- जम्मू-कश्मीर विधानसभा सत्र के पहले ही दिन सदन में जमकर हंगामा हुआ है.
- बीजेपी और नेशनल कॉन्फ्रेंस के विधायकों में नारेबाजी और धक्कामुक्की हुई है.
- पूर्ण राज्य के दर्जे की मांग को लेकर भी विधायकों ने सदन में जमकर नारेबाजी की है.
जम्मू-कश्मीर विधानसभा के सत्र की शुरुआत हंगामेदार हुई है. पूर्ण राज्य की मांग को लेकर जमकर हंगामा हुआ. विधायकों ने वेल में आकर प्रदर्शन किया. इस दौरान जमकर नारेबाजी हुई. जबकि पक्ष विपक्ष के विधायकों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई है. इस दौरान BJP विधायकों ने कामकाज, रोजगार और बिजली जैसी सुविधाओं के मामले में सरकार को घेरा. भाजपा विधायकों ने आरोप लगाया कि सरकार का कामकाज पर फोकस नहीं है. इस दौरान सीएम उमर अब्दुल्ला भी सदन में मौजूद रहे.
सरकार जवाब देने के लिए तैयार: सुरिंदर चौधरी
विपक्ष का आरोपों पर डिप्टी CM सुरिंदर चौधरी ने कहा 'हमारे मंत्री किसी भी मुद्दे पर जवाब देने के लिए तैयार हैं, लेकिन ये लोग सुनने को तैयार नहीं हैं. मैं जम्मू-कश्मीर के लोगों से अपील करता हूं कि वे बीजेपी विधायकों का असली चेहरा देखें, जो नहीं चाहते कि जन-कल्याण के काम हों. सरकार हर मुद्दे पर गंभीर है और सभी जवाब देने के लिए तैयार है. लेकिन बीजेपी के विधायक सुनना नहीं चाहते.'
🔴#BREAKING: जम्मू-कश्मीर विधानसभा में हंगामा, सरकार के खिलाफ विपक्ष का हंगामा#ManogyaLoiwalNDTV | @manogyaloiwal | #JammuKashmir pic.twitter.com/0oUuipfUEV
— NDTV India (@ndtvindia) September 21, 2026
सरकार वादे पूरे नहीं कर रही: सुनील शर्मा
बीजेपी विधायक और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सुनील शर्मा ने सरकार पर वादों को पूरा नहीं करने का आरोप लगाा. उन्होंने कहा 'देखिए बात स्टॉर्मिंग की नहीं है, बात है कि लोगों की उम्मीदें, लोगों की अपेक्षाएं, जम्मू कश्मीर के लोग आज सब नजर रखे हुए हैं कि जम्मू कश्मीर की सरकार इस सत्र में क्या कहेगी लोगों के लिए, क्या वादे पूरे कर आई है, क्या भविष्य में इनका प्लान है और विपक्ष का फर्ज है कि हम आवाज उठाएं उस तबके की जिस तबके को अनदेखा किया गया है और मुझे पूरी उम्मीद है ये सत्र लोगों की भलाई के लिए एक सकारात्मक सत्र होगा.'
सात दिनों तक चलेगा जम्मू-कश्मीर विधानसभा का सत्र
जम्मू-कश्मीर विधानसभा का सत्र सात दिनों तक चलेगा. बताया जा रहा है कि इस बार इसके लिए पार्टी अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला ने कमान संभाली है. भले ही वह विधायक नहीं है, लेकिन पार्टी अध्यक्ष के नाते उन्होंने ही बैठक की रणनीति बनाई है. सत्र भले ही छोटा है, लेकिन विपक्षी पार्टी बीजेपी ने इस बार सरकार को घेरने के लिए कई मुद्दे उठाए हैं, वहीं बीजेपी और पीडीपी के साथ-साथ सरकार की सहयोगी कांग्रेस ने भी सत्र की अवधि बढा़ने की मांग की है. विधानसभा सत्र शुरू होने के बाद विधानसभा कांप्लेक्स की सुरक्षा भी कड़ी कर दी गई है.
ये भी पढ़ेंः 'भारत के लिए असली खतरा हिंदू दक्षिणपंथी...', हामिद अंसारी के बयान पर बवाल, बीजेपी ने किया पलटवार
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं