- भागलपुर विक्रमशिला सेतु को 90 दिनों के लिए बंद किया गया है.
- हजारों यात्रियों को परेशानी न हो इसके लिए फ्री क्रूज चलाए जा रहे.
- मालवाहक कार्गो जहाजों से वाहनों को दूसरी तरफ भेजा जा रहा है.
भागलपुर और कोसी-सीमांचल क्षेत्र को जोड़ने वाली लाइफलाइन कहा जाने वाला विक्रमशिला सेतु आगामी 3 महीने (90 दिनों) के लिए पूरी तरह बंद कर दिया गया है. पुल की मरम्मत के लिए 30 सितंबर की रात से इस पर गाड़ियों के आवाजाही पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है. पुल बंद होने से भागलपुर और नवगछिया के बीच रोजाना सफर करने वाले हजारों आम लोगों और वाहनों को कोई परेशानी न हो, इसके लिए बिहार सरकार और जिला प्रशासन ने गंगा नदी को पार करने के लिए मुफ्त क्रूज, स्टीमर और मालवाहक जहाजों का वैकल्पिक इंतजाम किया है.
गंगा पार करने के लिए 12 जहाज और मुफ्त सेवा
यात्रियों की सहूलियत के लिए गंगा नदी में कुल 12 सरकारी स्टीमर, क्रूज और जहाजों को उतारा गया है. सबसे बड़ी राहत की बात यह है कि बिहार सरकार द्वारा चलाई जा रही इस जल परिवहन सेवा के लिए यात्रियों से कोई भी किराया नहीं वसूला जाएगा, यानी यह सफर पूरी तरह मुफ्त होगा.
यात्रियों की सुरक्षा के कड़े इंतजाम
नाव और क्रूज पर सफर करने वाले हर एक यात्री की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लाइफ जैकेट पहनना अनिवार्य कर दिया गया है. वहीं क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाने से रोकने और सुरक्षा मानकों पर नजर रखने के लिए घाटों पर विशेष रूप से मोटरयान इंस्पेक्टर (MVI) तैनात किए गए हैं.
भारी और निजी वाहनों के लिए मालवाहक जहाज
छोटे यात्रियों के अलावा कारों, ट्रकों, ट्रैक्टरों और अन्य भारी कर्मशियल वाहनों को गंगा के इस पार से उस पार ले जाने के लिए मालवाहक कार्गो जहाजों का परिचालन किया जा रहा है. भारी वाहनों के लिए यह सेवा बाबूपुर घाट और महादेवपुर घाट के बीच संचालित की जा रही है.
VIDEO | Bihar: Traffic on the Vikramshila Setu, considered the lifeline of Bhagalpur, has been stopped completely.
— Press Trust of India (@PTI_News) October 1, 2026
The BRO team, which worked hard for a month to construct a Bailey bridge over the damaged sections, is now engaged in removing the Bailey bridge due to safety… pic.twitter.com/XHBjusgAb0
तय किए गए नए घाट और प्रतिबंध
आम यात्रियों के चढ़ने और उतरने के लिए बियाडा घाट और जाह्नवी चौक घाट को मुख्य केंद्र बनाया गया है. पुल के भारी-भरकम स्टील गर्डर्स को बरारी घाट पर सुरक्षित रखा गया है, जिसके कारण वहां भारी क्रेनों और मशीनरी की आवाजाही हो रही है. सुरक्षा के मद्देनजर बरारी घाट से किसी भी तरह की फेरी या आम यात्री सेवा के संचालन पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है.
क्यों बंद किया गया है पुल?
विक्रमशिला सेतु की जर्जर हालत को देखते हुए पहले सेना (Indian Army) की मदद से वहां एक अस्थायी बेली ब्रिज बनाया गया था, जिससे अब तक गाड़ियां गुजर रही थीं. अब इस व्यवस्था को हटाकर पुल को स्थायी मजबूती देने के लिए करीब 4 स्पैन के अत्याधुनिक डेक टाइप स्टील ट्रस ब्रिज का निर्माण और स्थापना की जा रही है. इस नए स्टील ब्रिज के तैयार हो जाने के बाद विक्रमशिला सेतु की उम्र और भारी वाहनों को झेलने की क्षमता कई गुना बढ़ जाएगी.
यह भी पढ़ें | बिहार के यात्री ध्यान दें, पटना-मोकामा से सहरसा-दानापुर तक 338 ट्रेन के फेरे रद्द, राजेंद्र पुल पर मेगा ब्लॉक
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं