भारतीय टेलीकॉम बाजार में पिछला 1 हफ्ता काफी खास रहा है. देश की प्राइवेट टेलीकॉम कंपनियों Bharti Airtel, Reliance Jio और Vodafone Idea (Vi) ने TRAI के नए टैरिफ नियमों का पालन करते हुए देश में केवल कॉलिंग और SMS वाले कई सस्ते प्रीपेड रिचार्ज प्लान्स लॉन्च कर दिए हैं. हालांकि भारतीय टेलीकॉम कंपनियां देश को एक 'डेटा-फर्स्ट' मार्केट मानती हैं जहां कॉलिंग सर्विस फ्री या कॉम्प्लिमेंट्री दी जाती हैं, लेकिन देश की रेगुलेटरी बॉडी TRAI ने कम इनकम वाले ग्राहकों को अधिक ऑप्शन देने के लिए कंपनियों को कम वैलिडिटी वाले सिर्फ कॉलिंग और SMS वाले प्लान्स पेश करने का आदेश दिया था.
इस ट्राई आदेश के बाद सबसे पहले Bharti Airtel ने अपने प्लान्स लाइव किए, जिसके बाद Vodafone Idea (Vi) और Reliance Jio ने भी अपने प्लान्स पेश कर दिए. ट्राई के एक अलग निर्देश के तहत कंपनियों को अपनी वेबसाइट और ऐप्स पर एक डेडिकेटेड सेक्शन बनाना था. जिसके तहत Jio ने भी अपनी वेबसाइट पर TRAI-Mandated Packs सेक्शन को लाइव कर दिया है. आइए अब नजर डालते हैं कि तीनों टेलीकॉम कंपनियों के पास इस समय ग्राहकों के लिए कौन-कौन से कॉलिंग और SMS ऑप्शन्स मौजूद हैं.
Airtel के कॉलिंग और SMS प्लान्स
Airtel ने इस कैटेगिरी में तीन नए प्रीपेड प्लान्स पेश किए हैं जो उन ग्राहकों के लिए हैं जिन्हें इंटरनेट डेटा की जरूरत नहीं है.
| प्लान्स | वैलिडिटी | डेली का खर्च |
|---|---|---|
| 185 रुपये | 28 दिन | 6.61 रुपये |
| 203 रुपये | 30 दिन | 6.77 रुपये |
| 206 रुपये | कैलेंडर महीना | 6.87 रुपये |
Reliance Jio के कॉलिंग और SMS प्लान्स
| प्लान्स | वैलिडिटी | डेली का खर्च |
|---|---|---|
| 147 रुपये | 22 दिन | 6.68 रुपये |
| 177 रुपये | 28 दिन | 6.32 रुपये |
| 196 रुपये | 30 दिन | 6.53 रुपये |
| 197 रुपये | कैलेंडर महीना | 6.35 रुपये |
Vodafone Idea (Vi) के कॉलिंग और SMS प्लान्स
Vodafone Idea (Vi) ने भी ट्राई के नियमों के तहत तीन नए प्लान्स पेश किए हैं, साथ ही उनका एक पुराना प्लान भी इस कैटेगिरी में उपलब्ध है.
| प्लान्स | वैलिडिटी | डेली का खर्च |
|---|---|---|
| 185 रुपये | 28 दिन | 6.61 रुपये |
| 203 रुपये | 30 दिन | 6.77 रुपये |
| 206 रुपये | कैलेंडर महीना | 6.65 रुपये |
| 179 रुपये | 25 दिन | 7.16 रुपये |
यह भी पढ़ें | ChatGPT की छुट्टी! आ गया भारत का अपना AI, बिना इंटरनेट मोबाइल पर चलेगा Dhir और EKA-1 मॉडल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं