राणा प्रसाद शर्मा की लिखी पौराणिक कोश और लोक मान्यता के अनुसार, द्वापर युग में इंसान की औसतन आयु 2000 वर्ष की थी. आज के समय में इंसान अगर 100 साल जिंदा रह लेता है तो इसको बड़ी उपलब्धि मानी जाती है. लेकिन, ऐसा लग रहा है 1000 साल से ज्यादा जिंदा रहने का दौरा वापस लौट सकता है. आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जुड़े खतरों पर काम करने के लिए दुनिया भर में मशहूर स्वीडिश फिलोसोफर Nick Bostrom ने ऐसा ही दावा किया है.
Nick Bostrom का मानना है कि एक सुपरइंटेलीजेंट AI मेडिसिन के क्षेत्र में इतनी बड़ी क्रांति ला सकता है कि वो इंसान के बुढ़ापे को हमेशा के लिए खत्म कर देगा. उनके इसी मैथ्स और कैलकुलेशन के आधार पर बिजनेस इनसाइडर की एक रिपोर्ट छपी है. जिसके अनुसार, अगर इंसानों की मृत्यु दर को घटाकर आज के समय के 20 साल के युवाओं के स्तर पर ले आया जाए तो इंसान की औसत उम्र बढ़कर लगभग 1400 साल तक पहुंच सकती है.
उन्होंने कहा कि इस थ्योरी और इसके पीछे के चौंकाने वाले वैज्ञानिक दावों के बारे में वो सब कुछ बताने जा रहे हैं जो आपका नजरिया पूरी तरह बदल देगा. हालांकि, यहां ये समझना बेहद जरूरी है कि 1400 साल जीने का ये आंकड़ा कोई भविष्यवाण नहीं है, बल्कि एक बहुत ही कंप्लेक्स मैथमैटिकल मॉडल का नतीजा है. इस थ्योरी को बोस्ट्रोम ने अपने एक वर्किंग पेपर 'द ऑप्टिमल टाइम फॉर सुपरइंटेलिजेंस' में विस्तार से समझाया है. इसको फरवरी 2026 में पब्लिश किया गया था.
इस मॉडल के सबसे सरल पहलू को समझाते हुए वो कहते हैं कि बिना AI की मदद के आज एक सामान्य इंसान की उम्र औसतन केवल 40 साल होती है. लेकिन अगर हम एक बेहद एडवांस और सफल सुपरइंटेलीजेंट AI बनाने में कामयाब हो जाते हैं, तो वो 'एंटी-एजिंग मेडिसिन' या बुढ़ापा रोकने वाली दवाओं की मदद से इंसानी मृत्यु दर को एक स्वस्थ 20 साल के युवा के स्तर पर लाकर रोक देगा. इसका मतलब ये हुआ कि लोग हादसों या हिंसा के कारण तो मर सकेंगे, लेकिन बढ़ती उम्र के साथ शरीर के बूढ़े होने और बीमारियों से मरने का सिलसिला पूरी तरह थम जाएगा.

"AI की मदद से उम्र बढ़ाना है एक बड़ा रिस्क"- Nick
इस गणित से बोस्ट्रोम ने एक बहुत ही हैरान करने वाला रिजल्ट निकाला है. उनका मानना है कि सुपरइंटेलीजेंट AI का डेवलपमेंट इंसानों की जिंदगी को कई गुना बढ़ा देगा. हालांकि, ये तब है जब इस तकनीक के कारण इंसानी सभ्यता के पूरी तरह खत्म होने का खतरा 97% से कम रहे. एक मीडिया इंटरव्यू में उन्होंने सुपरइंटेलीजेंट AI बनाने की तुलना एक बहुत ही खतरनाक और हाई-स्टेक मेडिकल सर्जरी से की है. जिसमें बुढ़ापा एक जानलेवा बीमारी है और AI उसका एक बेहद जोखिम भरा ट्रीटमेंट है. उन्होंने ध्यान दिलाया कि दुनिया भर में हर दिन बीमारियों और बुढ़ापे के कारण लगभग 1,70,000 लोगों की मौत होती है, और AI इस रिसर्च की रफ्तार को कई गुना तेज कर इंसानों की जान बचा सकता है.
बोस्ट्रोम इस बात पर भी जोर देते हैं कि उनकी इस थ्योरी का अक्सर गलत मतलब निकाला जाता है. वो साफ करते हैं कि ये रिसर्च केवल इस बात पर फोकस करती है कि आज जीवित इंसानों की उम्र को किस तरीके से सबसे ज्यादा बढ़ाया जा सकता है. वो खुद भी मानते हैं कि उनका ये मॉडल काफी सिंपल है और इसका मकसद सरकारों को कोई खास नीतियां बनाना सिखाना नहीं है.
हालांकि, इस थ्योरी को लेकर कई वैज्ञानिक और एक्सपर्ट्स सवाल भी उठा रहे हैं. आलोचकों का कहना है कि एक AI भी समय से पहले किसी भी दवा का क्लिनिकल ट्रायल पूरा नहीं कर सकता. AI चाहे कितना भी एडवांस क्यों न हो जाए, उसे किसी दवा के इंसानी शरीर पर होने वाले लंबे समय के असर और परिणामों को देखने के लिए उस पूरे तय समय का इंतजार करना ही होगा, जिसे किसी भी हाल में कम नहीं किया जा सकता.
"अमेरिका और चीन की रेस के बीच AI को रोकना नामुमकिन"

Nick Bostrom के अनुसार, आज के समय में AI के डेवलपमेंट को बीच में ही रोक देना बेहद मुश्किल होने वाला है. इसका कारण इस तकनीक में लगा अरबों डॉलर का भारी निवेश, कमर्शियल दबाव और अमेरिका व चीन के बीच सुपर-AI बनाने की मची होड़ है. इसके अलावा, अगर हम सुपरइंटेलीजेंट AI बनाने से पूरी तरह पीछे हट भी जाते हैं, तो भी इसका मतलब ये नहीं होगा कि दुनिया पर मंडरा रहा महाविनाश का खतरा पूरी तरह खत्म हो जाएगा.
यह भी पढ़ें | काबू से बाहर हो रहा है AI, OpenAI और Anthropic के नए मॉडल्स से डरे इंजीनियर्स, रोकी लॉन्चिंग
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं