विज्ञापन

लाखों लोग, सैकड़ों VIP... अनंत सिंह की बेटी की शाही शादी के 10 वीडियो में देखें नदवां की पूरी रंगत

बिहार के पूर्व विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी इस समय पूरे राज्य में चर्चा का विषय बनी हुई है. लाखों लोगों की भीड़, वीआईपी मेहमानों का जमावड़ा, घुड़दौड़ प्रतियोगिता और कई किलोमीटर लंबे जाम ने इस आयोजन को खास बना दिया है.

लाखों लोग, सैकड़ों VIP... अनंत सिंह की बेटी की शाही शादी के 10 वीडियो में देखें नदवां की पूरी रंगत
अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी इस समय पूरे देश में चर्चा का विषय बनी हुई है.
  • मोकामा में बाहुबली विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी में लाखों लोग और कई वीआईपी मेहमान शामिल हुए
  • इस शादी में अनुमानित आठ से दस लाख लोग जुटे, जो गांव के इतिहास में अब तक सबसे बड़ा जनसमूह था
  • शादी के दौरान आयोजित घुड़दौड़ प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से आए 52 घोड़े शामिल हुए,

बिहार के मोकामा में बाहुबली विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शाही शादी इन दिनों पूरे बिहार ही नहीं, देशभर में चर्चा का विषय बनी हुई है. शादी में उमड़ी लाखों लोगों की भीड़, नेताओं और वीआईपी मेहमानों की मौजूदगी, भव्य इंतजाम और सड़कों पर लगे लंबे जाम ने इस आयोजन को खास बना दिया. हालात ऐसे रहे कि अनंत सिंह के पैतृक गांव लदमा में लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा. वहीं अभी तक शादी में जयमाला की रस्म भी पूरी हो चुकी है और इस आयोजन की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं.

लदमा गांव बना विशाल जनसमूह का केंद्र

शिवांगी सिंह की शादी के लिए अनंत सिंह के पैतृक गांव लदमा को दुल्हन की तरह सजाया गया है. आयोजन स्थल पर सुबह से ही लोगों की भारी भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी. स्थानीय लोगों का दावा है कि गांव के इतिहास में पहली बार इतना बड़ा जनसमूह देखने को मिला है. अनुमान लगाया जा रहा है कि पूरे आयोजन के दौरान यहां 8 से 10 लाख लोग पहुंच सकते हैं.

इसी बीच शादी के पंडाल में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अचानक एक सांप निकल आया. सांप को देखकर कुछ देर के लिए लोगों में हड़कंप मच गया, लेकिन एक युवक ने साहस दिखाते हुए उसे अपने हाथ में उठा लिया. युवक ने कुछ देर तक सांप को नियंत्रित रखा और फिर उसे पंडाल से दूर फेंक दिया. इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

घुड़दौड़ प्रतियोगिता बनी सबसे बड़ा आकर्षण

शादी से पहले आयोजित घुड़दौड़ प्रतियोगिता ने लोगों का खास ध्यान खींचा. देश के अलग-अलग राज्यों से 52 घोड़े इस प्रतियोगिता में हिस्सा लेने पहुंचे थे. विजेता को थार गाड़ी देने की घोषणा की गई थी. हालांकि सेमीफाइनल राउंड के बाद भारी भीड़ मैदान में घुस गई, जिसके चलते रेस को बीच में ही रोकना पड़ा.

आयोजकों ने करीब चार लाख मेहमानों के आने का अनुमान लगाकर तैयारियां की थीं, लेकिन वास्तविक संख्या इससे कहीं अधिक बताई जा रही है. बिहार के विभिन्न जिलों के अलावा दूसरे राज्यों से भी बड़ी संख्या में लोग शादी में शामिल होने पहुंचे. लगातार बढ़ती भीड़ के कारण पूरे इलाके में मेले जैसा माहौल दिखाई दिया.

विधानसभा अध्यक्ष का काफिला भी जाम में फंसा

भीड़ और अव्यवस्थित यातायात का असर वीआईपी मूवमेंट पर भी पड़ा. बिहार विधानसभा के अध्यक्ष प्रेम कुमार भी नदवां पहुंचने के दौरान ट्रैफिक जाम में फंस गए. उनका काफिला कई घंटों तक जाम में रुका रहा. इससे इलाके में यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई.

हेलीकॉप्टर और सड़क मार्ग से पहुंचे मेहमान

शादी समारोह में कई राजनीतिक हस्तियां, उद्योगपति और अन्य विशिष्ट मेहमान शामिल होने पहुंचे. कुछ मेहमान हेलीकॉप्टर से पहुंचे तो कई लोग सड़क मार्ग का इस्तेमाल कर गांव पहुंचे. पूरे दिन गांव के आसपास वीआईपी आवाजाही बनी रही.

इस बीच दूल्हे ऋषिकेश कुमार की तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गईं. कमांडेंट रणविजय कुमार सिंह के बेटे ऋषिकेश ने शादी के लिए हल्के गुलाबी रंग की शेरवानी, सफेद चूड़ीदार और गुलाबी पगड़ी पहनी. उन्होंने मोतियों की लड़ियों वाला हार धारण किया था. सोने का कंगन, हाथों की मेहंदी और माथे का तिलक उनके पारंपरिक लुक को और आकर्षक बना रहा था.

बारात से पहले निभाई गईं पारंपरिक रस्में

बारात बिहटा से नदवां गांव के लिए रवाना हुई. रवाना होने से पहले दूल्हे की मां आशा देवी ने परछावन की रस्म निभाई. परिवार की महिलाओं ने पारंपरिक विवाह गीत गाए और सभी रीति-रिवाज पूरे किए. आशा देवी और दूल्हे की चाची भी बारात के साथ रवाना हुईं.

150 से ज्यादा व्यंजन बने आकर्षण

शादी में आने वाले लाखों मेहमानों के लिए भव्य भोज की व्यवस्था की गई. मेन्यू में 150 से अधिक प्रकार के व्यंजन शामिल किए गए हैं. इनमें पारंपरिक बिहारी पकवानों के साथ देश के विभिन्न राज्यों के लोकप्रिय व्यंजन भी परोसे गए.

25 लाख मिठाइयां और 50 लाख रसगुल्लों की तैयारी

शादी में मिठाइयों की व्यवस्था भी चर्चा का विषय बनी हुई है. जानकारी के मुताबिक मेहमानों के लिए लगभग 25 लाख मिठाइयां और 50 लाख रसगुल्ले तैयार किए गए हैं. भोजन और मेहमाननवाजी के भव्य इंतजामों की हर तरफ चर्चा हो रही है.

बारात नदवां गांव पहुंच चुकी है और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ ऋषिकेश कुमार और शिवांगी सिंह विवाह बंधन में बंधेंगे. शादी में कई बड़े राजनीतिक नेताओं और नामचीन हस्तियों के शामिल होने की उम्मीद है.

इस शादी में राजनीतिक जगत की कई दिग्गज हस्तियां पहुंचीं. केंद्रीय मंत्री ललन सिंह, रामकृपाल यादव और पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह समेत कई नेताओं ने पहुंचकर नवदंपति को आशीर्वाद दिया. साधु यादव भी समारोह में शामिल हुए. नेताओं के आने से आयोजन की राजनीतिक चर्चा भी तेज हो गई. अयोध्या हनुमानगढ़ी से जुड़े संत और महंत भी शिवांगी सिंह को आशीर्वाद देने लदमा गांव पहुंचे. धार्मिक हस्तियों की मौजूदगी ने समारोह को और भव्य बना दिया.

ब्रजभूषण शरण सिंह ने की अनंत सिंह की तारीफ

शादी में पहुंचे बृजभूषण शरण सिंह ने अनंत सिंह के प्रभाव और लोकप्रियता की खुलकर सराहना की. उन्होंने कहा कि उन्होंने अपने जीवन में ऐसा नजारा पहले कभी नहीं देखा. उनके अनुसार यह भीड़ बताती है कि अनंत सिंह आज भी जनता के बड़े नेता हैं.

अमेरिका तक पहुंची शादी की चर्चा

दूल्हे ऋषिकेश के दोस्तों में कई लोग विदेशों से भी पहुंचे हैं. अमेरिका से आए मेहमानों ने कहा कि उन्होंने इससे पहले कभी इतनी बड़ी ग्रामीण शादी नहीं देखी. सोशल मीडिया पर इस शादी के वीडियो और रील्स तेजी से वायरल हो रहे हैं और इसकी चर्चा विदेशों तक पहुंच गई है.

पूरे बिहार में चर्चा का विषय बनी शादी

लाखों लोगों की मौजूदगी, बड़े नेताओं की भागीदारी, घुड़दौड़ प्रतियोगिता, लंबा ट्रैफिक जाम और शाही इंतजामों के कारण अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी अब सिर्फ एक पारिवारिक समारोह नहीं रह गई है. यह आयोजन बिहार की सबसे चर्चित शादियों में से एक बन चुका है, जिसकी चर्चा गांव से लेकर सोशल मीडिया और देशभर के राजनीतिक गलियारों तक हो रही है.

Latest and Breaking News on NDTV
ये नेता अनंत सिंह की बेटी की शादी में पहुंचे.
यह सभी नेता अनंत सिंह की बेटी की शादी में पहुंचे.

यह सभी नेता अनंत सिंह की बेटी की शादी में पहुंचे.

Latest and Breaking News on NDTV

यह भी पढ़ें | जेल के दोस्त, कुछ भी कर सकते हैं अनंत सिंह के लिए, 500 राउंड गोली और रायफल लेकर आए हैं

यह भी पढ़ें | टावर पर चढ़े लोग, स्टेशन-हाईवे हर जगह हुजूम... अनंत सिंह की बेटी की शादी के वायरल VIDEO

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Anant Singh, Shivangi Singh Wedding, Bihar Politics
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com