Student of the Year After Dark Review In Hindi: जियोहॉटस्टार पर करण जौहर की मशहूर फिल्म फ्रेंचाइजी 'स्टूडेंट ऑफ द ईयर' इस बार एक नए और रोमांचक अंदाज में दर्शकों के सामने आई है. शनाया कपूर की 6 एपिसोड की थ्रिलर सीरीज 'स्टूडेंट ऑफ द ईयर: आफ्टर डार्क' कॉलेज की चमक-दमक, दोस्ती और प्यार की दुनिया से आगे बढ़कर रहस्य, सस्पेंस, और गहरे राज की कहानी दिखाती है. छह एपिसोड की इस सीरीज के ट्रेलर को फैंस ने पिछले दिनों काफी पसंद किया था. वहीं अब रीमा माया के निर्देशन में बनीं इस सीरीज का रिव्यू कैसा है और कहानी क्या है आइए आपको बताते हैं.
स्टूडेंट ऑफ द ईयर: आफ्टर डार्क की कहानी
स्टूडेंट ऑफ द ईयर: आफ्टर डार्क की कहानी सेंट टेरेसा कॉलेज से शुरू होती है, जहां की सबसे लोकप्रिय छात्रा आयशा मलिक (शनाया कपूर) की अचानक रहस्यमय परिस्थितियों में मौत हो जाती है. आयशा की जुड़वां बहन अदिति मलिक (शनाया कपूर) अपनी बहन की मौत का सच जानने निकल पड़ती है. शुरुआत में यह सफर सिर्फ एक कातिल की तलाश जैसा लगता है, लेकिन धीरे-धीरे कहानी एक खतरनाक खेल का रूप ले लेती है.
अदिति जब अपनी बहन की जिंदगी से जुड़े लोगों और घटनाओं की पड़ताल करती है, तो उसे कॉलेज के छात्रों के बीच चल रही एक सीक्रेट कॉम्पिटिशन के बारे में पता चलता है. इस कॉम्पिटिशन में एक खास प्राइज जीतने की चाहत है, लेकिन इसकी कीमत बेहद डरावनी है. हर एपिसोड के साथ नए राज खुलते हैं और कहानी में ऐसे मोड़ आते हैं, जो दर्शकों के शक को बार-बार बदल देते हैं.
स्टूडेंट ऑफ द ईयर: आफ्टर डार्क का निर्देशन
रीमा माया ने वेब सीरीज की दुनिया में बतौर निर्देशक अपनी शुरुआत की है. उन्होंने 'स्टूडेंट ऑफ द ईयर' जैसी लोकप्रिय फ्रेंचाइजी को एकदम अलग अंदाज में पेश करने की कोशिश की है. कॉलेज की पुरानी दुनिया को उन्होंने रहस्य और रोमांच के रंग में ढाला है. कहानी में सस्पेंस धीरे-धीरे बढ़ता है और हर एपिसोड के साथ दर्शकों की उत्सुकता भी बढ़ती जाती है. निर्देशन की यह खासियत है कि कहानी में एक गहरी रहस्यमयी दुनिया दिखाई देती है.
स्टूडेंट ऑफ द ईयर: आफ्टर डार्क का प्रोडक्शन और संगीत
स्टूडेंट ऑफ द ईयर: आफ्टर डार्क सीरीज में कॉलेज के सेट, लोकेशन, कैमरे का काम और हर सीन की बारीकियों पर खास ध्यान दिया गया है. सेंट टेरेसा कॉलेज की दुनिया पर्दे पर काफी प्रभावशाली लगती है. इसकी डार्क थीम को ध्यान में रखते हुए विजुअल्स तैयार किए गए हैं, जो कहानी के माहौल को और बेहतर बनाते हैं. बैकग्राउंड सस्पेंस से भरे सीन्स में संगीत तनाव और रोमांच को बढ़ाता है.
स्टूडेंट ऑफ द ईयर: आफ्टर डार्क में एक्टिंग
शनाया कपूर सीरीज में डबल रोल में नजर आ रही हैं. उन्होंने आयशा और अदिति, दोनों किरदारों को निभाया है. अदिति के किरदार में उनका आत्मविश्वास, भावनाएं और अपनी बहन की मौत का सच जानने की बेचैनी साफ नजर आते हैं. वह एक तरफ कमजोर और भावुक बहन दिखाई देती हैं, तो दूसरी तरफ सच तक पहुंचने के लिए किसी भी हद तक जाने का हौसला भी रखती हैं. दोनों में तालमेल बिठाने की वह कोशिश करती हुईं नजर आ रही हैं. इसके अलावा दिविक शर्मा, अभिनव सिंह, मान्या ग्रोवर, दीया दामिनी और आदि मलिक ने भी अपने-अपने किरदारों के साथ कहानी को आगे बढ़ाया है.
स्टूडेंट ऑफ द ईयर: आफ्टर डार्क का वर्डिक्ट
सीरीज ज्यादातर समय दर्शकों को बांधे रखने की कोशिश करती है, लेकिन कुछ सीन्स को छोटा किया जा सकता था. कुछ जगह कहानी थोड़ी खिंची हुई महसूस होती है. 'स्टूडेंट ऑफ द ईयर: आफ्टर डार्क' पुरानी फ्रेंचाइजी को एक नए और डार्क अंदाज में पेश करने की कोशिश करती है, जिसमें कॉलेज ड्रामा के साथ रहस्य, सस्पेंस, दोस्ती, झूठ और कई चौंकाने वाले मोड़ दर्शकों को बांधे रखते हैं. लेकिन कई मौकों पर कहानी कमजोर दिखती है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं