Elon Musk की अंतरिक्ष कंपनी SpaceX ने साइंस और टेक्नोलॉजी की दुनिया में एक ऐसा ऐतिहासिक कदम उठाया है जो कल तक केवल साइंस-फिक्शन फिल्मों में ही देखने को मिलता था. अमेरिकी संघीय संचार आयोग (FCC) ने SpaceX को अंतरिक्ष में ऑर्बिटिंग डेटा सेंटर्स बनाने के अपने प्रोजेक्ट के तहत 10 लाख सैटेलाइट्स लॉन्च करने की आधिकारिक मंजूरी दे दी है. आपको बता दें कि पिछले एक साल में अंतरिक्ष में क्लाउड कंप्यूटिंग और डेटा सेंटर्स स्थापित करने की होड़ बहुत तेजी से बढ़ी है. इस रेस में केवल SpaceX ही नहीं, बल्कि दुनिया की अन्य दिग्गज टेक कंपनियां भी अपनी पूरी ताकत झोंक रही हैं.
इस स्पेस रेस की बात करें तो SpaceX के इस खास प्रोजेक्ट को Starmind कॉन्स्टेलेशन नाम दिया गया है. इसके मुकाबले में Google भी चुपके से 'Suncatcher' कोडनेम के तहत अपने स्पेस डेटा सेंटर प्रोजेक्ट पर काम कर रहा है, जबकि जेफ बेजोस की कंपनी Blue Origin ने भी एफसीसी के पास अपने 'प्रोजेक्ट सनराइज' के लिए आवेदन जमा कर दिया है. इनके अलावा कई नए स्टार्टअप्स भी इस रेस में शामिल हैं, जिनमें स्टारक्लाउड नाम का स्टार्टअप सबसे आगे है. जिसने साल 2025 के अंत में एक सैटेलाइट के ऊपर कंप्यूटर के सबसे एडवांस प्रोसेसर यानी ग्राफिक्स प्रोसेसिंग यूनिट (GPU) को अंतरिक्ष में सफलतापूर्वक चलाकर इतिहास रच दिया था. गूगल ने भी इसी साल अक्टूबर में ये सफलता हासिल की है.
Elon Musk का पूरा प्लान
एफसीसी की वेबसाइट पर पब्लिश किए गए आधिकारिक दस्तावेजों के अनुसार, SpaceX को सैटेलाइट्स लॉन्च करने की ये बड़ी मंजूरी पूरे साल 2040 तक के लिए दी गई है. इस प्रोजेक्ट में SpaceX के पास सबसे बड़ा फायदा ये है कि उनके पास खुद के पावरफुल फॉल्कन रॉकेट्स मौजूद हैं. ये पहले ही सैकड़ों सफल स्पेस मिशन्स को पूरा कर चुके हैं, जिससे उनके लिए लॉन्चिंग का खर्च बाकी कंपनियों के मुकाबले बेहद कम होने वाला है.
SpaceX के मालिक Elon Musk ने बताया है कि वो साल 2027 की आखिरी तिमाही (Q4 2027) तक इस ऑर्बिटिंग डेटा सेंटर के पहले सैटेलाइट को अंतरिक्ष की कक्षा में स्थापित कर देंगे, और साल 2028 से इसकी लॉन्चिंग की रफ्तार को कई गुना तेज कर दिया जाएगा. इस ऐतिहासिक काम के लिए SpaceX ने दुनिया की सबसे बड़ी चिप निर्माता कंपनी Nvidia के साथ एक बहुत बड़ी डील की है. इस पार्टनरशिप के तहत एनवीडिया SpaceX को अपने सबसे लेटेस्ट जेनरेशन के Vera Rubin प्रोसेसर्स की सप्लाई करेगी, जिन्हें खास तौर पर अंतरिक्ष के बेहद कठिन और ठंडे माहौल में काम करने के लिए ही डिजाइन किया गया है.
DATA CENTERS IN SPACE🇺🇸 Today, in a historic first, the FCC approved SpaceX's request for 1 million satellites (orbital compute modules) to create data centers in space The Starmind & competitor constellations will use solar power to extend America's lead in Super Intelligence https://t.co/VJinjK5e5E
— Brendan Carr (@BrendanCarrFCC) November 25, 2026
कैसे काम करेंगे अंतरिक्ष में तैरते हुए ये डेटा सेंटर्स?
अंतरिक्ष में बन रहे इन डेटा सेंटर्स का बुनियादी ढांचा काफी हद तक एक समान ही होने वाला है, जिसमें पृथ्वी की निचली कक्षा में कई सारे सैटेलाइट्स को एक-दूसरे के बेहद करीब स्थापित किया जाएगा ताकि उनके बीच बिना किसी रुकावट के तेज स्पीड कनेक्शन बना रहे. SpaceX के Starmind सैटेलाइट्स अंतरिक्ष में पहले से मौजूद कंपनी के Starlink इंटरनेट सैटेलाइट्स के साथ सीधे तालमेल बिठाएंगे, जो अंतरिक्ष के डेटा को प्रोसेस कर सीधे पृथ्वी पर मौजूद यूजर्स तक सुरक्षित भेजेंगे. वहीं, इस रेस में शामिल अन्य कंपटीटर्स सीधे पृथ्वी से डेटा प्राप्त करने और उसे वापस भेजने के लिए एडवांस लेजर बीम टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल करने की प्लानिंग कर रहे हैं.
हालांकि, इस स्पेस प्रोजेक्ट के सामने अभी भी कई बड़ी तकनीकी चुनौतियां खड़ी हैं जिनका पूरी तरह से सॉल्व होना अभी बाकी है. वैज्ञानिकों के सामने सबसे बड़ा सिरदर्द ये है कि क्या एनवीडिया के ये प्रोसेसर्स अंतरिक्ष में होने वाले खतरनाक रेडिएशन के भारी दबाव को झेल पाएंगे. इसके अलावा अंतरिक्ष के बेहद उतार-चढ़ाव वाले तापमान, अंतरिक्ष के मलबे और छोटे-छोटे उल्कापिंडों से इन कीमती डेटा सेंटर्स और सैटेलाइट्स को बचाए रखना भी एक बहुत ही मुश्किल काम होने वाला है.
जमीन के मुकाबले अंतरिक्ष में डेटा सेंटर बनाने के फायदे
तमाम चुनौतियों के बावजूद, पृथ्वी के मुकाबले अंतरिक्ष में डेटा सेंटर स्थापित करने के कई फायदे हैं जो इन कंपनियों को इस ओर खींच रहे हैं. सबसे बड़ा फायदा बिजली और एनर्जी का है. अंतरिक्ष में सैटेलाइट्स को एक खास 'सन-सिंक्रोनस ऑर्बिट' में स्थापित किया जाता है, जहां सूरज की रोशनी कभी खत्म नहीं होती. इसका मतलब ये हुआ कि इन डेटा सेंटर्स को चौबीसों घंटे बिना किसी रुकावट के सीधे सूरज से क्लीन और अनलिमिटेड सोलर एनर्जी मिलती रहेगी, जो जमीन पर लगे सोलर पैनल्स के मुकाबले पूरे आठ गुना ज्यादा एफिशिएंट होगी. इसके अलावा डेटा सेंटर्स को ठंडा रखने के लिए जमीन पर पानी और भारी-भरकम एसी की जरूरत पड़ती है, जबकि अंतरिक्ष के प्राकृतिक रूप से बेहद ठंडे वातावरण में कूलिंग का खर्च भी पूरी तरह से बच जाएगा, जो इसे भविष्य की सबसे बड़ी और किफायती टेक्नोलॉजी बना देता है.
यह भी पढ़ें | अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह के हाथ में दिखा ये खास फोन, सोशल मीडिया पर फोटो वायरल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं