मीठे का नाम सुनते ही मुंह में पानी आ जाता है. लेकिन क्या आपके साथ भी ऐसा होता है कि जब बाजार से नारियल की बर्फी या लड्डू लाते हैं, तो वह खाते वक्त गले में थोड़ा सूखा-सूखा सा क्यों लगता है? अगर हां और आप भी इस बात से परेशान हैं तो घर पर एकदम मखमली, दानेदार और जूसी बर्फी बनाएं. हाल ही में (@chefbhupikitchen) नामक यूट्यूब चैनल पर शेयर नारियल की बर्फी रेसिपी को ट्राई कर सकते हैं. आइए जानते हैं इसे बनाने का पूरा और बहुत ही आसान तरीका.
यहां देखें वीडियो-
नारियल छीलने का सबसे आसान तरीका-
अक्सर लोगों को लगता है कि कच्चे नारियल का छिलका निकालना बहुत झंझट का काम है, लेकिन यहां हम आपको एक बहुत बढ़िया ट्रिक बता रहे हैं.
सबसे पहले पानी वाले 4 कच्चे नारियल लें और उन्हें हल्का सा गैस फ्लेम पर चारों तरफ से अलट-पलट कर गर्म कर लें. इससे नारियल का सख्त बाहरी हिस्सा आसानी से ढीला हो जाता है. अब किसी भारी चीज या बेलन से इसे हल्के-हल्के हाथों से चारों तरफ टैप करें. ऐसा करने से नारियल अंदर से अपनी जगह छोड़ देगा और छिलका आसानी से अलग हो जाएगा. इसके बाद पिलर या चाकू की मदद से इसका काला या हार्ड हिस्सा हटा लें ताकि बर्फी एकदम सफेद बने.
कैसे बनाएं परफेक्ट नारियल का बुरादा-
नारियल को पतले-पतले टुकड़ों में काट लें. अब इसे मिक्सी में पीसते समय खास ध्यान रखें कि मिक्सी का बड़ा जार लें और नारियल एक साथ पूरा न डालें.
इसे थोड़ा-थोड़ा करके मिक्सी के पल्स मोड पर चलाएं. इसे बिल्कुल बारीक पेस्ट नहीं बनाना है, बल्कि एकदम दरदरा बुरादा तैयार करना है जैसा पैकेट वाला आता है.
रबड़ीदार बर्फी बनाने की विधि-
- एक पैन में एक बड़ा चम्मच या उससे थोड़ा कम घी गर्म करें और पिसा हुआ नारियल का बुरादा डाल दें.
- इसे 5 से 7 मिनट तक मध्यम आंच पर भूनें ताकि नारियल की सोंधी खुशबू आने लगे. ध्यान रखें कि इसे ज्यादा सुखाना नहीं है, इसके अंदर नमी बनी रहनी चाहिए.
- अब इसमें लगभग एक कप मावा मिलाएं. अगर मावा न हो, तो आप मिल्क पाउडर का इस्तेमाल भी कर सकते हैं.
- मावा या मिल्क पाउडर डालने से ही बर्फी में वो लाजवाब 'रबड़ीदार' टेक्सचर आता है.
- इसके बाद इसमें लगभग 250 मिलीलीटर फुल फैट दूध और अपनी पसंद के अनुसार चीनी डालें.
- इसे लगातार चलाते रहें ताकि चीनी अच्छे से घुल जाए और मावा व नारियल आपस में अच्छी तरह मिल जाएं.
- इसमें खुशबू के लिए फ्रेश कुटी हुई हरी इलायची और थोड़ा सा केवड़ा जल या गुलाब जल मिला सकते हैं.
- जब मिश्रण का सारा एक्स्ट्रा दूध और गीलापन सूख जाए और यह एक तरफ सिमटने लगे, तो गैस बंद कर दें.
कैसे सेट करें बर्फी-
- अब किसी थाली या ट्रे में बटर पेपर लगाकर तैयार किया हुआ गरम-गरम मिश्रण डालें. इसे चम्मच या स्पेचुला की मदद से अच्छी तरह से एक बराबर फैला दें.
- ऊपर से थोड़ी सी पिस्ता या बादाम की कतरन डालकर हल्के हाथों से दबा दें ताकि वे कटे नहीं.
- अब इसे रूम टेंपरेचर पर दो घंटे के लिए या जल्दी हो तो आधे घंटे के लिए फ्रिज में सेट होने के लिए रख दें.
- बस आपकी बेहद स्वादिष्ट, सॉफ्ट और जूसी कच्चे नारियल की बर्फी तैयार है. इसे मनचाहे आकार में काटें और मजे लें.
ये भी पढ़ें- रसगुल्ला से लेकर काजू कतली तक, जानिए कौन सी मिठाई कितने दिन रहती है बिल्कुल सेफ?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं