ChatGPT काफी पॉपुलर AI चैटबॉट है. आज की तारीख में ये लगभग हर किसी का सबसे पसंदीदा वर्चुअल दोस्त बन चुका है. ऑफिस के ईमेल ड्राफ्ट करने से लेकर रात के खाने में क्या पकाना है, इसके सुझाव तक के लिए लोग ChatGPT का इस्तेमाल करने लगे हैं. इसे देखकर कई लोगों को लगता है कि ये दुनिया का हर काम पलक झपकते ही कर सकता है.
ChatGPT काफी समझदार AI चैटबॉट लगता है. इसका कतई ये मतलब नहीं है कि इसे कुछ भी बताने की परमिशन है. असल में, इस AI चैटबॉट से क्या नहीं पूछना चाहिए, इसे लेकर बहुत ही कड़े और सख्त नियम बनाए गए हैं. यहां ऐसी ही 5 बातें आपको बता रहे हैं, जिन्हें आपको कभी अपने पसंदीदा एआई चैटबॉट से नहीं पूछने चाहिए.
“क्या तुम मेरे दोस्त का इंस्टाग्राम हैक कर सकते हो?”
भले ही अपने पुराने ईमेल का पासवर्ड भूल जाने पर या किसी दूसरे के पर्सनल मैसेज को देखने के लिए ऐसा करना आपको बहुत अट्रैक्टिव लगे. लेकिन ये पूरी तरह से प्रतिबंधित है. ChatGPT किसी भी अकाउंट, सिस्टम या डिवाइस में सेंध लगाने या हैक करने में आपकी मदद नहीं कर सकता और न ही करेगा. हैकिंग करना पूरी तरह गैरकानूनी है. सभी AI टूल्स को इस तरह के दुरुपयोग से बचाने के लिए बहुत ही कड़े सुरक्षा लेयर्स के साथ बनाया जाता है.
“मेरे होने वाले जीवनसाथी का नाम क्या है?”
प्यार, शादी और किस्मत को लेकर हर इंसान के मन में उत्सुकता होती है. लेकिन ध्यान रहे, ChatGPT कोई ज्योतिषी नहीं है. ये भविष्य की भविष्यवाणी नहीं कर सकता और न ही आपको आपके होने वाले जीवनसाथी का नाम बता सकता है. हां, ये आपके मनोरंजन के लिए मजेदार क्विज बना सकता है या आपके राशिफल को समझने में मदद कर सकता है, लेकिन जहां बात भविष्य बताने की आती है, ये अपनी लिमिट तय कर लेता है.
“चुपके से मेरा परीक्षा पेपर लिख दो या होमवर्क कर दो”
क्या आप ChatGPT का उपयोग सीखने और समझने के लिए कर रहे हैं? ये बहुत अच्छी बात है. लेकिन क्या आप इसका उपयोग परीक्षा या टेस्ट में नकल करने के लिए कर रहे हैं? ये बिल्कुल भी ठीक नहीं है. आजकल लगभग सभी स्कूल और कॉलेज एआई-डिटेक्शन टूल्स का इस्तेमाल कर रहे हैं. ऐसे में चैटबॉट से लिखे गए जवाबों को अपना बताकर पेश करना आपको बहुत बड़ी मुसीबत में डाल सकता है.
“मुझे बताओ कि बम कैसे बनाया जाता है”
ये मामला बेहद गंभीर है. ChatGPT किसी भी ऐसी रिक्वेस्ट को तुरंत ब्लॉक कर देगा जिसमें हिंसा, किसी को चोट पहुंचाने या खतरनाक व गैरकानूनी निर्देश मांगे गए हों. इसे बेहद सख्त सुरक्षात्मक और एथिकल गाइडलाइंस को पालन करने के लिए प्रोग्राम किया गया है. इसलिए यदि आप कोई भी संदिग्ध या खतरनाक बात पूछेंगे, तो आपको चैटबॉट से तुरंत इनकार सुनने को मिलेगा. हालांकि, इस तरह की रिक्वेस्ट आपको मुसीबत में डाल सकती हैं. कई बार कंपनियां ऐसी रिक्वेस्ट के बारे में लोकल पुलिस स्टेशन को भी बता देती है. जिससे जेल जाने तक की नौबत आ सकती है.
“किसी की निजी जानकारी लीक कर दो”
क्या आप किसी व्यक्ति का फोन नंबर, घर का पता या उसके बैंक और फाइनेंस जानना चाहते हैं? इसके लिए ChatGPT से बिल्कुल मत पूछें. ये न तो ऐसी संवेदनशील जानकारियां जानता है और अगर जानता भी होता, तो भी आपको कभी नहीं बताता. प्राइवेसी एआई के लिए सबसे पहली प्राथमिकता है. ये चैटबॉट किसी भी व्यक्ति की निजी जानकारी को न तो देख सकता है और न ही किसी के साथ शेयर कर सकता है.
ये भी पढ़ें- OnePlus का अब तक का सबसे सस्ता धमाका! 17 हजार से कम में आया 7000mAh बैटरी वाला फोन
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं