्रेक! 35 सड़कें बंद, जानिए किन रास्तों से जाएं
यात्रियों के लिए ट्रैफिक पुलिस की सलाह
- मेट्रो का करें इस्तेमाल: जाम से बचने के लिए यात्रियों को निजी वाहनों के बजाय दिल्ली मेट्रो का उपयोग करने की सलाह दी गई है.
- अतिरिक्त समय लेकर निकलें: हवाई अड्डे, रेलवे स्टेशन या अंतरराज्यीय बस अड्डों की ओर जाने वाले यात्री अपनी यात्रा पूर्व नियोजित करें और पर्याप्त अतिरिक्त समय लेकर घर से निकलें.
- इमरजेंसी वाहनों को छूट: एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड और अन्य आपातकालीन सेवाओं से जुड़े वाहनों को प्राथमिकता के आधार पर पास कराया जाएगा.
- मैप संकेतक: एडवाइजरी मैप में नीले रंग से वैकल्पिक मार्ग, नारंगी रंग से नियंत्रित सड़कें, बैंगनी रंग से प्रतिबंधित क्षेत्र और लाल स्टार से डायवर्सन पॉइंट दर्शाए गए हैं.
यह भी पढ़ें- छठ के लिए 8 नवंबर को जाना है घर, सीटें हो गई फुल, जानिए अब कैसे मिलेगा कंफर्म टिकट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं