ग्रेटर नोएडा में आवारा कुत्तों के लिए 1200 फीडिंग प्वाइंट बनाए जाएंगे. इस योजना पर 1.8 करोड़ रुपये से अधिक का खर्च आएगा. निर्माण से पहले निवासियों और पशु प्रेमियों की सहमति ली जाएगी. ग्रेटर नोएडा ईस्ट और वेस्ट में लावारिस कुत्तों को खाना खिलाने के लिए बिल्डर सोसाइटियों और सेक्टरों के आसपास प्लेटफॉर्म यानी चबूतरा बनाने का काम किया जाएगा. इसके लिए 1200 स्थान चिन्हित किए गए हैं, प्राधिकरण ने निविदा जारी की है, एक से दो महीने में काम शुरू होने उम्मीद है.
ग्रेटर नोएडा ईस्ट और वेस्ट इलाके में 1200 स्थान चिन्हित
वहीं, प्राधिकरण के अधिकारी के मुताबिक लावारिस कुत्तों के लिए चबूतरा बनाने का काम शुरू करने से पहले पशु प्रेमियों, आरडब्ल्यूए, एओए और निवासियों के साथ बैठक की जाएगी. सबकी सहमति पर काम शुरू किया जाएगा. आम सहमति न बनने की स्थिति में सात सदस्यीय समिति निर्णय लेगी. ग्रेटर नोएडा ईस्ट और वेस्ट इलाके में फिलहाल 12 सौ स्थान चिन्हित किए गए हैं, जहां पर चरणबद्ध तरीके से खाना खिलाने के लिए चबूतरा बनाने का काम किया जाएगा. चिन्हित किए गए स्थानों पर चरणबद्ध तरीके से निर्माण कार्य किया जाएगा. जरूरत के मुताबिक संख्या बढ़ भी सकती है. चबूतरा बनाने वाले स्थान पर एक बोर्ड भी लगाया जाएगा, ताकि लोगों को पता चल सके.
सात सदस्यीय समिति गठित होगी?
बता दें कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुसार लावारिस कुत्तों को सड़क के किनारे और सार्वजनिक स्थानों पर खाना नहीं खिलाया जा सकता है. वरिष्ठ प्रबंधक राजेश कुमार गौतम ने बताया कि खाना खिलाने के लिए स्थान चिन्हित करने में अपार्टमेंट ऑनर्स एसोसिएशन (एओए), रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) और पशु प्रेमियों की मदद ली जाएगी. पूर्व में चिन्हित के लिए स्थानों को लेकर आरडब्ल्यूए और एओए के साथ बैठक शुरू कर दी गई है. मामले की गंभीरता को देखते हुए सात सदस्यीय समिति भी गठित की गई है.
दरअसल, लावारिस कुत्तों को खाना खिलाने और उसके स्थान को लेकर ग्रेटर नोएडा ईस्ट- वेस्ट की ग्रुप हाउसिंग सोसायटियों में रहने वाले लोगों के बीच आए दिन विवाद होते रहते हैं. कई बार पुलिस कार्रवाई तक भी मामला पहुंच चुका है. इन सब चीजों को ध्यान में रखते हुए ही फीडिंग पॉइंट बनाने का फैसला लिया गया है.
यह भी पढ़ें:- दिल्ली के लिए बड़ी राहत, भीषण गर्मी में भी नहीं होगी पानी की किल्लत, जानिए क्या है प्लान
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं