विज्ञापन

'Aadhaar Card से मिलेगा 3 लाख रुपये का लोन'- इस मैसेज से रहें सावधान, खाली हो सकता है अकाउंट

इन दिनों एक विज्ञापन तेजी से फैल रहा है, जिसमें दावा किया जा रहा है कि 'प्रधानमंत्री लोन योजना' के तहत सिर्फ Aadhaar कार्ड से 3 लाख रुपये तक का लोन मिल सकता है. अगर आपको भी ऐसा कोई विज्ञापन दिखा है या मैसेज आया है, तो तुरंत सावधान हो जाएं.

'Aadhaar Card से मिलेगा 3 लाख रुपये का लोन'-  इस मैसेज से रहें सावधान, खाली हो सकता है अकाउंट
Aadhaar से लोन का ऑफर फर्जी

Scam Alert: आज के समय में सोशल मीडिया पर हर दिन कुछ नया वायरल होता है, लेकिन हर चीज पर भरोसा करना खतरनाक हो सकता है. इन दिनों एक ऐसा ही फर्जी विज्ञापन तेजी से फैल रहा है, जिसमें दावा किया जा रहा है कि 'प्रधानमंत्री लोन योजना' के तहत सिर्फ Aadhaar कार्ड से 3 लाख रुपये तक का लोन मिल सकता है. अगर आपको भी ऐसा कोई मैसेज या विज्ञापन दिखा है, तो तुरंत सावधान हो जाएं.

क्या है यह नया स्कैम?

इस फर्जी स्कीम में लोगों को आसान और तुरंत लोन का लालच दिया जाता है. विज्ञापन को इस तरह से डिजाइन किया जाता है कि वह बिल्कुल सरकारी योजना जैसा लगे. कई बार इसमें 'Apply Now' बटन, लिंक या QR कोड भी दिया जाता है, जिस पर क्लिक करते ही आप किसी अनजान वेबसाइट या ऐप पर पहुंच जाते हैं.

सरकार की फैक्ट-चेकिंग एजेंसी PIB Fact Check ने साफ कहा है कि 'प्रधानमंत्री लोन योजना' नाम की कोई योजना नहीं है. इस नाम से कोई भी स्कीम सरकार द्वारा नहीं चलाई जा रही है.

कैसे बनते हैं लोग इसका शिकार?

यह स्कैम खासतौर पर उन लोगों को टारगेट करता है, जिन्हें पैसों की तुरंत जरूरत होती है. जैसे ही कोई व्यक्ति लिंक पर क्लिक करता है, उससे Aadhaar नंबर, मोबाइल नंबर और बैंक से जुड़ी जानकारी मांगी जाती है. कई लोग जल्दी में यह जानकारी दे देते हैं.

इसके बाद ठग इस डेटा का गलत इस्तेमाल करते हैं. आपके द्वारा दी गई जानकारी से वे आपके बैंक अकाउंट से पैसे निकल सकते हैं या आपकी पहचान का दुरुपयोग भी हो सकता है.

इन बातों का रखें ध्यान

बता दें कि ये पहली ऐसी फर्जी योजना नहीं है, इससे पहले भी सरकारी योजना के नाम पर लोगों के साथ ठगी के मामले सामने आते रहे हैं. आप इस तरह की ठगी का शिकार न हों, इसके लिए-

  • किसी भी ऐसे ऑफर पर भरोसा न करें जो बिना जांच के तुरंत लोन देने का दावा करे.
  • हमेशा सरकारी योजनाओं की जानकारी आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ही देखें.
  • अपनी निजी जानकारी जैसे Aadhaar, OTP या बैंक डिटेल्स किसी अनजान साइट पर न दें.
  • जल्दी करने का दबाव, अजीब लिंक और गलत भाषा वाले मैसेज से सावधान रहें.
अगर ऐसा मैसेज मिले तो क्या करें?

अगर आपको ऐसा कोई विज्ञापन या मैसेज दिखे, तो उसे नजरअंदाज भी न करें. आप इसे PIB Fact Check या संबंधित सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर रिपोर्ट कर सकते हैं. ध्यान रखें इंटरनेट पर हर चमकती चीज सोना नहीं होती. आसान लोन का लालच आपको बड़ी मुसीबत में डाल सकता है. इसलिए समझदारी से काम लें, हर जानकारी की जांच करें और सुरक्षित रहें.

यह भी पढ़ें-  Assembly Election 2026 Results: ECI की वेबसाइट पर कैसे देखें बंगाल चुनाव के नतीजे? जानें स्टेप-बाय-स्टेप तरीका

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com