छठ पूजा का त्योहार शुरू हो चुका है. आज दूसरा दिन खरना है. व्रती पूरे दिन बिना अन्न और जल के रहते हैं. रात के समय में केवल गुड़ और चावल से बनी खीर का सेवन करते हैं. इसके बाद से 36 घंटे का कठिन निर्जला व्रत प्रारंभ होता है. भोजपुरी के सितारे भी हमेशा की तरह इस साल पूरे जोश के साथ छठ का त्योहार मना रहे हैं. भोजपुरी अभिनेत्री और गायिका अक्षरा सिंह भी छठ महापर्व के लिए बिहार पहुंच चुकी हैं. शुक्रवार को उन्होंने गंगा में स्नान किया और इसके बाद नहाय-खाय का प्रसाद खुद तैयार करने में जुट गईं. छठ की तैयारियों से जुड़ी उनकी तस्वीरें भी सामने आई हैं.
अक्षरा सिंह के लिए छठ बिहार की लोक आस्था और सांस्कृतिक पहचान से जुड़ा पर्व है. भले ही वह काम के लिए मुंबई में रहती है, लेकिन हर साल इस महापर्व को मनाने के लिए बिहार पहुंचती हैं. अक्षरा ने अपने इंस्टा पर छठ की तैयारी को लेकर एक वीडियो शेयर किया है, जिसके कैप्शन में उन्होंने लिखा है, हमारे घर में भी नहाय-खाय की तैयारी शुरू हो गई है.
जय छठी मइया. वीडियो में उन्हें सब्जी काटते और बनाते देखा जा सकता है.
छठ के पारंपरिक गीतों और लोक संस्कृति को मिलेगा मंच
अक्षरा सिंह का कहना है कि छठ बिहार की आस्था और संस्कृति का प्रमुख प्रतीक है. इस महापर्व की पहचान केवल बिहार तक सीमित नहीं है. वह चाहती हैं कि छठ की परंपराओं, लोकगीतों और सांस्कृतिक विरासत को देशभर में और व्यापक पहचान मिले. अक्षरा सिंह की हाल के दिनों में विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं से मुलाकात की. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, नितिन नवीन, संजय झा और अनंत सिंह से उनकी मुलाकात के बाद उनके राजनीति में आने की अटकलें भी लगाई जा रही हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं