प्रीमियम स्मार्टफोन ब्रांड OnePlus ने भारतीय बाजार में अपनी बजट-फ्रेंडली 'N' सीरीज का नया स्मार्टफोन OnePlus N6 Lite 4G आधिकारिक तौर पर लॉन्च कर दिया है. OnePlus N6 Lite 4G को खासतौर से उन ग्राहकों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है जो कम बजट में बड़ी बैटरी लाइफ चाहते हैं. OnePlus N6 Lite 4G में 7,000mAh की बड़ी बैटरी, 120Hz का फ्लूइड रिफ्रेश रेट और पानी व धूल से बचाने वाली IP64 रेटिंग जैसे कई बेहतरीन फीचर्स दिए गए हैं.
OnePlus N6 Lite 4G की कीमत और उपलब्धता
भारतीय बाजार में OnePlus N6 Lite 4G को केवल एक ही वेरिएंट में पेश किया गया है. इसमें 4GB रैम के साथ 64GB का स्टोरेज दिया गया है. इसकी आधिकारिक कीमत 16,999 रुपये रखी गई है. कलर्स की बात करें तो, यह फोन दो कलर ऑप्शन्स में बिक्री के लिए उपलब्ध होगा. इसको मिडनाइट हाइप और नियो ग्रीन कलर में खरीदा जा सकता है.
OnePlus N6 Lite 4G के स्पेसिफिकेशन्स और फीचर्स
इस फोन की सबसे बड़ी ताकत इसकी 7,000mAh की बैटरी है. कंपनी का दावा है कि सिंगल चार्ज पर यह बैटरी 49.7 घंटे का लगातार वॉयस कॉलिंग टाइम दे सकती है. इसे 15W की वायर्ड फास्ट चार्जिंग का सपोर्ट मिलता है. साथ ही, इसमें 5W की रिवर्स वायर्ड चार्जिंग की सुविधा दी गई है. जिससे आप इस फोन को पावर बैंक की तरह इस्तेमाल करके दूसरे फोन या ईयरबड्स को चार्ज कर सकते हैं.

OnePlus N6 Lite 4G में 6.75-इंच की HD+ (1,570x720 पिक्सल) LCD डिस्प्ले दी गई है. ये120Hz के रिफ्रेश रेट को सपोर्ट करती है. ये स्क्रीन आउटडोर विजिबिलिटी के लिए 900 निट्स की ब्राइटनेस (HBM) और 86% DCI-P3 कलर गैमट के साथ आती है. ये स्मार्टफोन ऑक्टा-कोर Unisoc T7250 प्रोसेसर के साथ आता है. इसको 64GB की UFS 2.2 स्टोरेज के साथ जोड़ा गया है. यूजर इसकी रैम को वर्चुअल रैम तकनीक के जरिए 12GB तक बढ़ा सकते हैं.
फोटो और वीडियो के लिए इसके बैक पैनल पर f/2.2 अपर्चर और ऑटोफोकस के साथ 13-मेगापिक्सल का प्राइमरी कैमरा दिया गया है. सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए इसके फ्रंट में f/2.2 अपर्चर वाला 5-मेगापिक्सल का कैमरा मिलता है.
इसको MIL-STD-810H मिलिट्री-ग्रेड मजबूती का सर्टिफिकेशन मिला है. जबकि धूल और पानी के छींटों से सुरक्षा के लिए इसे IP64 की रेटिंग दी गई है. कनेक्टिविटी के लिए इसमें 4G, वाई-फाई 5, ब्लूटूथ 5.2, जीपीएस (GLONASS, Galileo, QZSS और Beidou), USB Type-C पोर्ट और पुराना 3.5mm का हेडफोन जैक दिया गया है. इसमें सुरक्षा के लिए साइड-माउंटेड फिंगरप्रिंट सेंसर मिलता है. बेहतर साउंड के लिए ओ-रियलिटी ऑडियो (OReality Audio) के साथ सिंगल मल्टी-मैग्नेट स्पीकर शामिल है.
ये भी पढ़ें- क्या बढ़ेंगे स्क्रीन गार्ड के दाम? टेम्पर्ड ग्लास पर सरकार का नया नियम, खरीदने से पहले जान लें
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं