भारतीय स्मार्टफोन ब्रांड Ai+ ने देश में अपना नया स्मार्टफोन Nova 2 Power 5G लॉन्च कर दिया है. कंपनी ने अपने 'Nova 2' स्मार्टफोन लाइनअप का विस्तार करते हुए इस नए डिवाइस को खासतौर से उन ग्राहकों के लिए पेश किया है जो लंबी बैटरी लाइफ वाला स्मार्टफोन खरीदना चाहते हैं.
ये स्मार्टफोन 7,000mAh की बड़ी बैटरी, 120Hz के स्मूथ रिफ्रेश रेट वाली डिस्प्ले और सुपरफास्ट 5G कनेक्टिविटी से लैस है. इसकी शुरुआती कीमत 17,000 रुपये से भी कम रखी गई है.ये फोन उन खरीदारों के लिए एक बढ़िया ऑप्शन है जो प्रीमियम सेगमेंट के भारी-भरकम खर्च के बिना बेहतरीन बैटरी बैकअप और प्रैक्टिकल फीचर्स चाहते हैं.
Ai+ Nova 2 Power 5G की कीमत और उपलब्धता
Ai+ Nova 2 Power 5G के 6GB रैम + 128GB स्टोरेज वेरिएंट की कीमत 16,699 रुपये रखी गई है. जबकि 8GB रैम + 128GB स्टोरेज वेरिएंट की कीमत 17,999 रुपये तय की गई है. ये नया स्मार्टफोन ग्राहकों के लिए ई-कॉमर्स वेबसाइट Flipkart पर 24 सितंबर को दोपहर 12 बजे से बिक्री के लिए उपलब्ध होगा. लॉन्च ऑफर्स के तहत, शुरुआती खरीदार इसके बेस वेरिएंट को 15,999 रुपये की प्रभावी कीमत पर खरीद सकते हैं.
कलर्स की बात करें तो, Nova 2 Power 5G को 5 कलर ऑप्शन्स में पेश किया गया है. इसे ग्राहक Blue Fusion, Blue Gold Fusion, डीप पर्पल, मिडनाइट ब्लैक और ओशन ग्रीन कलर ऑप्शन में सेलेक्ट कर सकते हैं.

Ai+ Nova 2 Power 5G के स्पेसिफिकेशन्स और फीचर्स
इसमें 6.75-इंच की HD+ IPS LCD डिस्प्ले दी गई है, जो 120Hz रिफ्रेश रेट और धूप में भी साफ देखने के लिए 450 निट्स की पीक ब्राइटनेस के साथ आती है. ये स्मार्टफोन 6nm आर्किटेक्चर पर बने MediaTek Dimensity 7100 प्रोसेसर पर काम करता है. Ai+ Nova 2 Power 5G में 7,000mAh की दमदार बैटरी है. ये 33W की फास्ट चार्जिंग को सपोर्ट करती है. ये उन यूजर्स के लिए बेस्ट है जो बिना पावर बैंक के लंबे समय तक का बैटरी बैकअप चाहते हैं.
इसमें 8GB तक की रैम और 128GB की इन-बिल्ट स्टोरेज मिलती है. यूजर कस्टमाइज्ड माइक्रोएसडी कार्ड की मदद से इसकी मैमोरी को 1TB तक बढ़ा सकते हैं. फोटोग्राफी के लिए इसके बैक पैनल पर 48MP का कैमरा सेंसर दिया गया है. इसके साथ 8MP का अल्ट्रा-वाइड सेंसर मिलता है. सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए फ्रंट में 13MP का कैमरा दिया गया है. अच्छी बात है कि इसका रियर और फ्रंट दोनों कैमरे 2K वीडियो रिकॉर्डिंग को सपोर्ट करते हैं.
Ai+ Nova 2 Power 5G एंड्रॉयड 16 पर आधारित कंपनी के स्वदेशी NxtQuantum OS पर चलता है. ये भारत का पहला सोवरेन मोबाइल ओएस है. जो बिना किसी ब्लोटवेयर और विज्ञापनों के साथ आता है. धूल और पानी के छींटों से सुरक्षा के लिए इसे IP65 रेटिंग मिली है. इस फोन का वजन 222 ग्राम है. कनेक्टिविटी के लिए इसमें 5G नेटवर्क सपोर्ट, डुअल-बैंड वाई-फाई, ब्लूटूथ 5.4, USB Type-C पोर्ट, 3.5mm हेडफोन जैक, एफएम रेडियो और सुरक्षा के लिए साइड में फिंगरप्रिंट सेंसर दिया गया है.
ये भी पढ़ें- बच्चों के लिए 'मौत' बन रहे हैं ChatGPT-Gemini! खुद लिख दे रहे सुसाइड नोट, देखें हैरान कर देने वाली घटनाएं
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं