Kal Ka Mausam, 22 September 2026: दिल्ली-NCR समेत देशभर में मौसम का मिजाज बदल गया है. मॉनसून विदाई ले रहा है. कई राज्यों में अब फिर से गर्मी और उमस लोगों को परेशान कर रही है. लेकिन बंगाल की खाड़ी में बने नए लो प्रेशर एरिया की वजह से कुछ राज्यों में भारी बारिश हो रही है. यह लो प्रेशर अगले 48 घंटों में और गहरा हो सकता है. इस बीच मौसम विभाग ने कल यानी 22 सितंबर 2026 के लिए बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है. आईएमडी के डेली बुलेटिन के अनुसार कल देशभर के 18 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में बारिश की संभावना है. इन राज्यों में हल्की से लेकर बहुत भारी बारिश तक का अनुमान है. इसमें बंगाल, ओडिशा, छत्तीसगढ़ से लेकर यूपी और बिहार तक शामिल हैं.
अपने शहर का मौसम और अपने इलाके का AQI जानने के लिए यहां क्लिक करें
दिल्ली-NCR में बारिश पर क्या अपडेट?
दिल्ली-एनसीआर में मौसम साफ होने और तेज धूप के कारण उमस बढ़ने लगी है. अगले एक सप्ताह तक दिल्ली-एनसीआर में बारिश की भी संभावना नहीं हैं. आईएमडी के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, 21 सितंबर से 26 सितंबर तक केवल आसमान में बादलों की आवाजाही देखने को मिलेगी, लेकिन बारिश की कोई संभावना नहीं है. कल भी आसमान साफ रहेगा बारिश की भी कोई चेतावनी नहीं है. अधिकतम तापमान 34°C से 36°C और न्यूनतम तापमान 23°C से 25°C के बीच रहने की संभावना है. सुबह के समय उत्तर-पश्चिम दिशा से और दोपहर में उत्तर-पूर्व दिशा से हवा चल सकती है.

यूपी के कई जिलों में हल्की बारिश
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर प्रदेश में भी मॉनसून का असर कम हो गया है. IMD ने कल पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क रहने का अनुमान जताया है. राज्य के लिए इस दिन बारिश की कोई चेतावनी नहीं है. बारिश की संभावना 23 सितंबर के बाद बन रही है.
बिहार में होगी बारिश
बिहार में भी बारिश का दौर थम रहा है. लेकिन अभी भी कुछ जगहों पर हल्की बारिश हो रही है. मौसम विभाग के अनुसार कल बिहार में छिटपुट वर्षा होने की संभावना है. हालांकि, इस दिन के लिए किसी भी तरह की तेज हवाओं, आंधी या भारी बारिश का अलर्ट नहीं है. बारिश की गतिविधि 23 सितंबर से बढ़ने की संभावना है.
बंगाल के कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
बंगाल की खाड़ी में बने लो प्रेशर एरिया की वजह से पश्चिम बंगाल के कई हिस्सों में भारी बारिश का पूर्वानुमान है. दक्षिण बंगाल के अधिकांश जिलों में बुधवार से शुक्रवार तक भारी बारिश होने के आसार हैं. कल दक्षिण 24 परगना, पूर्व मेदिनीपुर, पश्चिम मेदिनीपुर और झाड़ग्राम जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट रहेगा. तटीय जिलों दक्षिण 24 परगना और पूर्व मेदिनीपुर में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. दार्जिलिंग, कालिम्पोंग, अलीपुरद्वार, जलपाईगुड़ी और कूचबिहार जिलों में फिर से भारी बारिश का अनुमान है.
राजस्थान में थम गया बारिश का सिलसिला
राजस्थान में इस सप्ताह मौसम आमतौर पर सूखा रहने का अनुमान है और दक्षिण पश्चिम मॉनसून की विदाई हो सकती है. मौसम विभाग ने अनुसार पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर, बीकानेर संभाग के अधिकांश भागों में आगामी 5-7 दिन मौसम के शुष्क रहने की संभावना है. वहीं, पूर्वी राजस्थान के अधिकांश भागों में भी आगामी 5-6 दिन मौसम मुख्यतः सूखा रहेगा हालांकि 21 सितंबर को कोटा, उदयपुर संभाग में छुटपुट स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है.
Forecast and Warnings for next seven days: pic.twitter.com/IDTQmEAq6U
— India Meteorological Department (@Indiametdept) September 21, 2026
तमिलनाडु के 21 जिलों में भारी बारिश
तमिलनाडु के 21 जिलों में भारी बारिश की भविष्यवाणी है. नीलगिरि, कोयंबटूर, धर्मपुरी, कृष्णागिरि, डिंडीगुल, पुदुक्कोट्टई, तिरुवरूर, नागपट्टिनम, मयिलादुथुराई, पेरम्बलुर, अरियालुर, कल्लाकुरिची, विल्लुपुरम और तिरुवन्नामलाई जिलों में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है. शिवगंगा, तंजावुर, मदुरै, कुड्डालोर, तिरुपत्तूर, वेल्लोर और तिरुचिरापल्ली जिलों में भी ऐसी ही स्थिति होने की उम्मीद है. तेज बारिश के दौरान संवेदनशील और निचले इलाकों के निवासियों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
छत्तीसगढ़ और ओडिशा में बारिश
बंगाल के ऊपर बने लो प्रेशर एरिया की वजह से छत्तीसगढ़ और ओडिशा में भी भारी बारिश होगी. छत्तीसगढ़ में कल काफी ज्यादा और व्यापक बारिश का अनुमान है. कुछ अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश होने की भी संभावना है. वहीं ओडिशा में भी कल व्यापक बारिश होगी. 23 सितंबर के लिए अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है.
कल इन राज्यों में भी बारिश का अलर्ट
- भारी बारिश: ओडिशा, झारखंड, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़, गोवा, कर्नाटक और केरल
- मध्यम बारिश: महाराष्ट्र, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना
- हल्की बारिश: बिहार, सिक्किम, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, लक्षद्वीप, यूपी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं