Google अपने जेमिनी असिस्टेंट को ऐसा बना रहा है, जो आपके फोन पर खुद ही काम पूरे कर सके. ये असिस्टेंट आपका खाना ऑर्डर करने से शॉपिंग करने तक, सबकुछ करेगा. Google के इस प्रोजेक्ट का नाम है Bonobo. इस नए फीचर को 'स्क्रीन ऑटोमेशन' कहा जा रहा है. इसका मकसद है कि जेमिनी कुछ सपोर्टेड ऐप्स के अंदर जाकर यूजर की तरफ से काम पूरा करे.

आसान भाषा में कहें तो जल्द ही आपका Android फोन इतना जीनियस हो जाएगा कि आपको उसे छूने की भी जरूरत नहीं पड़ेगी. ये असिस्टेंट सिर्फ सवालों के जवाब नहीं देगा, बल्कि ऐप्स के अंदर जाकर बटन दबाएगा, ऑप्शन चुनेगा, फॉर्म भरेगा और ऑर्डर कन्फर्म करेगा.
रिपोर्ट के मुताबिक, गूगल ऐप के 17.4 बीटा वर्जन में इस फीचर के सबूत मिले हैं. APK teardown नाम की प्रक्रिया से ऐप के कोड को चेक किया गया, जिसमें आने वाले फीचर्स की जानकारी सामने आती है. हालांकि इसका मतलब यह नहीं कि फीचर तुरंत रिलीज होगा, लेकिन यह जरूर दिखाता है कि गूगल अंदर ही अंदर इसकी टेस्टिंग कर रहा है.
गूगल का कहना है कि जेमिनी से गलती हो सकती है, इसलिए जो भी एक्शन होगा उसकी जिम्मेदारी यूजर की होगी. अगर आपको लगे कि कुछ गलत हो रहा है, तो आप तुरंत प्रोसेस रोककर खुद कंट्रोल ले सकते हैं. इसके अलावा, जब जेमिनी ऐप्स के साथ इंटरैक्ट करेगा, तो उन इंटरैक्शन के स्क्रीनशॉट्स रिव्यू किए जा सकते हैं, अगर आपने एक्टिविटी ट्रैकिंग ऑन की है.
भविष्य में अगर स्क्रीन ऑटोमेशन फीचर लॉन्च होता है, तो एंड्रॉयड यूजर्स का एक्सपीरियंस पूरी तरह बदल जाएगा. फोन सिर्फ कमांड सुनने वाला असिस्टेंट नहीं रहेगा, बल्कि खुद एक्शन लेने वाला स्मार्ट हेल्पर बन जाएगा. इससे समय बचेगा और रोजमर्रा के काम आसान हो जाएंगे. फिलहाल यह फीचर डेवलपमेंट स्टेज में है और गूगल ने इसकी ऑफिशियल रिलीज डेट की पुष्टि नहीं की है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं