YouTube ने एक नया फीचर पेश किया है जिसका नाम है Translated Thumbnails. इस फीचर की मदद से कंटेंट क्रिएटर्स अब अपने वीडियो के लिए अलग-अलग भाषाओं में थंबनेल अपलोड कर सकेंगे. यानी जब कोई यूजर वीडियो देखने के लिए YouTube खोलेगा, तो उसे वही थंबनेल दिखाई देगा जो उसकी भाषा सेटिंग से मेल खाता हो. इस अपडेट से दर्शक अपनी पसंदीदा भाषा में वीडियो का थंबनेल देखने के बाद वीडियो को बेहतर तरीके से समझ सकेंगे.
YouTube के मुताबिक, जिन क्रिएटर्स के वीडियो में पहले से मल्टी-लैंग्वेज ऑडियो ट्रैक मौजूद हैं, वे अब उसी वीडियो के लिए अलग-अलग भाषाओं में थंबनेल भी अपलोड कर सकेंगे. इससे क्रिएटर्स को दुनिया भर के दर्शकों से जुड़ने में मदद मिलेगी और वीडियो की रीच पहले से ज्यादा बढ़ सकेगी.

कैसे काम करेगा ये फीचर?
इस फीचर के तहत क्रिएटर्स एक ही वीडियो के लिए कई थंबनेल अपलोड कर सकते हैं, जो अलग-अलग भाषाओं के अनुसार दिखेंगे. अगर कोई यूजर YouTube को हिंदी भाषा में इस्तेमाल कर रहा है, तो उसे वीडियो का हिंदी थंबनेल दिखाई देगा. वहीं, अगर कोई दूसरा यूजर उसी वीडियो को स्पेनिश भाषा में देख रहा है, तो उसे स्पेनिश थंबनेल दिखाई देगा. इस तरह सिस्टम अपने आप उपलब्ध भाषाओं के अनुसार सही थंबनेल चुन लेगा.
YouTube का कहना है कि यह फीचर खासतौर पर उन क्रिएटर्स के लिए बनाया गया है जो अलग-अलग देशों और भाषाओं के दर्शकों को ध्यान में रखकर वीडियो बनाते हैं.
सबसे बढ़िया बात ये कि यह फीचर सिर्फ नई वीडियो ही नहीं बल्कि पुरानी वीडियोज़ में भी काम करेगा. यानी जिन क्रिएटर्स को यह फीचर उपलब्ध होगा, वे YouTube Studio में जाकर हर भाषा के लिए अलग-अलग थंबनेल अपलोड कर सकते हैं. इस प्रक्रिया में क्रिएटर पहले अपने वीडियो के लिए एक मुख्य थंबनेल अपलोड करता है और फिर अलग-अलग भाषाओं के लिए उसी का अनुवाद किया हुआ थंबनेल जोड़ सकता है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं