विज्ञापन

मच्छरों के लिए काल है ये मशीन, एक सेकंड में मार देता है 30, इतनी है कीमत

Photon Matrix ने लेजर से मच्छर मारने वाली मशीन तैयारी की है. इसकी कीमत करीब 95,000 रुपये है. ये 3 मिलीसेकंड में मच्छर पहचान कर उस पर अटैक कर देती है.

मच्छरों के लिए काल है ये मशीन, एक सेकंड में मार देता है 30, इतनी है कीमत
Photon Matrix

मच्छर हर साल करीब 7 लाख लोगों की मौत की वजह बनते हैं. यही वजह है कि इसको दुनिया का सबसे खतरनाक जीव माना जाता है. मच्छरों से बचने के तरीके पिछले कई दशकों से लगभग वही हैं. ज्यादातर लोग मच्छरदानी, कॉइल, स्प्रे और अखबार से इसको मारने या भगाने की कोशिश करते हैं. लेकिन, अब एक स्टार्टअप कंपनी ने इसका हाई-टेक समाधान लेकर आई है.

चीन के Changzhou शहर की स्टार्टअप कंपनी Photon Matrix ने Blue Laser Mosquito Air Defense System लॉन्च किया है. इसकी प्री-बुकिंग शुरू हो चुकी है. इसकी कीमत 1,088 डॉलर यानी करीब 95,000 रखी गई है. कंपनी का दावा है कि ये मशीन सिर्फ 3 मिलीसेकंड में मच्छर पहचान लेती है और एक सेकंड में 30 तक मच्छरों को हवा में ही मार सकती है. हालांकि, ये दावे फिलहाल कंपनी की ओर से किए गए हैं. 

अंधेरे में भी मच्छर पहचानती है ये मशीन

Photon Matrix की ये मशीन अपने सामने रोशनी की एक पतली परत फैलाकर लगातार स्कैन करती रहती है. जैसे ही कोई छोटा कीड़ा उस क्षेत्र से गुजरता है, मशीन दूरी में आए बदलाव को पहचान लेती है. इसके बाद सिस्टम उस कीड़े का आकार और रफ्तार जांचता है. अगर उसका आकार 2mm से 20mm के बीच है और उसकी रफ्तार 1 मीटर प्रति सेकंड से कम है, तो मशीन का लेजर सीधे उसी दिशा में फायर करता है और मच्छर के पंख जला देता है.

कंपनी के मुताबिक ये मशीन 90 डिग्री के एंगल में 6 मीटर तक के इलाके को कवर करती है. इसका बेस घूमता रहता है, जिससे यह बड़े इलाके पर भी नजर रख सकती है.

ऐप से मिलेगा पूरा रिकॉर्ड

इस मशीन के साथ एक मोबाइल ऐप भी मिलता है. ऐप में कितने मच्छर मारे गए, किस इलाके में सबसे ज्यादा मच्छर मिले और मशीन कब चालू या बंद होगी, जैसी जानकारी देखी जा सकती है. कंपनी ने इसमें एक ग्लोबल लीडरबोर्ड भी दिया है, जहां यूजर्स अपनी रैंक देख सकते हैं.

क्या ये लेजर इंसानों के लिए है सुरक्षित?

सबसे बड़ा सवाल यही है कि अगर लेजर का निशाना चूक जाए तो क्या होगा. Photon Matrix का कहना है कि मशीन तभी लेजर फायर करती है, जब उसे सामने कोई ठोस सतह दिखाई देती है. अगर ऐसी सतह नहीं मिलती, तो लेजर अपने आप बंद हो जाता है. कंपनी का दावा है कि ये सिस्टम इंसानों, पालतू जानवरों और पक्षियों के लिए सुरक्षित है. साथ ही यह तितलियों और दूसरे बड़े कीड़ों पर लेजर फायर नहीं करता. हालांकि, अभी तक इसकी सुरक्षा को लेकर टेस्ट रिपोर्ट सामने नहीं आई है.

दो मॉडल में आएगी लेजर मशीन

Photon Matrix इस मशीन को दो वैरिएंट में बेच रही है. पहला ब्लू लेजर मॉडल है. इसकी कीमत 1,088 डॉलर यानी करीब 95,000 रुपये है और इसमें लेजर की चमक दिखाई देती है. दूसरा Infrared Model है, जिसकी कीमत 988 डॉलर यानी करीब 87,000 रुपये रखी गई है. इसमें 976nm का इनविजिबल लेजर इस्तेमाल किया गया है. इसे बेडरूम व होटल जैसे इनडोर इस्तेमाल के लिए बनाया गया है.

दोनों मॉडल के साथ घूमने वाला बेस, 12 महीने की वारंटी और 20,000mAh का पावर बैंक मिलता है, जो बिजली न होने पर करीब चार घंटे तक मशीन चला सकता है. कंपनी ने डिलीवरी का समय करीब 120 दिन बताया है.

ये भी पढ़ें- IMEI या SIM के साथ किया ये काम.. लग सकता है 50 लाख तक का जुर्माना, दूरसंचार विभाग की बड़ी चेतावनी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Mosquito, Mosquito At Night, Device, Photon Matrix, Photon Matrix Mosquito Killer
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com