दिग्गज टेक कंपनी Samsung ने भारतीय बाजार में अपनी F-Series का नया स्मार्टफोन Samsung Galaxy F70 5G आधिकारिक तौर पर लॉन्च कर दिया है. ये नया फोन कंपनी की F70 लाइनअप का तीसरा मॉडल है. इससे पहले इस सीरीज में Galaxy F70 Pro 5G और Galaxy F70e 5G लॉन्च हो चुके हैं. ये नया हैंडसेट इसी हफ्ते देश में बिक्री के लिए उपलब्ध होगा. आइए आपको इसकी कीमत, ऑफर्स और स्पेसिफिकेशन्स के बारे में बताते हैं.
Samsung Galaxy F70 5G की कीमत और उपलब्धता
भारतीय बाजार में बजट और मिड-रेंज ग्राहकों को ध्यान में रखते हुए इस फोन को लॉन्च किया गया है. इसके 4GB रैम और 128GB स्टोरेज वेरिएंट की कीमत 19,999 रुपये रखी गई है. जबकि 6GB रैम और 128GB स्टोरेज वेरिएंट की कीमत 22,999 रुपये रखी गई है. ये स्मार्टफोन भारत में 20 अक्टूबर से बिक्री के लिए उपलब्ध होने जा रहा है. ग्राहक इसे ऑनलाइन शॉपिंग वेबसाइट Flipkart के जरिए खरीद सकेंगे.
इस साइट पर शुरुआती लॉन्च ऑफर्स और डिस्काउंट्स को मिलाकर इसे 17,999 रुपये की प्रभावी कीमत पर खरीदा जा सकता है. ये फोन 'बोल्ड ब्लैक' और 'विविड वॉयलेट' जैसे दो खूबसूरत कलर्स में उपलब्ध होगा.
Galaxy F70 5G के शानदार फीचर्स और स्पेसिफिकेशन्स
सैमसंग का ये नया बजट-फ्रेंडली 5G स्मार्टफोन कई बेहतरीन फीचर्स के साथ आता है. Samsung Galaxy F70 5G में 6.7-इंच की Full-HD+ sAMOLED डिस्प्ले दी गई है, जो 90Hz रिफ्रेश रेट को सपोर्ट करती है. स्क्रीन की मजबूती के लिए इस पर Corning Gorilla Glass Victus का प्रोटेक्शन दिया गया है. धूल और पानी की छींटों से सुरक्षा के लिए इसे IP54 रेटिंग मिली है.
Samsung Galaxy F70 5G में बेहतर स्पीड और स्मूथ परफॉर्मेंस के लिए इसमें सैमसंग का ऑक्टा-कोर Exynos 1330 चिपसेट और ग्राफिक्स के लिए ARM Mali-G68 MP2 GPU दिया गया है. इसके 128GB इंटरनल स्टोरेज को ग्राहक microSD कार्ड की मदद से पूरे 2TB तक बढ़ा सकते हैं. फोटोग्राफी के लिए इसके रियर पैनल पर ट्रिपल रियर कैमरा सेटअप दिया गया है. इसमें 50-मेगापिक्सल का प्राइमरी कैमरा, 5-मेगापिक्सल का अल्ट्रावाइड कैमरा और 2-मेगापिक्सल का मैक्रो लेंस शामिल है. सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए इसके फ्रंट में वाटरड्रॉप-स्टाइल नॉच के भीतर 13-मेगापिक्सल का कैमरा दिया गया है.
ये फोन 5,000mAh की बड़ी बैटरी के साथ आता है जो 25W की फास्ट चार्जिंग को सपोर्ट करता है. इसकी मोटाई 7.5mm है, जो इसे हाथ में पकड़ने के लिए काफी पतला और आरामदायक बनाती है. कनेक्टिविटी के लिए इसमें 5G, 4G LTE, वाई-फाई, ब्लूटूथ और यूएसबी टाइप-सी पोर्ट का पूरा सपोर्ट दिया गया है.
यह भी पढ़ें | DSLR जैसी फोटो! अंधेरे में भी दिन जैसी तस्वीर खींचते हैं ये स्मार्टफोन, भूल जाएंगे iPhone
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं