Meta ने अपने AI प्लेटफॉर्म के लिए नया 'Incognito Chat' फीचर लॉन्च करने की घोषणा की है. यह फीचर WhatsApp और Meta AI दोनों पर उपलब्ध कराया जा रहा है. कंपनी का कहना है कि यह फीचर यूजर्स को पूरी तरह प्राइवेट AI चैटिंग अनुभव देगा, जहां बातचीत के रिकॉर्ड कंपनी के सर्वर पर सेव नहीं होंगे.
इस फीचर की जानकारी Meta के CEO Mark Zuckerberg ने अपने WhatsApp चैनल के जरिए दी. उन्होंने बताया कि यह फीचर एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन जैसी प्राइवेसी देने के लिए बनाया गया है, जिससे कोई भी आपकी AI बातचीत नहीं पढ़ सकेगा, यहां तक कि Meta और WhatsApp भी नहीं.

कैसे काम करेगा Incognito Chat?
Meta के अनुसार Incognito Chat एक खास Trusted Execution Environment यानी TEE तकनीक का इस्तेमाल करता है. यह तकनीक AI बातचीत को बाकी सिस्टम से अलग रखती है ताकि चैट को कोई एक्सेस न कर सके.
कंपनी का कहना है कि यूजर की AI चैट कंपनी के सर्वर पर स्टोर नहीं होगी. इसके अलावा जब यूजर चैट सेशन बंद करेगा, तो बातचीत फोन से भी गायब हो जाएगी. यानी आपकी AI चैट पूरी तरह निजी रहेगी.
Mark Zuckerberg ने कहा कि यह फीचर दूसरे disappearing AI chat सिस्टम से अलग है क्योंकि कई सर्विसेज में चैट डिलीट होने के बाद भी सर्वर पर महीनों तक सेव रहती है. लेकिन Meta का दावा है कि Incognito Chat में ऐसा नहीं होगा.
Meta का कहना है कि उसका नया सिस्टम दुनिया का पहला बड़ा AI प्रोडक्ट है जिसमें बातचीत के रिकॉर्ड सर्वर पर सेव नहीं किए जाते. कंपनी के अनुसार Meta Superintelligence Labs यानी MSL ने पहली बार ऐसा AI सिस्टम तैयार किया है जो पूरी तरह निजी बातचीत का अनुभव देता है.
यह कदम ऐसे समय आया है जब दुनिया भर में AI कंपनियों की डेटा प्राइवेसी और यूजर जानकारी को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं. कई लोग यह जानना चाहते हैं कि AI चैटबॉट्स के साथ की गई बातचीत कहां स्टोर होती है और उसका इस्तेमाल कैसे किया जाता है.
FASTag रिचार्ज करने का सबसे बेस्ट और आसान तरीका कौन सा है? जानिए यहां!
यूजर्स को क्या फायदा मिलेगा
Incognito Chat फीचर उन लोगों के लिए काफी उपयोगी हो सकता है जो AI से निजी या संवेदनशील विषयों पर बात करना चाहते हैं. जैसे हेल्थ, फाइनेंस, पर्सनल रिलेशनशिप या ऑफिस से जुड़े सवाल.
Meta ने बताया है कि Incognito Chat फीचर धीरे-धीरे रोलआउट किया जा रहा है. यानी सभी यूजर्स को यह फीचर एक साथ नहीं मिलेगा.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं