भारतीय रेल में हर दिन लाखों यात्री सफर करते हैं. राजस्थान और बिहार के बीच सफर करने वाले रेल यात्रियों के लिए बड़ी राहत की खबर है. मदार से दरभंगा के बीच चलने वाली अमृत भारत एक्सप्रेस, जो पहले हफ्ते में सिर्फ एक दिन चलती थी, अब जल्द ही रोजाना चलेगी. रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने राजस्थान दौरे के दौरान मीडिया से बातचीत में यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि अगले 15 से 20 दिनों के भीतर इस ट्रेन को नियमित रूप से हर दिन चलाया जाएगा. ट्रेन के रोजाना चलने से यात्रियों को काफी सुविधा मिलेगी. अब उन्हें साप्ताहिक ट्रेन का इंतजार नहीं करना पड़ेगा और वे ज्यादा आसानी से अपनी यात्रा की योजना बना सकेंगे. इससे दोनों राज्यों के बीच कनेक्टिविटी भी बेहतर होगी.
अमृत भारत एक्सप्रेस का पूरा रूट और स्टेशन
यह ट्रेन अपनी यात्रा के दौरान कई महत्वपूर्ण रेलवे स्टेशनों से होकर गुजरेगी. इसकी शुरुआत मदार जंक्शन से होगी. इसके बाद ट्रेन किशनगढ़, जयपुर जंक्शन और गांधीनगर जयपुर स्टेशन से होकर आगे बढ़ेगी. फिर यह ट्रेन बांदीकुई जंक्शन, मंडावर एम रोड और भरतपुर जंक्शन होते हुए आगे जाएगी. इसके बाद आगरा के इडगाह जंक्शन, टूंडला जंक्शन, इटावा जंक्शन और फफूंद स्टेशन पर भी रुकेगी. आगे बढ़ते हुए ट्रेन कानपुर सेंट्रल, उन्नाव जंक्शन, ऐशबाग, बादशाहनगर और गोमती नगर जैसे प्रमुख स्टेशनों से होकर अपने गंतव्य की ओर जाएगी. इस रूट के जरिए ट्रेन कई बड़े शहरों और अहम इलाकों को आपस में जोड़ेगी, जिससे यात्रियों को सफर में काफी सुविधा मिलेगी.
इसके बाद यह ट्रेन बाराबंकी जंक्शन, गोंडा जंक्शन, मनकापुर जंक्शन, बस्ती और गोरखपुर जंक्शन से होकर आगे बढ़ेगी, फिर कप्तानगंज जंक्शन, सिसवा बाजार, बगहा, नरकटियागंज जंक्शन, सिकटा और रक्सौल जंक्शन जैसे स्टेशनों पर भी रुकेगी. इसके बाद ट्रेन बैरगनिया, सीतामढ़ी जंक्शन, जनकपुर रोड और कमतौल होते हुए अपने अंतिम स्टेशन दरभंगा जंक्शन पहुंचेगी.
रोजाना चलने वाले यात्रियों को बड़ी राहत
इस ट्रेन के रोजाना चलने से राजस्थान और बिहार के बीच यात्रा करने वाले लोगों को काफी फायदा होगा. खासकर उन लोगों के लिए यह बड़ी राहत है, जो नौकरी, पढ़ाई या व्यापार के सिलसिले में इन दोनों राज्यों के बीच आते-जाते रहते हैं. बिहार के बहुत से मजदूर जयपुर, अजमेर और किशनगढ़ जैसे शहरों में काम करते हैं. उन्हें अक्सर घर लौटने या वापस आने के लिए परेशानी होती थी, क्योंकि ट्रेन हफ्ते में सिर्फ एक दिन चलती थी, लेकिन अब यह ट्रेन रोज चलेगी, जिससे उनकी यात्रा आसान और नियमित हो जाएगी.
यह भी पढ़ें:- अगस्त से बदल जाएगा ट्रेन टिकट बुकिंग सिस्टम, अपग्रेडेड रिजर्वेशन सिस्टम हो जाएगा शुरू, जानिए क्या-क्या होगा बदलाव
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं