स्वतंत्रता दिवस पर पूरा देश तिरंगे के रंग में रंग जाता है. इस दिन हर तरफ देशभक्ति का माहौल देखने को मिलता है. अगर आप भी 15 अगस्त को परिवार के साथ बाहर घूमने का प्लान बना रहे हैं, तो दिल्ली की कुछ खास जगहें आपके लिए बेहतरीन विकल्प हो सकती हैं. यहां आप आजादी के जश्न को करीब से महसूस करने के साथ यादगार फैमिली आउटिंग का भी आनंद ले सकते हैं.
बच्चों के साथ जाएं इंडिया गेट

देश के शहीद जवानों की याद में बना इंडिया गेट 15 अगस्त पर खास आकर्षण का केंद्र रहता है. शाम के समय तिरंगे की रोशनी से सजा यह स्मारक बेहद खूबसूरत दिखाई देता है और यहां देशभक्ति से जुड़े कई कार्यक्रम भी आयोजित होते हैं.
राजघाट है अच्छा विकल्प

बता दें कि अगर आपकों शांत माहौल पसंद है तो आप बच्चों के साथ राजघाट जा सकते हैं. यहां महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देने के लिए लोग पहुंचते हैं और स्वतंत्रता दिवस पर विशेष कार्यक्रम भी आयोजित किए जाते हैं.
यह भी पढ़ें: Friendship Day Trip: कम बजट में दोस्तों के साथ वीकेंड को बनाएं यादगार, दिल्ली-NCR के पास घूम आएं ये 5 शानदार जगहें
देश को संबोधित करते हैं पीएम

अगर स्वतंत्रता दिवस के आयोजन की बात करें तो लाल किले पर यह खास होता है. यहीं से प्रधानमंत्री देश को संबोधित करते हैं और राष्ट्रीय ध्वज फहराते हैं. अगर आप इस ऐतिहासिक पल का हिस्सा बनना चाहते हैं, तो समय से पहले पहुंचें. परेड देखने के लिए पहले से रजिस्ट्रेशन कराना भी जरूरी हो सकता है.
कनॉट प्लेस पर रहता है 15 अगस्त का उत्सव

इसके अलावा, दिल्ली का दिल कहे जाने वाले कनॉट प्लेस में भी 15 अगस्त पर उत्सव जैसा माहौल रहता है. यहां सांस्कृतिक कार्यक्रम, संगीत और देशभक्ति की झलक देखने को मिलती है. साथ ही आसपास की मार्केट में घूमने का भी मौका मिलता है.
बच्चों के साथ जरूर जाएं नेशनल वॉर मेमोरियल

अगर आप बच्चों को भारतीय सेना के शौर्य और बलिदान से परिचित कराना चाहते हैं, तो नेशनल वॉर मेमोरियल जरूर जाएं. यहां शहीदों की वीरगाथाएं हर भारतीय में गर्व का भाव जगाती हैं.
घूमने से पहले रखें इन बातों का ध्यान
जानकारी के अनुसार, भीड़ से बचने के लिए सुबह जल्दी निकलें. मेट्रो के रूट और सुरक्षा संबंधी एडवाइजरी पहले से जरूर देख लें. अपने साथ आधार कार्ड, पानी की बोतल और हल्के स्नैक्स रखें, ताकि यात्रा आरामदायक रहे.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं