विज्ञापन

Youth Olympics: अंबेकर मीतेई ने रचा इतिहास, युवा ओलंपिक में भारत को दिलाया मुक्केबाजी का पहला स्वर्ण पदक

अंबेकर मीतेई पुरुषों के 50 किलोग्राम भार वर्ग के फाइनल मुकाबले में आयरलैंड के क्रिस्टियन जुबानी को 3-2 से शिकस्त देकर इस प्रतियोगिता में शीर्ष स्थान हासिल करने वाले देश के पहले मुक्केबाज बन गये.

Youth Olympics: अंबेकर मीतेई ने रचा इतिहास, युवा ओलंपिक में भारत को दिलाया मुक्केबाजी का पहला स्वर्ण पदक
अंबेकर मीतेई ने युवा ओलंपिक में जीता स्वर्ण

भारतीय मुक्केबाज लैरेनलाकपाम अंबेकर मीतेई ने गुरुवार को 2026 समर यूथ ओलंपिक में इतिहास रच दिया. वे इस प्रतियोगिता में बॉक्सिंग में स्वर्ण पदक जीतने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं. मणिपुर में जन्मे इस मुक्केबाज ने पुरुषों के 50 किलोग्राम भार वर्ग के फाइनल मुकाबले में आयरलैंड के क्रिस्टियन जुबानी को 3-2 से हराकर यह उपलब्धि हासिल की. ​​इसके साथ ही उन्होंने इन खेलों में भारत को पहला स्वर्ण पदक दिलाया.

फाइनल मुकाबले की शुरुआत मीतेई के लिए काफी चुनौतीपूर्ण रही, लेकिन उन्होंने शानदार वापसी करते हुए जीत हासिल की. ​​पहले राउंड में सभी पांच जजों ने जुबानी के पक्ष में फैसला दिया, जिससे भारतीय मुक्केबाज पर दबाव बढ़ गया. 

हालांकि, मीतेई ने दूसरे राउंड में बेहतरीन वापसी की. तीन जजों ने यह राउंड उनके पक्ष में दिया, जिससे वे फिर से मुकाबले में लौट आए. इसके बाद भारतीय मुक्केबाज ने फाइनल राउंड में अपने प्रदर्शन को और बेहतर किया. पांच में से चार जजों ने उनके पक्ष में फैसला सुनाया, जिससे उन्होंने 3-2 से जीत दर्ज की और ऐतिहासिक स्वर्ण पदक अपने नाम किया.

इस जीत के साथ ही डकार यूथ ओलंपिक में भारत का स्वर्ण पदक जीतने का इंतजार भी खत्म हो गया. इससे पहले भारतीय खिलाड़ियों ने कुश्ती और तैराकी सहित विभिन्न खेलों में तीन रजत और पांच कांस्य पदक जीते थे.

फाइनल तक पहुंचने का मीतेई का सफर भी काफी शानदार रहा. उन्होंने अपने अभियान की शुरुआत नामीबिया के अब्राहम कालेन्गा के खिलाफ एक दमदार जीत के साथ की. पहले राउंड में 1:57 मिनट पर 'रेफरी स्टॉप्स कॉन्टेस्ट' के फैसले से उन्हें विजेता घोषित किया गया.

इसके बाद क्वार्टर फाइनल में भी उन्होंने अपना दबदबा बनाए रखा और सेनेगल के फे शेख इब्राहिमा फॉल को 5-0 के बड़े अंतर से हराया. सेमीफाइनल में भी भारतीय मुक्केबाज ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखा. उन्होंने कोलंबिया के इज़ोन जेफ़री गैलिया अरेवालो को 5-0 के एकतरफा फैसले से हराकर स्वर्ण पदक मुकाबले में अपनी जगह पक्की की.

मीतेई की यह उपलब्धि भारत के यूथ ओलंपिक बॉक्सिंग इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ती है. इससे पहले, 2010 में सिंगापुर में हुए पहले यूथ ओलंपिक में शिव थापा ने पुरुषों की 54 किग्रा कैटेगरी में सिल्वर मेडल जीता था, जबकि उसी इवेंट में विकास कृष्णन ने पुरुषों की 60 किग्रा कैटेगरी में ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया था. अब मीतेई ने एक कदम और आगे बढ़ते हुए, यूथ ओलंपिक में पोडियम के सबसे ऊंचे स्थान पर पहुंचने वाले पहले भारतीय मुक्केबाज (बॉक्सर) होने का कारनामा कर दिखाया है.

यह भी पढ़ें: 40 साल में सबसे खराब शुरुआत, मैनचेस्टर यूनाइटेड ने कोच कैरिक को दिखाया बाहर का रास्ता

यह भी पढ़ें: ISSF World Championship: रोमांचक शूटआउट के बाद गोल्ड से चूके विवान कपूर, भारत को दिलाया ओलंपिक कोटा

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Sports News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com