AI की दुनिया में धूम मची हुई है. लेकिन, इसके आने वाले परिणामों को लेकर भी लोग चिंतित हो रहे हैं. अब Anthropic के एक पूर्व कर्मचारी के दावों से सनसनी मच गई है. 27 वर्षीय AI रिसर्चर Jacob Coxon तीन साल के कार्यकाल के बाद Anthropic से अलग हो गए हैं. Jacob Coxon X (पूर्व में ट्विटर) पर सनसनीखेज पोस्ट किया है और AI को लेकर अलर्ट किया है.
उन्होंने लिखा, "मैंने आज Anthropic से इस्तीफा दे दिया है. मैंने पिछले तीन साल OpenAI और Anthropic दोनों में प्री-ट्रेनिंग रिसर्च करते हुए बिताए हैं. दोनों में से कोई भी कंपनी जिम्मेदारी से काम नहीं कर रही है. वे सीधे सेल्फ-इम्प्रूविंग सुपरइंटेलिजेंस बनाने की अंधी दौड़ में लगी हैं और हम सबकी जिंदगी के साथ जुआ खेल रही हैं."
'हम सभी को कर सकता है खत्म'
वे यहीं नहीं रुके. तेजी से वायरल हुए अपने थ्रेड में उन्होंने एक ऐसा दावा किया जिसने दुनिया का हैरान कर दिया है. उन्होंने आगे कहा है कि "AI बनाने वाले लोग दिल से ये मानते हैं कि ये दशक खत्म होने से पहले हम सभी को खत्म कर सकता है. ये कोई मार्केटिंग का हथकंडा नहीं है. मीडिया के सामने कई एग्जीक्यूटिव्स और सीनियर रिसर्चर्स संभलकर बयान देते हैं ताकि वे समझदार लगें. लेकिन मैंने निजी तौर पर उन्हीं लोगों को खौफ जताते सुना है. इंसानों की कोई भी अन्य एक्टिविटी इस स्तर का खतरा पैदा नहीं करती."

उन्होंने आगे आने वाले समय को लेकर साफ शब्दों में कहा कि "इस तकनीक की ताकत को कम मत आंकिए. ये जल्द ही ऐसे सुपरह्यूमन सिस्टम होंगे जो किसी भी चीज को हैक कर सकते हैं. ये रातों-रात किसी भी क्षेत्र को पूरी तरह बदल सकते हैं. साथ ही ये रियल पावर और रिसोर्स हासिल कर सकते हैं. हम सबने इनमें से हर क्षेत्र में प्रगति देखी है, और ये रफ्तार धीमी नहीं हो रही है."
'फिर इसे क्यों बना रहे हैं हम?'
Jacob Coxon का जवाब AI रेस के कड़वे सच को उजागर करता है. उनके मुताबिक, OpenAI में इस खतरे की गंभीरता को पूरी तरह समझा ही नहीं गया है. वहीं Anthropic में खतरे को अच्छी तरह समझा गया है, लेकिन रेस में पीछे छूट जाने का डर से कंपनी इसको पीछे छोड़ रही है. उन्होंने आगे कहा कि "इस रेस को स्वीकार करना और इसके 'एंडगेम' में दाखिल होना एक ऐसा घमंड भरा जुआ है जिसे किसी प्राइवेट कंपनी के स्लैक चैनल से नहीं खेला जाना चाहिए. सुरक्षा और अलाइनमेंट को तेजी से निपटाने की कोशिश के लिए इस बात का भरोसा होना चाहिए कि हमारे पास इससे बेहतर कोई दूसरा रास्ता नहीं है."
Jacob Coxon ने दी चुनौती
Jacob Coxon ने सिर्फ इस्तीफा देकर पल्ला नहीं झाड़ा, बल्कि उन्होंने सिलिकॉन वैली की AI लैब्स में काम कर रहे अन्य सभी लोगों के सामने एक चुनौती भी रखी.
उन्होंने हाल ही में Hugging Face के इंफ्रास्ट्रक्चर पर हुए साइबर हमले का भी जिक्र किया और कहा कि ये इस बात का सबूत है कि इंडस्ट्री किसी बड़ी आपदा से पहले एक साथ आ सकती है. हालांकि उन्हें यह सब बहुत तेजी से होने की उम्मीद नहीं दिखती.
Jacob Coxon के पोस्ट पर जवाब देते हुए Anthropic के अलाइनमेंट साइंस लीड इवान ह्यूबिंगर (Evan Hubinger) ने कहा, "जेकब की बात यहां बिल्कुल सही है. हम वास्तव में ईमानदारी से मानते हैं कि AI सभी इंसानों को खत्म कर सकता है! मैं पर्सनली से मानता हूं कि अगले दशक के भीतर ऐसा होने की संभावना 10 प्रतिशत से अधिक है. मुझे विश्वास है कि Anthropic अपनी पूरी कोशिश कर रहा है. हालांकि, हमारे पास सुपरइंटेलिजेंस के अलाइनमेंट को हल करने की अभी कोई ठोस प्लानिंग नहीं है और हम साफ तौर पर सही रास्ते पर भी नहीं हैं."
ये भी पढ़ें- AI खुद करेगा शॉपिंग और टिकट बुकिंग! Meta ने लॉन्च किया Muse, 24 घंटे करेगा आपके सारे काम
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं